आज देश आजादी के रंग में रंगा है। पूरा देश आजादी को पूरे हर्षोल्लास के साथ मना रहा है। कोई बाहर घूमने निकला है तो कोई दोस्तों के साथ बैठकी जमा रहा है। कोई देशभक्ति के गानों पर थिरक रहा है तो कोई पतंग उड़ा रहा है। कुल मिलाकर सभी आजादी को अपने-अपने तरीके से मना रहे हैं। अगर आप सिनेमा के शौकीन हैं और आज के दिन को खास बनाने के लिए किसी देशभक्ति फिल्म की तलाश है तो हम आपको कुछ सुझाव दे रहे हैं। देशभक्ति की इन फिल्मों को आप ओटीटी प्लेटफॉर्म पर घर बैठे देख सकते हैं...
Independence Day 2022: आजादी के जश्न को खास बना देंगी देशभक्ति से ओत-प्रोत ये फिल्में, कहां देखें, जानिए
'रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट'
अभिनेता आर माधवन की यह फिल्म इसरो के पूर्व वैज्ञानिक नांबी नारायणन के जीवन पर आधारित है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे एक प्रतिभाशाली वैज्ञानिक को झूठे आरोपों में फंसाकर देश के वैज्ञानिक विकास को कई वर्ष पीछे धकेल दिया गया। एक सम्मानित व्यक्ति के साथ जो अपमानजनक व्यवहार किया गया, वह शर्मनाक है। कानूनी लड़ाई के बाद नंबी नारायणन खुद पर लगे आरोपों को झूठा साबित करने में कामयाब तो हुए, लेकिन इस दौरान उनका संघर्ष काफी कठोर रहा। यह फिल्म 1 जुलाई 2022 को रिलीज हुई थी। इस फिल्म को आप अमेजन प्राइम वीडियो और वूट पर देख सकते हैं।
'मेजर'
यह फिल्म शहीद मेजर संदीप उन्नीकृष्णन की बायोपिक है। इसमें अदिवी शेष ने संदीप उन्नीकृष्णन का किरदार अदा किया है। बता दें कि संदीप उन्नीकृष्णन 2008 में हुए मुंबई हमले में शहीद हो गए थे। अदिवि शेष अभिनीत यह फिल्म इसी साल 3 जून को रिलीज हुई थी। इस फिल्म को आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।
'आरआरआर'
एसएस राजामौली की फिल्म 'आरआरआर' ने सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए। फिल्म दो क्रांतिकारियों की कहानी को दिखाती है। इस फिल्म को आप नेटफ्लिक्स और डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर देख सकते हैं। एसएस राजामौली के निर्देशक में बनी इस फिल्म में एनटी रामाराव जूनियर और राम चरण मुख्य किरदार में नजर आए हैं। वहीं आलिया भट्ट और अजय देवगन का भी अहम रोल है।
'सरदार उधम'
अभिनेता विकी कौशल की यह शानदार फिल्म क्रांतिकारी सरदार उधम सिंह पर आधारित है। इसका निर्देशन शूजित सरकार ने किया है। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है।