कंगना रणौत की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं। नौ सितंबर को बीएमसी ने उनके पाली हिल स्थित ऑफिस में अवैध निर्माण बताते हुए तोड़फोड़ की थी। मंगलवार को बीएमसी ने उनकी हाउसिंग सोसाइटी (चेतक) को नोटिस जारी किया है। इसके साथ बीएमसी ने सोसाइटी के सदस्यों सहित अन्य जानकारियां मांगी हैं।
कंगना रणौत के ऑफिस में तोड़फोड़ के बाद बीएमसी ने उनकी हाउसिंग सोसाइटी को थमाया नोटिस, मांगी ये जानकारियां
चेतक सोसाइटी एक सहकारी समिति है। बीएमसी ने सोसाइटी से पिछले तीन साल में हुई मीटिंग और उनके अकाउंट की विस्तृत लिस्ट मांगी है। बीएमसी ने यह कार्रवाई तब की जब कंगना रणौत सोशल मीडिया पर महाराष्ट्र सरकार पर लगातार निशाना साध रही हैं।
बीएमसी ने कंगना की सोसाइटी से ये पांच जानकारियां मांगी
1.सोसाइटी के मुख्य सदस्य और साझेदार कौन कौन हैं
2.तीन साल में सोसाइटी की कितनी मीटिंग हुई, उनके बैंक खातों की भी जानकारी
3.रेल हाउस और बंगलों के आवंटन की लिस्ट
4.एग्रीमेंट समेत दूसरे कागजात की जानकारी
5.चुनाव प्रक्रिया के साथ सदस्यों की ट्रांसफर लिस्ट
कंगना ने बीएमसी से दो करोड़ के मुआवजे की मांग की
कंगना के ऑफिस में तोड़फोड़ के बाद उन्होंने इस कार्रवाई को बॉम्बे हाई कोर्ट में चुनौती दी थी। अब संशोधित पिटीशन लगाकर अभिनेत्री कहा कि उनके ऑफिस में हुए नुकसान की भरपाई के लिए बीएमसी उन्हें दो करोड़ का मुआवजा दे। मामले की अगली सुनवाई 22 सितंबर के लिए निर्धारित की गई है।
कंगना के तल्ख तेवर
कंगना रणौत मनाली में अपने घर पहुंचने के बाद 10 दिन के लिए होम क्वारंटीन हैं। शिवसेना को लेकर कंगना का गुस्सा अभी भी थमता नहीं दिख रहा है। सोशल मीडिया पर कंगना ने शिवसेना को चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि 'औरत की कोमलता और दया को अक्सर उसकी कमजोरी समझा जाता है, लेकिन किसी को इस हद तक न ले जाया जाए जहां उसके पास खोने को कुछ न हो। ऐसे लोग बहुत खतरनाक और जानलेवा हो जाते हैं।'
