पंजाबी संगीत जगत में अपने नाम की धाक जमाने वाले गायक जस्सी गिल को पिछले शुक्रवार को रिलीज हुई फिल्म पंगा में काफी तारीफ मिल रही है। अश्विनी अय्यर तिवारी निर्देशित इस फिल्म में वह एक रेलवे इंजीनियर हैं और कंगना के पति का किरदार निभा रहे हैं।
हिंदी सिनेमा में पंगा लेने वाले जस्सी गिल बोले, ये काम करने से नहीं आता जीवन में कोई संकट
'पंगा' आपकी दूसरी हिंदी फिल्म है। आपके लिए यह किन मायनों में खास है?
यह फिल्म मेरे लिए तीन कारणों से बहुत ही खास है। पहला, यह हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में मेरी दूसरी फिल्म है। उम्मीद करता हूं कि इस फिल्म के जरिए मैं इस इंडस्ट्री में अपने आपको स्थापित कर सकूं। दूसरा कारण है कि यह फिल्म एक बड़े बैनर, प्रोडक्शन हाउस और टीम के साथ बनाई गई है। वहीं तीसरा कारण फिल्म का विषय है। यह सबसे अधिक महत्वपूर्ण है। आज के समय में लोगों को ऐसी ही फिल्में चाहिए जो उन्हें प्रेरित कर सके और उन्हें असल लगे।
फिल्म में आपने काफी अनुभवी कलाकारों के साथ काम किया है, कैसा अनुभव रहा?
अभिनय में मेरा कोई बैकग्राउंड नहीं है इसलिए मैं हमेशा कोशिश करता हूं कि सीखता रहूं। पूरी शूटिंग के दौरान भी मैंने यह समझने की कोशिश की कि ये सभी कलाकार कैसे काम करते हैं। कैसे बात करते हैं, क्या सोचते हैं, किस परिस्थिति में कैसे बर्ताव और अभिनय करते हैं। हमने करीब 40-50 दिन का शूट किया जिसमें मुझे कमाल की यादें मिली।
कहा जाता है कि कंगना के साथ काम करना अपने आप में एक पंगा है, क्या आप इस बात से सहमत हैं?
मुझे भी यह बात शूट शुरू होने से पहले बहुत लोगों ने कही थी कि कंगना के साथ काम करने जा रहे हो तो थोड़ा बचकर रहना। लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं था। बाकी मैं ऐसी किसी भी परिस्थिति में पड़ने वाला इंसान नहीं हूं। इंडस्ट्री में करीब दस साल से काम कर रहा हूं लेकिन किसी भी तरह के विवाद में नहीं फंसा हूं। मुझे लगता है कि जब तक आप अपने काम से मतलब रखोगे तब तक सब कुछ अच्छा रहेगा। कोई संकट नहीं आएगा।
गायक के तौर पर करियर शुरू करने से लेकर पंगा तक के सफर के बारे में क्या कहेंगे?
मैंने अपना सफर गांव से शुरू किया था। वहां शुरू में मुझे हर कोई मेरे मां-बाप के नाम से जानता था। जब भी मैं अपने सफर को देखता हूं तो मैं उसे 'गांव से बॉलीवुड' के तौर पर देखता हूं। मैंने कभी जिंदगी में नहीं सोचा था कि इस इंडस्ट्री में मैं काम करूंगा। यह मुझे एक संतुष्टि प्रदान करता है कि हां मैंने अपने करियर में कुछ किया है। एक एक कदम बढ़ाते हुए मैं यहां पहुंचा हूं। चाहे जब मेरा पहला गाना आया था तब लगा था कि कम से कम मेरे गांव और उसके आस पास के लोग तो मुझे जानेंगे कि जस्सी इस गांव का लड़का है। धीरे-धीरे मैं आगे बढ़ता गया और लोग भी मुझसे जुड़ते गए।
