हिंदी फिल्म, टीवी व डिजिटल मनोरंजन इंडस्ट्री में काम करने वालों की सबसे बड़ी संस्था होने का दावा करने वाली फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लाइज (एफडब्लूआईसीई) के नेता महाराष्ट्र सरकार के कोरोना को लेकर संभावित कड़े फैसलों को लेकर बैकफुट पर हैं। फेडरेशन ने हाल ही में अभिनेत्री आलिया भट्ट के कोरोना पॉजीटिव पाए जाने पर अपने सदस्यों को फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ की शूटिंग बंद करने के निर्देश दिए थे। अब महाराष्ट्र सरकार के सारी शूटिंग बंद करने के फैसले पर विचार करते ही फेडरेशन कामगारों की रोजी रोटी की दुहाई दे रही है।
बॉलीवुड में लॉकडाउन की आहट: कामगार संगठन ने मुख्यमंत्री को लिखी चिट्ठी, कहा, ऐसा हुआ तो होगा ये...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लाइज ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को एक पत्र लिखा है। इस पत्र की कॉपी फिल्म निर्देशक अशोक पंडित ने ट्विटर पर साझा की है। अशोक पंडित फिल्म इंडस्ट्री में बीजेपी के धुर समर्थक निर्देशक माने जाते हैं। इस पत्र में मुख्यमंत्री से महाराष्ट्र में फिर से लॉकडाउन न लगाने की गुजारिश की गई है।
अशोक पंडित के ट्वीट के मुताबिक महाराष्ट्र सरकार के ऐसा करने से मनोरंजन इंडस्ट्री फिर से भयाक्रांत हो सकती है। उनका दावा है कि फेडरेशन फिल्मों आदि की शूटिंग पर सरकार की तरफ से तय की गई मानक अनुपालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन करवा रही है। और, आगे भी इसका अनुपालन करवाने का उनका वादा है। ये अलग बात है कि फिल्म व टीवी सीरियलों की शूटिंग स्थलों पर कोरोना के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। हाल ही में एक रियलिटी शो की शूटिंग के दौरान तमाम लोग कोरोना पॉजीटिव पाए गए हैं।
हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में कोरोना की दूसरी लहर के चलते इन दिनों हड़कंप मचा हुआ है। तमाम बड़ी फिल्मों जैसे ‘बंटी और बबली 2’ और ‘सूर्यवंशी’ की रिलीज डेट आगे खिसकाई जा रही हैं। अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘चेहरे’ की रिलीज भी कैंसिल हो चुकी है। नाइट कर्फ्यू लागू हो जाने से फिल्मों व टीवी से जुड़े तमाम कार्यक्रम भी स्थगित हो चुके हैं। जिन बड़े सितारों को कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमित पाया गया, उनमें रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के अलावा आर माधवन, आमिर खान, फातिमा सना शेख, बप्पी लाहिड़ी, परेश रावल, सिद्धांत चतुर्वेदी, मनोज बाजपेयी, कार्तिक आर्यन, संजय लीला भंसाली और सतीश कौशिक आदि शामिल हैं।
फिल्म इंडस्ट्री में असली भय का वातावरण हालांकि फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लाइज के उस फैसले से ही मचा था जब उन्होंने जांच पूरी होने से पहले ही अभिनेत्री गौहर खान पर दो महीने का प्रतिबंध लगा दिया था। ये प्रतिबंध हालांकि बाद में फेडरेशन ने वापस ले लिया लेकिन बीजेपी नेता अशोक पंडित की अगुआई में चल रही फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लाइज के कार्यकलापों से मनोरंजन इंडस्ट्री के तमाम फिल्म निर्माता खुश नहीं है। फिल्म निर्माता विपुल शाह ने फेडरेशन के खिलाफ लंबी कानूनी लड़ाई कंपटीशन कमीशन ऑफ इंडिया में लड़ी और जीते भी। कंपटीशन कमीशन ने फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लाइज पर किसी भी कंपनी, कलाकार या तकनीशियन के खिलाफ नोटिस जारी करने को गैरकानूनी बताया है।
.@fwicemum urges & requests Hon’ble CM @OfficeofUT ji not to impose complete lockdown as it will create a lot of fear, panic in the industry which is already in shambles.
We assure the Govt. of Maharashtra of taking full precautions as per its SOPs & guidelines. #FWICE pic.twitter.com/Exbnd9lAku