Hit: The First Case: राजकुमार राव ने सुनाई अपने संघर्ष की दास्तां, बोले- बिस्किट के पैकेट पर करता था गुजारा
आउटसाइडर होने की वजह से आईं मुश्किलें
बता दें कि हाल ही में एक मीडिया बातचीत के दौरान राजकुमार राव ने अपने उन अनुभवों का जिक्र किया, जिनकी बदौलत आज वह इंडस्ट्री में एक मुकाम हासिल कर पाए हैं। पहले उन्होंने बतौर स्टूडेंट अपने संघर्ष के दिन साझा किए, फिर मुंबई में स्ट्रगल का दौर याद किया। राजकुमार राव ने कहा, 'एक आउटसाइडर होने के नाते काफी मुश्किलें थीं। लेकिन, मुझे सिनेमा से बेहद लगाव है और मैंने बचपन में ही ठान लिया था कि एक्टिंग के क्षेत्र में ही आना है।'
जिंदगी में नहीं बनाया बी प्लान
राजकुमार राव ने आगे कहा कि वह गुरुग्राम में एक संयुक्त परिवार में रहते थे। लेकिन, जब वह थिएटर कर रहे थे तो वह साइकिल चलाकर जाते-आते थे। इसके बाद वह दिल्ली आ गए, लेकिन यहां भी खूब मुश्किलें आईं। उन्होंने कहा, 'वह एक ऐसा वक्त था, जब मैं पारले जी के पैकेट पर पूरा दिन काट जाता था। मेरे अकाउंट में सिर्फ 18 रुपये बचे थे। किस्मत से फिल्म स्कूल में मुझे कुछ अच्छे दोस्त मिले थे, जो मेरी मदद करते थे। लेकिन, इस दौरान मेरे पास कोई बी प्लान नहीं था। मेरा सिर्फ एक ही सपना था और वह था एक्टर बनना।'
इस दिन रिलीज होगी फिल्म
कार्तिक की फिल्म 'हिट द फर्स्ट केस' की बात करें तो इसमें राजकुमार राव पुलिस ऑफिसर के रोल में नजर आएंगे। इस फिल्म में अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा भी मुख्य किरदार में नजर आएंगी। यह फिल्म इसी नाम की एक तेलुगू एक्शन थ्रिलर फिल्म का रीमेक है। बता दें कि 'हिट द फर्स्ट केस' आगामी 15 जुलाई को रिलीज होगी।