कार्तिक आर्यन के अभिनय से प्रभावित हुए इम्तियाज अली, तारीफ में कह डाली ये बड़ी बात
ऐसा होगा कार्तिक का किरदार
90 के दशक की कहानी में वह राघवेन्द्र उर्फ रघु का किरदार निभा रहे हैं। इस कहानी में उदयपुर के पुराने जमाने का चार्म और कार्तिक में छोटे शहर की मासूमियत देखने को मिलेगी। इस किरदार में फिल्मों का बहुत ही असर देखने को मिलता है। 10वीं क्लास में पढ़ने वाला रघु फिल्म 'कयामत से कयामत तक' से काफी प्रभावित होता है और अपने ही स्कूल की लीना (आरुषी शर्मा) से प्यार करने लगता है। ट्रेलर में दोनों के किरदारों में उस जमाने के स्कूल के प्यार को खूबसूरती से बयां किया गया है।
वहीं दूसरी कहानी में कार्तिक ने वीर का किरदार निभाया है। जो सॉफ्टवेयर प्रोग्रामर है और दिल्ली में रहता है। वह आधुनिक दुनिया में भी बहुत ही शांत स्वभाव का व्यक्ति हैं। वह आदर्शवादी व्यक्ति है जो अपने रिश्ते में थोड़ी ईमानदारी तलाशने की कोशिश करता है। वह अधिक लोगों से मिलने-जुलने में हिचकता है और थोड़ी मुश्किल से अपनी भावनाओं को व्यक्त कर पाता है। फिल्म में वीर और जोइ (सारा) के बनते-बिगड़ते रिश्ते देखने को मिलेंगे।
दोनों किरदारों में जमीन-आसमान का अंतर
अपने किरदारों के बारे में बात करते हुए कार्तिक ने कहा, 'मेरे दोनों ही किरदार काफी अलग हैं। उनकी प्रतिक्रिया से लेकर उनका व्यवहार उनके आस-पास का महौल और लोग सभी पूरी तरह से अलग हैं। जहां एक तरफ वीर आधुनिक व्यक्ति है जो निजी और सामाजिक जिंदगी में थोड़ा अजीब है। उसे पता है कि उसे क्या चाहिए और यही चीज उसे आस-पास के लोगों से अलग भी बनाती है। वहीं दूसरी तरफ रघु एक नाबालिक लड़का है जो 90 के दशक में बड़ा हुआ है। रघु और वीर जब प्यार करते हैं तो दोनों ही पूरी तरह से अलग है।'
कार्तिक के अभिनय से प्रभावित हुए इम्तियाज
कार्तिक के किरदार के बारे में बात करते हुए इम्तियाज ने कहा, 'वीर आदर्शवादी और अकेलेपन में रहने वाला व्यक्ति है। उसे पता है कि उसे क्या चाहिए फिर भी वह हमेशा शंका में नजर आता है। वह ट्रक और तमाम जगह पर दिखने वाले बातों को पढ़ता है और अपनी जिंदगी का सिद्धांत बना लेता है। वहीं रघुवेंद्र शेखावत उर्फ रघु 90 के दशक में उदयपुर में रहता है। वह काफी उत्साही और रोमांटिक व्यक्ति है। वह भावनाओं में बह जाने वाला मजबूत लड़का है। हमने दोनों ही किरदारों की भाषा, बर्ताव, चाल सभी पर काम किया है ताकि दोनों किरदार एक दूसरे से एकदम अलग दिखें। कार्तिक ने बहुत ही मेहनत से अपने दोनों किरदारों को निभाया है। यहां तक कि हमें भी लगने लगा था कि हम दो अलग अलग कलाकारों के साथ काम कर रहे हैं।'