नेटफ्लिक्स अपनी फिल्म AK VS AK को लेकर विवादों में घिर गया है। इस फिल्म में अनिल कपूर मुख्य भूमिका में हैं और उन्हें वायु सेना अधिकारी की यूनिफॉर्म में दिखाया गया है। वायुसेना ने फिल्म के कुछ सीन्स पर तीखी आपत्ति दर्ज कराते हुए सीन को फिल्म से हटाने की मांग की है।
नेटफ्लिक्स ने एयरफोर्स के लिए किया जवाबी ट्वीट, बोले- अनिल कपूर के किरदार का सेना से कोई लेना देना नहीं
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर वायुसेना ने ट्वीट करते हुए लिखा है, 'इस वीडियो में अनिल कपूर को वायु सेना की वर्दी गलत तरीके से पहने हुए दिखाया गया है और जिस भाषा का इस्तेमाल किया गया है वह भी गलत है। सशस्त्र सेना में इस तरह का व्यवहार नियमों के खिलाफ है। इस दृश्य को फिल्म से हटाए जाने की जरूरत है।'
The IAF uniform in this video is inaccurately donned & the language used is inappropriate. This does not conform to the behavioural norms of those in the Armed Forces of India. The related scenes need to be withdrawn.@NetflixIndia @anuragkashyap72#AkvsAk https://t.co/F6PoyFtbuB
सोशल मीडिया पर भी इस सीन की कड़ी आलोचना की जा रही है। हालांकि विवाद बढने के बाद नेटफ्लिक्स ने अपनी पक्ष रखते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा- 'आदरणीय @IAF_MCC हम किसी भी तरीके से कभी भी सशस्त्र बल का अनादर नहीं करना चाहते हैं। AK vs AK ऐसी फिल्म है जिसमें अनिल कपूर और उनके को-स्टार्स बतौर एक्टर्स अपना किरदार निभा रहे हैं'। फिल्म किसी भी बिंदु पर भारतीय वायु सेना या हमारे सशस्त्र बलों का प्रतिनिधित्व नहीं करती है। हम अपने राष्ट्र की रक्षा करने वाले बहादुर सैनिकों का सम्मान करते हैं।
Hon. @IAF_MCC, our intention would never be to disrespect the Armed Forces of India in any regard. AK Vs. AK is a film in which Anil Kapoor and his co-stars are playing themselves as actors.
दरअसल यह फिल्म ओटीटी पर रिलीज होने वाली है लेकिन ओटीटी प्लेटफॉर्म में सेंसरशिप की कोई व्यवस्था फिलहाल नहीं बन पाई है। भारतीय सुरक्षा बलों ने इससे पहले भी कई बार फिल्मों में दिखाए गए कई दृश्यों पर आपत्ति जाहिर की है। बता दें कि नेटफ्लिक्स पर आने वाली इस फिल्म को विक्रमादित्य मोटवानी ने डायरेक्ट किया है और यह 24 दिसंबर को रिलीज की जाएगी। इससे पहले फिल्म के प्रमोशन के लिए अनिल कपूर और अनुराग कश्यप के बीच तीखी नोकझोक हुई थी, हालांकि बाद में पता चला था कि ये प्रमोशन का हिस्सा था।
फिल्म का ट्रेलर सोमवार को जारी कर दिया गया। नेटफ्लिक्स ने ट्रेलर साझा करते हुए लिखा, इसमें जो होगा, असली होगा। एके वर्सेज एके में अनिल कपूर एक फिल्म स्टार के किरदार में हैं और अनुराग कश्यप फिल्म निर्देशक बने हैं।