देश में कोरोना वायरस के चलते सब ठप्प पड़ चुका है। इस परिस्थिति में सबसे बड़ी मुसीबत दैनिक वैतन भोगियों के लिए है। सरकार से लेकर समाज का विभिन्न तबका उनकी मदद के लिए आगे आ रहा है। इसी बीच पूर्व विश्व सुंदरी मानुषी छिल्लर ने इस आपातकाल में महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त की है।
जरूरी सामान में शामिल हुए सैनिटरी पैड्स, गरीबों के लिए मुहैया कराने को हीरोइन ने दी ये सलाह
इस बारे में बात करते हुए मानुषी ने कहा, 'मैं बहुत शुक्रगुजार हूं कि कोरोना वायरस संकट के दौरान भारत सरकार द्वारा सैनिटरी पैड को आवश्यक वस्तु के रूप में शामिल किया गया है। हालांकि, हमें इस बात पर ध्यान देने की आवश्यकता है कि आर्थिक रूप से कमजोर महिलाएं कैसे निशुल्क पैड प्राप्त कर सकती हैं। मैं विभिन्न राज्यों की सरकारों से भी आग्रह करती हूं कि वे दैनिक राशन के साथ-साथ सैनिटरी पैड वितरित करने पर ध्यान दें।'
मानुषी ने आगे बताया, 'मसला यह है कि धन की कमी के कारण दैनिक वेतन भोगी ज्यादातर अपने पैसे को सिर्फ भोजन पर खर्च करना चाहते हैं और महिलाओं की स्वच्छता कई परिवारों के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता नहीं हो सकती है। यह भारत में लाखों महिलाओं के लिए स्वास्थ्य के खतरे को बढ़ाता है क्योंकि सैनिटरी पैड एक निश्चित लागत पर आते हैं और वित्तीय संकट निश्चित रूप से महिलाओं को जोखिम में डालने वाला है। मैंने उन संगठनों से बात की है जो लगातार कोशिश कर रहे हैं कि पैड को मुफ्त में वितरित किए जाए। यह बहुत अच्छा होगा यदि प्रशासन जिला, शहर और राज्य स्तर पर जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आए।'
मानुषी छिल्लर ने साल 2017 में विश्व सुंदरी का ताज अपने सिर सजाया था। मॉडलिंग की दुनिया में अपना सिक्का जमाने के बाद अब वह हिंदी सिनेमा जगत में भी कदम रखने जा रही हैं। वह यशराज फिल्म्स के बैनर तले बन रही फिल्म 'पृथ्वीराज' में अक्षय कुमार संग नजर आएंगी। फिल्म में वह पृथ्वीराज चौहान की प्रेमिका संयोगिता के किरदार में हैं।
21 साल पहले काजोल के मेहंदी फंक्शन में इस तरह पहुंचे थे शाहरुख, तस्वीर में गौरी को पहचानना भी मुश्किल
