प्रशांत नील निर्देशित व यश, श्रीनिधि शेट्टी, रवीना टंडन और संजय दत्त स्टारर फिल्म ‘केजीएफ 2’ ने रिलीज के 10वें दिन फिर नया धमाका किया है। फिल्म ने रिलीज के दूसरे शनिवार को बीते दिन की तरह ही शानदार प्रदर्शन करते हुए हिंदी में 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा छू लिया है। हिंदी में रिलीज होकर ऐसा करने वाली अब तक रिलीज हुई फिल्मों मे ये फिल्म अब 10वीं फिल्म बन गई है। फिल्म ‘केजीएफ 2’ के टॉप 10 में एंट्री करने से अब तक 10वीं पोजीशन पर कायम रही आमिर खान की फिल्म ‘धूम 3’ अब सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप 10 हिंदी फिल्मों की सूची से बाहर हो गई है।
KGF 2 Box office Collection Day 10: ‘केजीएफ 2’ ने सलमान को दो पायदान नीचे खिसकाया, दीपिका की दमक भी कर दी फीकी
फिल्म ‘केजीएफ 2’ ने रिलीज के बाद से लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरे हफ्ते में भी घरेलू बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है। फिल्म ने रिलीज के 10वें दिन भी शुरुआती आंकड़ों के हिसाब से करीब 18 करोड़ रुपये की कमाई की है। पहले हफ्ते में 268.63 करोड़ रुपये कमाने वाली फिल्म ने दूसरे हफ्ते में शुक्रवार को करीब 19 करोड़ रुपये कमाए थे। अब शनिवार को इसकी कमाई के जो आंकड़े सामने आ रहे हैं, उसके हिसाब से फिल्म के हिंदी संस्करण ने 300 करोड़ रुपये की कमाई के आंकड़े को पार कर लिया है। फिल्म का हिंदी में नेट कलेक्शन अब करीब 305 करोड़ रुपये हो चुका है।
हिंदी में रिलीज होकर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली 10 फिल्मों में अभी तक फिल्म ‘बाहुबली 2’ नंबर एक पर है। इन टॉप 10 फिल्मों में ‘केजीएफ 2’ अब आठवें नंबर पर आ गई है। इसके चलते आमिर खान की 2013 मे रिलीज हुई और कुल 284.27 करोड़ रुपये की कमाई करने वाली फिल्म ‘धूम 3’ अब इस लिस्ट से बाहर हो गई है। ‘केजीएफ 2’ ने इसके अलावा शाहिद कपूर, रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की फिल्म ‘पद्मावत’ को धकेल कर नौवें नंबर पर और सलमान खान की फिल्म ‘सुल्तान’ को खिसकाकर 10वें नंबर पर कर दिया है। ‘बाहुबली 2’ ने 300 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा रिलीज के 11वें दिन छुआ था, ‘केजीएफ 2’ ने ये कमाल रिलीज के 10वें दिन ही कर दिखाया है।
शनिवार रात तक मिले शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ‘केजीएफ 2’ ने रिलीज के 10वें दिन सभी भाषाओं में करीब 42 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। फिल्म ‘केजीएफ 2’ ने हिंदी में करीब 18 करोड़ रुपये कमाए। फिल्म ने कन्नड़ में सात करोड़ रुपये का कारोबार करते हुए इस भाषा में अपनी कमाई 107 करोड़ रुपये के ऊपर पहुंचा दी है। तेलुगू में फिल्म का कलेक्शन शनिवार को हुए करीब पांच करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ करीब 112 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। मलयालम में भी फिल्म 50 करोड़ रुपये की कमाई के ऐतिहासिक आंकड़े के करीब पहुंच रही है।
हिंदी की टॉप 10 फिल्में
हिंदी में रिलीज होकर घरेलू बॉक्स ऑफिस पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची इस प्रकार है:
फिल्म नेट कलेक्शन (करोड़ रुपये में)
बाहुबली 2 510.99
दंगल 387.38
संजू 342.53
पीके 340.80
टाइगर जिंदा है 339.16
बजरंगी भाईजान 320.34
वॉर 317.91
केजीएफ 2 305.63 (अनंतिम)
पद्मावत 302.15
सुल्तान 300.45
