हिंदी और साउथ सिनेमा की तरह ही भोजपुरी सिनेमा भी इन दिनों काफी तरक्की कर रहा है। पिछले 2 दशक में भोजपुरी सिनेमा में काफी बदलाव देखने को मिला। आज के समय में भोजपुरी सिनेमा की ब्रांड वैल्यू 2000 करोड़ रुपए तक हैं। कई ऐसे भोजपुरी सितारे हैं जिन्होंने अपनी शुरुआत भोजपुरी सिनेमा से की लेकिन आज वो भोजपुरी के साथ-साथ हिंदी सिनेमा में भी छाए हुए हैं। इन सितारों ने अपने अभिनय के दम पर करोड़ों लोगों का दिल जीता है। मनोज तिवारी से लेकर रवि किशन तक कई सितारे ऐसे हैं जो आज सिनेमा के साथ-साथ राजनीति में भी सक्रिय हैं।
भोजपुरी: इन अभिनेत्रियों की एक झलक पाने के लिए फैंस रहते हैं बेताब, लेती हैं मोटी फीस
मोनालिसा
मोनालिसा भोजपुरी सिनेमा की एक बड़ी अभिनेत्री हैं। हालांकि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बॉलीवुड फिल्मों से की थी। लेकिन साल 2008 में उन्होंने मिथुन चक्रवर्ती और मनोज तिवारी की फिल्म ‘भोले शंकर’ से भोजपुरी सिनेमा में कदम रखा। बता दें मोनालिसा अब तक 90 से अधिक भोजपुरी फिल्मों का हिस्सा रह चुकी हैं। वो भोजपुरी के साथ-साथ हिंदी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़, बंगाली भाषा सहित कई भाषाओं की फिल्मों में काम कर चुकी हैं। यूपी बिहार में उनकी अच्छी खासी प्रशंसकों की लिस्ट है। बिग बॉस में आने के बाद तो उनके चाहने वालों की संख्या दोगुनी हो गई थी। आज वो टेलीविजन में भी सक्रिय हैं।
रानी चटर्जी
रानी चटर्जी भोजपुरी सिनेमा की सबसे सीनियर एक्ट्रेस हैं। उन्होंने 15 साल की कम उम्र में मनोज तिवारी के साथ साल 2004 में आई फिल्म ‘ससुरा बड़ा पैइसावाला' में काम किया था। रानी चटर्जी की इस फिल्म ने उस समय सबसे अधिक कमाई की थी। इसके बाद से रानी चटर्जी ने कभी भी पीछे पलट कर नहीं देखा और वो आज भोजपुरी सिनेमा की क्वीन मानी जाती हैं।
अक्षरा सिंह
बिग बॉस ओटीटी में बतौर कंटेस्टेंट नजर आ चुकी अक्षरा सिंह भोजपुरी सिनेमा का आज एक बड़ा नाम हैं। उन्होंने साल 2010 में फिल्म ‘सत्यमेव जयते’ से अपनी शुरुआत की थी। इस फिल्म में उनके अपोजिट सुपरस्टार रवि किशन थे। बता दें कि अभिनेत्री होने के साथ-साथ अक्षरा एक बहुत अच्छी सिंगर भी हैं। भोजपुरी फिल्मों के अलावा वो टेलीविजन शोज जैसे ‘काला टीका’, सर्विस वाली बहू में भी नजर आ चुकी हैं। उनकी एक झलक देखने के लिए फैंस बेताब रहते हैं।
आम्रपाली दुबे
आज के समय में भोजपुरी सिनेमा में अगर कोई सबसे अधिक फीस लेने वाली अभिनेत्री हैं तो वो हैं आम्रपाली दुबे। आज उन्हें भोजपुरी की नंबर 1 अभिनेत्री के रूप में जाना जाता है। आम्रपाली दुबे कई हिंदी सीरियल्स में भी काम कर चुकी हैं। उन्होंने साल 2014 में निरहुआ के साथ फिल्म ‘निरहुआ हिन्दुस्तानी’ से भोजपुरी सिनेमा में कदम रखा था। आम्रपाली और निरहुआ की जोड़ी को दर्शक बहुत पसंद करते हैं। इन दोनों ने साथ में 30 से अधिक सफल फिल्में दी।
