डिज्नी प्लस हॉटस्टार देश में चल रही ओटीटी की रेस में कितना आगे जा पाएगा, इस पर तो बहस होती ही रहेगी, लेकिन इस ओटीटी ने एक काम और चौंकाने वाला कर दिया है। अपनी एक नई वेब सीरीज ‘द एम्पायर’ का आधिकारिक एलान करते हुए डिज्नी प्लस हॉटस्टार ने फिल्मकार निखिल आडवाणी की फिल्म ‘सलाम ए इश्क’ को अपने जमाने की क्लासिक सुपरहिट फिल्म बताया है। जबकि, ये बात तो रिकॉर्ड में दर्ज़ है कि छह कहानियों वाली निखिल की ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर रिलीज के पहले ही हफ्ते में ढेर हो गई थी। साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म ‘सलाम ए इश्क’ के बाद रिलीज हुई निखिल की फिल्म ‘चांदनी चौक टू चाइना’ भी फ्लॉप रही थी।
‘सलाम ए इश्क’ को इस ओटीटी से मिला क्लासिक सुपरहिट का दर्जा, निखिल के साथ ‘द एम्पायर’ बनाने की तैयारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
निखिल आडवाणी इन दिनों दोनों हाथों से प्रोजेक्ट बटोर रहे हैं। फिल्मों के बाद अब वेब सीरीज की तरफ भी उनका ध्यान गया है और वह निर्देशन पर कम और प्रोड्यूसर के तौर पर प्रोजेक्ट बनाने पर ध्यान ज्यादा दे रहे हैं। शुक्रवार को निखिल आडवाणी और एम्मे एंटरटेनमेंट ने जिस सीरीज का एलान किया है उसका नाम है, ‘द एम्पायर’। सीरीज के टीजर से लगता है कि ये किसी महिला की कहानी है जिसने अपना साम्राज्य स्थापित करने में एक योद्धा, एक अन्वेषक और एक उत्तरजीवी होने का खिताब पाया। इस कहानी में एक सम्राट भी है। डिज्नी का दावा है कि ये सीरीज भारत में बना अब तक का सबसे शानदार शो होगा।
निखिल आडवाणी का परिचय ओटीटी ने नेशनल अवार्ड विनिंग फिल्ममेकर के रूप में दिया है। निखिल ने ये पुरस्कार अपनी एक एनीमेशन फिल्म ‘दिल्ली सफारी’ के निर्देशक के तौर पर साल 2012 में जीता था, ये फिल्म कब आई और कब चली गई, लोगों को याद भी नहीं है। बतौर निर्देशक निखिल की सिर्फ एक ही फिल्म सुपरहिट रही है और वह है उनकी डेब्यू फिल्म ‘कल हो ना हो’। अपने करियर में बतौर निर्देशक वह एक दर्जन के करीब फिल्में बना चुके हैं।
टीवी पर उन्होंने इजरायल की एक सीरीज के हिंदी रूपांतरण ‘पीओडब्लू: बंदी युद्ध के’ बनाकर श्रीगणेश किया। प्राइम वीडियो के लिए वह ‘अनपॉज्ड’ शीर्षक से रिलीज हुई पांच शॉर्ट फिल्में निर्देशित कर चुके हैं। इसी ओटीटी के लिए बीते साल निखिल ने एक सीरीज ‘मुंबई डायरीज’ बनाने का एलान किया था और उससे पहले बतौर निर्माता वह नेटफ्लिक्स के लिए ‘हसमुख’ नाम की वेब सीरीज वीर दास के साथ बना चुके हैं। इस कॉमिक थ्रिलर को भी दर्शकों ने खास पसंद नहीं किया। निखिल ने इस सीरीज को लिखा भी था।
अब डिज्नी प्लस हॉटस्टार के लिए बनने जा रहा निखिल आडवाणी का शो ‘द एम्पायर’ वह खुद निर्देशित नहीं करेंगे। वह इस सीरीज के शो-रनर होंगे। इसके निर्देशक के तौर पर मिताक्षरा कुमार का नाम फाइनल किया गया है। हिंदी सिनेमा में आलीशान सेट्स पर शूटिंग के लिए मौजूदा दौर में बस आशुतोष गोवारिकर का नाम फिल्म ‘जोधा अकबर’ के लिए और संजय लीला भंसाली का नाम ‘बाजीराव मस्तानी’ और ‘पद्मावत’ के लिए लिया जाता है। इसी श्रेणी की ही एक फिल्म ‘तख्त’ बनाने का एलान निर्माता निर्देशक करण जौहर ने कुछ साल पहले किया था लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी वह ये फिल्म बनाने में अब तक सफल नहीं हो सके हैं। अब बारी निखिल आडवाणी की सीरीज ‘द एम्पायर’ की है।