बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता इरफान खान का हाल ही में इंतकाल हो गया है। उन्होंने 29 अप्रैल को मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में आखिरी सांस ली। इरफान खान के निधन से फिल्मी सितारों और फैंस के बीच शोक का माहौल है। सभी सितारों ने उनके इंतकाल पर अलग-अलग तरह से शोक जताया और उन्हें श्रद्धांजलि भी दी। बॉलीवुड अभिनेत्री मिथिला पालकर ने भी उन्हें बेहद खास अंदाज में याद किया है।
इरफान खान को इस अभिनेत्री ने दी बेहद खास अंदाज में आखिरी विदाई, वायरल हुआ वीडियो
मिथिला पालकर, इरफान खान और अभिनेता दुलकर सलमान के साथ फिल्म कारवां में नजर आई थीं। ये फिल्म साल 2018 में आई थी। इस फिल्म में इन तीनों के अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। मिथिला पालकर ने अब अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर अपना एक वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में उन्होंने कारवां फिल्म का गाना 'हार्टक्वेक' गाकर इरफान खान को आखिरी श्रद्धांजलि दी है।
इस वीडियो के साथ मिथिला पालकर ने इरफान खान के लिए बेहद खास कैप्शन भी लिखा है। उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'हे शौकत, यह #SingSongSaturday आपके लिए समर्पित है। मैं हमेशा की तरह गाने और स्ट्रमिंग के बीच संघर्ष कर रही हूं, लेकिन सीखने की कोशिश कर रही हूं ताकि मैं आपको अपनी बिनाका गीतमाला से आखिरी बार परेशान कर सकूं। खुश रहना, जहां भी हो...खुदा हाफिज... प्यार.. तान्या'।
A post shared by Mithila Palkar (@mipalkarofficial) on
आपको बता दें कि फिल्म कारवां में इरफान खान के किरदार का नाम शौकत होता जबकि मिथिला पालकर ने तान्या का किरदार निभाया था। फिल्म कारवां का निर्देशन अक्षरा खुराना ने किया है। मिथिला पालकर की यह पहली फिल्म है जिसमें उन्होंने मुख्य भूमिका अदा की है। वहीं मिथिला पालकर की ओर से सोशल मीडिया पर इरफान खान को दी गई श्रद्धांजलि पर उनके फैंस भी अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
गौरतलब है कि इरफान खान न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर जैसी खतरनाक बीमारी से ग्रस्त थे। उन्होंने इसका लंबे समय तक लंदन में इलाज भी करवाया। बीती 28 अप्रैल को इरफान खान की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें कोकिलाबेन अस्पताल में करवाया गया था। जहां उनका इंतकाल हो गया। उनकी मौत से हर कोई दुखी है साथ ही उनकी मौत की खबर सुनकर इरफान के फैंस हैरान भी हो गए थे।
