हिंदी फिल्म जगत को अगर किसी एक खासियत के लिए सबसे ज्यादा पहचाना जाता है तो वह है इसकी चूहा दौड़। यहां एक निर्माता को देख दूसरा भी रंग बदलने लगता है। कोरोना की दूसरी लहर के बाद सिनेमाघर अभी महाराष्ट्र में खुले भी नहीं है। इसमें अब भी करीब महीना भर बाकी है, लेकिन रविवार के दिन यशराज फिल्म्स ने जैसे ही अपनी चार अरसे से बनी पड़ी फिल्मों की रिलीज डेट घोषित की, दूसरे निर्माताओं में भी इस साल से लेकर अगले साल तक के शुक्रवार बुक करने की होड़ मच गई। रविवार की शाम होते होते दर्जन भर फिल्मों की नई रिलीज डेट सामने आ गई। खास बात ये है कि कोरोना की पहली लहर के बाद भी यशराज फिल्म्स ने ही इन चार फिल्मों की रिलीज की तारीखें घोषित की थीं और ब भी ऐसी ही भगदड़ नई फिल्मों को लेकर मची थी। उन तारीखों का क्या हुआ, ये सिनेमा के सारे शौकीन जानते हैं। आइए देखते हैं कि रविवार देर शाम तक हुए एलानों के बाद अब कौन सी हिंदी फिल्म किस दिन रिलीज होने वाली है।
Release Dates: साल के बाकी बचे महीनों का ये है पूरा फिल्म रिलीज कैलेंडर, अगले साल की बुकिंग भी शुरू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शनिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य के सिनेमाघरों को अक्टूबर के चौथे शुक्रवार के बाद खोलने का एलान क्या किया, हिंदी फिल्म जगत के दिग्गज निर्माता निर्देशकों में अपनी अपनी फिल्मों को लेकर आने वाले शुक्रवार अभी से रिजर्व करने की होड़ मच गई है। शनिवार को ही अक्षय कुमार, कैटरीना कैफ स्टारर फिल्म ‘सूर्यवंशी’ की रिलीज 5 नवंबर को तय कर दी गई। इसी दिन हॉलीवुड की बड़ी फिल्म ‘इटर्नल्स’ भी रिलीज हो रही है। रविवार की सुबह हिंदी फिल्म जगत में रिलीज हंगामा डे बनकर आई।
रविवार के दिन ही निर्माता आदित्य चोपड़ा ने यशराज फिल्म्स की अपनी चार प्रमुख बड़ी फिल्मों की रिलीज की तारीखों की घोषणा की। इसके मुताबिक फिल्म ‘बंटी और बबली 2’ 19 नवंबर को रिलीज होने जा रही है। यशराज फिल्म्स की पूरी हो चुकीं बाकी तीन फिल्मों में अक्षय कुमार व मानुषी छिल्लर स्टारर फिल्म ‘पृथ्वीराज’ अगले साल 21 जनवरी को, रणवीर सिंह और शालिनी पांडे स्टारर व दिव्यांग ठक्कर निर्देशित फिल्म ‘जयेशभाई जोरदार’ अगले साल 25 फरवरी को और रणबीर कपूर स्टारर ‘शमशेरा’ अगले साल 18 मार्च को रिलीज होगी। इस फिल्म में रणबीर कपूर के साथ अभिनेत्री वाणी कपूर नजर आएंगी।
यशराज फिल्म्स की इस घोषणा के तुरंत बाद आमिर खान ने अपनी फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ को अगले साल वैलेंटाइस डे वीक यानी 11 फरवरी को रिलीज करने का एलान कर दिया। इस फिल्म के चलते खाली हुए क्रिसमस के शुक्रवार यानी 24 दिसंबर को अब रणवीर सिंह की फिल्म ‘83’ रिलीज होने जा रही है। फिल्म ‘सूर्यवंशी’ में अक्षय और रणवीर के साथ तिकड़ी बनाने जा रहे अजय देवगन ने भी अपनी होम प्रोडक्शन फिल्म ‘मे डे’ के लिए अगले साल 29 अप्रैल की तारीख बुक करने का एलान रविवार की शाम कर दिया। इस फिल्म में वह लीड हीरो भी हैं। फिल्म में अमिताभ बच्चन भी एक विशेष भूमिका में नजर आएंगे।
इतवार को ही अभिनेता आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ को लेकर भी शुभ सूचना आ गई। कोरोना संक्रमण काल में शूट हुई इस फिल्म की हीरोइन वाणी कपूर हैं और फिल्म का निर्देशन किया है अभिषेक कपूर ने। इस फिल्म ने इस साल के आखिरी महीने का दूसरा शुक्रवार यानी 10 दिसंबर पकड़ लिया है। इस फिल्म से हफ्ता भर पहले यानी 3 दिसंबर को सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी की फिल्म ‘तड़प’ रिलीज होगी।