दिवाली के अवसर पर सिनेमाघरों की भी चांदी रही है। दो बहुप्रतीक्षित फिल्में 'सिंघम अगेन' और 'भूल भुलैया 3' सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी हैं। 1 नवंबर को ये दोनों फिल्में रिलीज हुईं। हालांकि, जिस टक्कर की महीनों से बात हो रही थी वो कुछ ज्यादा दिलचस्प नहीं रही। रोहित शेट्टी की मल्टी स्टारर फिल्म 'सिंघम अगेन' बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई। वहीं, 'भूल भुलैया 3' कार्तिक आर्यन के अब तक के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग साबित हुई है। इसके अलावा थिएटर में कुछ अन्य फिल्में भी प्रदर्शित हो रही हैं। आइए लेटेस्ट बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट पर गौर फरमा लेते हैं-
Box Office Report: 'सिंघम अगेन' पर भारी पड़ी 'भूल भुलैया 3', बेपटरी हुईं 'जिगरा'-'विक्की विद्या'
सिनेमाघरों में दो बहुप्रतीक्षित फिल्मों 'सिंघम अगेन' और 'भूल भुलैया 3' की दस्तक हो चुकी है। हालांकि, जितनी उम्मीद थी ये रण उतनी दिलचस्प नहीं रही है।
'सिंघम अगेन'
रोहित शेट्टी के कॉप यूनिवर्स की फिल्म और 'सिंघम' फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त 'सिंघम अगेन' ने बीते दिन यानी 1 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक दी। मूवी में अजय देवगन ने बाजीराव सिंघम के किरदार को दोहराया है। इसमें करीना कपूर खान, अर्जुन कपूर, रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण और टाइगर श्रॉफ जैसे सितारे भी प्रमुख भूमिका में हैं। 'सिंघम अगेन' में सलमान खान ने बतौर चुलबुल पांडे कैमियो किया है। बावजूद इन सबके फिल्म दर्शकों को लुभाने में पूरी तरह सफल नहीं रही है। 350 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने टिकट विंडो पर 43.50 करोड़ रुपये की ओपनिंग ली।
'भूल भुलैया 3'
अनीस बज्मी के निर्देशन में बनी हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'भूल भुलैया 3' भी बड़े पर्दे पर दस्तक दे चुकी है। इस फिल्म में कार्तिक आर्यन मुख्य भूमिका में हैं। साथ ही विद्या बालन ने 17 साल बाद फ्रेंचाइजी में वापसी की है। माधुरी दीक्षित, तृप्ति डिमरी, संजय मिश्रा, विजय राज और राजपाल यादव जैसे सितारों से सजी इस फिल्म का बजट तकरीबन 150 करोड़ रुपये है। फिल्म ने अपने रिलीज डे पर 35.50 करोड़ रुपये की ओपनिंग ली, जो फिल्म के बजट के हिसाब से शानदार रहा है। इस तरह माधुरी दीक्षित और विद्या बालन की जुगलबंदी ने कार्तिक आर्यन को दिवाली गिफ्ट जरूर दे दिया है।
'विक्की विद्या का वो वाला वीडियो'
राजकुमार राव और तृप्ति डिमरी की कॉमेडी फिल्म 'विक्की विद्या का वो वाला वीडियो' बॉक्स ऑफिस पर घुटने टेकती नजर आई है। फिल्म को आलोचकों और प्रशंसकों की मिली जुली प्रतिक्रिया मिली। राज शांडिल्य के निर्देशन में बनी इस फिल्म का बजट 30 करोड़ रुपये है। फिल्म जैसे-तैसे अपना बजट निकालने में तो सफल रही है, लेकिन इसकी कमाई के आकंड़े बेहद निराशाजनक रहे हैं। 'विक्की विद्या का वो वाला वीडियो' ने रिलीज के 21वें दिन 40 लाख रुपये का कारोबार किया, जिससे इसका तीसरे हफ्ते का टोटल 4.75 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, फिल्म की अब तक की कुल कमाई 41.9 करोड़ रुपये ही हो पाई है।
'जिगरा'
आलिया भट्ट और वेदांग रैना अभिनीत फिल्म 'जिगरा' बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई है। इस फिल्म पर दिव्या खोसला कुमार ने कहानी की चोरी का आरोप भी लगाया, जिसकी वजह से ये विवादों में घिर गई। दर्शक न मिलने के कारण इसके काफी शोज भी कैंसिल किए गए। मूवी ने रिलीज के 21वें दिन महज 20 लाख रुपये की कमाई की, जिससे इसका तीसरे हफ्ते का कुल कलेक्शन 2.65 करोड़ रुपये ही हो पाया और इसकी अब तक की कुल कमाई 31.95 करोड़ रुपये ही हो पाई है। फिल्म की असफलता की जिम्मेदारी निर्देशक वासन बाला पहले ही ले चुके हैं।
Bhool Bhulaiyaa 3 Day 1: माधुरी और विद्या ने बना दी कार्तिक की दिवाली, करियर की बेस्ट ओपनिंग लेकर किया धमाका