बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान इन दिनों काफी आलोचना का सामना कर रहे हैं। उन्होंने हाल ही में रावण को लेकर विवादित बयान दिया जिसकी चौतरफा निंदा हो रही है। सैफ अली खान अपनी आने वाली एक फिल्म में रावण (लंकेश) का किरदार निभाने वाले हैं। इस किरदार को लेकर उन्होंने ऐसा कुछ बोल दिया कि हर कोई उनकी आलोचना कर रहा है। अब उनके इस बयान पर शक्तिमान सीरियल के मशहूर हुए अभिनेता मुकेश खन्ना ने भी गुस्सा व्यक्त किया है।
रावण वाले बयान को लेकर सैफ अली खान पर भड़के 'शक्तिमान', कहा- 'इसे नादानी कहूं या मूर्खता...'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुकेश खन्ना सामाजिक-राजनीतिक मु्द्दों पर अक्सर खुलकर बोलते हैं। उन्होंने भी सैफ अली खान और उनके बयान की आलोचना की है। मुकेश खन्ना ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर अपना एक वीडियो साझा किया है। वीडियो के साथ उन्होंने लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखा है जिसमें मुकेश खन्ना ने सैफ अली खान की आलोचना की है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, 'अभी भी जाने अनजाने में फिल्मकार फिल्मों के किरदारों से हमारे सनातन धर्म और उनके धार्मिक किरदारों पर बाण चलाने से बाज नहीं आ रहे। लक्ष्मी बम फटा नहीं, एक और हमला बोल दिया गया। मशहूर कलाकार सैफ अली खान ने एक इंटरव्यू में आपत्तिजनक खुलासा किया।'
मुकेश खन्ना ने आगे लिखा, 'सैफ अली खान ने इस इंटरव्यू में कहा कि महा बजट पर बनने वाली 'आदि पुरुष' फिल्म में लंकेश रावण का किरदार निभाना उनके लिए बड़ा दिलचस्प रहेगा। उसमें रावण को बुरा नहीं बल्कि मानवीय और मनोरंजक दिखाया गया है। उसे हम दयालु बना देंगे। उसमें सीता हरण को न्यायोचित बताया जाएगा। पता नहीं सैफ को ऐसा क्यों लग रहा है कि यह इतना आसान है। लंकेश कोई गेंद नहीं जिसे आप जैसा चाहें बल्ला घुमा के मार दें।'
मुकेश खन्ना पोस्ट में आगे कहते हैं, 'इसे मैं उनकी नादानी कहूं या मूर्खता ! उन्हें नहीं पता कि वह देश के करोड़ों भारतीयों की आस्था से खेल रहे हैं। या फिर यह कि उन्हें पता है फिर भी जानबूझकर बोल रहे हैं। या फिर इसे मैं उन अपने आप को बुद्धिजीवी कहने वाले निर्माता-निर्देशकों का दुस्साहस कहूं जो अब भी ऐसी फिल्में बनाने की जुर्रत रखते हैं। फिर वही बात कहूंगा कि दूसरे किसी धर्म के किरदारों से ऐसा खेल खेल कर बताओ। अच्छे को बुरा और बुरे को अच्छा बना के पेश करो, मार खाओगे उनसे।'
अभिनेता ने आगे लिखा, 'राम रावण नहीं बन सकते। वैसे रावण राम नहीं। तो यह रावण को दयालु बनाने का खेल क्यों भाई ? क्या इसमें भी कोई साजिश है ? या फिर इन लोगों का आजमाया हुआ फिल्म प्रमोशन। मैं नहीं कह सकता। जनता को खुद सोचना होगा। मुझे बुरा लगा इसलिए कह दिया। आप सब भी सोचिए कि आपको भी बुरा लगा या नहीं। आप सब सोचिए कि आपको भी बुरा लगा या यह लगा कि चलने दो क्या फ़र्क़ पड़ता है !! अगर ऐसा है तो बड़े ही शर्म की बात है हम सब के लिए।'