अपनी तरह की अनोखी लव स्टोरी लेकर आ रहे निर्देशक अभिषेक कपूर की फिल्म ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ का ट्रेलर सोमवार को मुंबई में लॉन्च किया गया। ट्रेलर देखकर वे सारी खबरें सच होती दिखीं जिनमें कहा गया था कि इस फिल्म में अभिनेत्री वाणी कपूर एक किन्नर (उभयलिंगी) का रोल करने जा रही हैं। ट्रेलर में एक जगह दिखाया जाता है कि नायक और नायिका के प्रेमालाप के बाद नायिका अपनी शारीरिक बनावट की हकीकत का खुलासा करती है और उसके बाद सब कुछ उल्टा पुल्टा हो जाता है। हिंदी के मेनस्ट्रीम सिनेमा में ये पहली बार है कि किसी अभिनेत्री इतना बोल्ड किरदार करने की हिम्मत की है। अभी तक आमतौर पर आयुष्मान खुराना ही अपने किरदारों को लेकर प्रयोग करते रहे हैं लेकिन ये पहली बार है जब उनकी फिल्म की हीरोइन को फिल्म का सबसे रोचक किरदार मिला है।
Chandigarh Kare Aashiqui Trailer: आयुष्मान की फिल्म में फोकस वाणी पर, ट्रेलर में दिखा ये अलबेला इश्क
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अगले महीने की 10 तारीख को रिलीज होने जा रही फिल्म ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ हिंदी सिनेमा का टर्निंग प्वाइंट साबित हो सकने की क्षमता रखने वाली फिल्म नजर आती है। नौ साल पहले आयुष्मान खुराना ने फिल्म ‘विकी डोनर’ में एक वीर्य दान करने वाले युवक की भूमिका निभाकर हिंदी सिनेमा में सामाजिक रूप से वर्जित विषयों पर फिल्में बनाने की जो परंपरा शुरू की थी, फिल्म ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ उसी का नया अध्याय साबित होती दिखती है। फिल्म की शूटिंग कोरोना संक्रमण काल में ही पिछले साल चंडीगढ़ में की गई थी।
फिल्म के निर्देशक अभिषेक कपूर अपनी इस फिल्म के बारे में कहते हैं, ‘अपनी फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज होने की तरफ बढ़ते देखने से ज्यादा खुशी और कुछ नहीं हो सकती है। सोमवार को जारी हुए फिल्म ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ के ट्रेलर को देखकर लोग ये फिल्म देखने को भी उत्साहित होंगे, ऐसा हमारा मानना है। लोगों को इसमें आयुष्मान और वाणी को बिल्कुल अनोखे रंग रूप में देखना भी अच्छा लगेगा। ये फिल्म मेरे दिल के काफी करीब है और मेरी उस सोच को आगे बढ़ाती है जिसके तहत मैं लोगों को सोचने पर मजबूर कर देने वाली अंतर्राष्ट्रीय पसंद वाली फिल्में बनाता रहा हूं।’
वाणी कपूर इस फिल्म में जुंबा टीचर के रोल में दिख रही हैं। वह कहती हैं, ‘‘मैं समग्र सेहतमंद होने में यकीन रखती हूं। ऐसा करने से हमारे विचारों में संतुलन स्थापित होता है। आध्यात्मिक, मानसिक, भावनात्मक व शारीरिक संतुलन ही हमें प्रसन्नचित व आनंदित रखता है। मैं निरंतर सेहतमंद व खुशनुमा जीवन जीना सीखने का प्रयास कर रही हूं। जो कुछ भी मैं सीख रही हूं उसे मैं लोगों के साथ साझा करना चाहती हूं।’
अभिनेता आयुष्मान खुराना के लिए फिल्म ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ खास मायने रखती है। उनकी पिछली फिल्म ‘गुलाबो सिताबो’ सीधे ओटीटी पर रिलीज हो चुकी है। इस फिल्म को प्राइम वीडियो पर बीते साल सबसे ज्यादा देखी गई फिल्म का तमगा मिल चुका है हालांकि फिल्म को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रिया मिश्रित ही रही। ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ उनकी इस साल रिलीज होने वाली पहली फिल्म है। इसके बाद उनकी दो फिल्में अगले साल रिलीज होने वाली है। फिल्म ‘अनेक’ एक पॉलीटिकल ड्रामा फिल्म बताई जा रही है जबकि उनकी दूसरी फिल्म ‘डॉक्टर जी’ यौन विषयों पर आधारित फिल्म है।