अपने अलग विषय और समाज के प्रति संवेदनशीलता के कारण फिल्म समीक्षकों से लगातार वाहवाही लूट रही फिल्म 'मट्टो की साइकिल' का अमेरिकी प्रीमियर साउथ एशियन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में होने जा रहा है। फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर पहले ही बुसान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में हो चुका है।
'मट्टो की साइकिल' चली अमेरिका, न्यूयॉर्क में होने जा रहे फिल्म फेस्टिवल में होगा एक और प्रीमियर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में होने वाले साउथ एशियन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल की शुरुआत बुधवार 16 दिसंबर से होगी और यह रविवार 20 दिसंबर तक चलेगा। नवोदित फिल्मकार एम गनी के निर्देशन में बनी 'मट्टो की साइकिल' फिल्म का अमेरिकी प्रीमियर 17 और 18 दिसंबर को इस फिल्म महोत्सव की आधिकारिक वेबसाइट पर किया जाएगा। हालांकि, इस फिल्म को सिर्फ अमेरिकी लोग ही देख सकेंगे।
फिल्म 'मट्टो की साइकिल' कहानी है आशावाद की। मट्टो एक दैनिक वेतन भोगी मजदूर है जो पैसे कमाने के लिए अपनी साइकिल से हर रोज गांव से शहर के लिए सफर करता है। उसके परिवार में चार सदस्य हैं और कमाने वाला अकेला वह एक। उसे अपना भी पेट भरना है और अपने परिवारीजनों का भी। यह फिल्म दिखाती है कि किस तरह गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार के लोग देश में छोटी-छोटी खुशियों में भी तोलमोल करते हैं। वह अपनी छोटी सी ख्वाहिश को भी किसी दूसरे दबाव के चक्कर में पूरा नहीं कर पाते।
फिल्म 'मट्टो की साइकिल' में प्रकाश झा मुख्य अभिनेता की भूमिका भी निभा रहे हैं। अपने किरदार और इस कहानी के बारे में प्रकाश झा ने कहा, 'मैं तो मट्टो की कहानी सुनकर बिल्कुल दंग रह गया था। यह बहुत ही साधारण कहानी है जिसे बहुत ही खूबसूरती से बताया गया है। इस फिल्म की कहानी दिखाती है कि भारतीय समाज में रहने वाले गरीब लोगों को किस तरह के समझौते करने पड़ते हैं और उन्हें अपनी छोटी-छोटी खुशियों को पाने के लिए भी सोचना पड़ता है।'
फिल्म के निर्देशक एम गनी कहते हैं, 'फिल्म 'मट्टो की साइकिल' की कहानी ने मुझे ऐसा एहसास दिलाया है कि मैं इस तरह की साधारण कहानी को आराम से कह सकता हूं। क्योंकि यह कहानी मेरे आस-पास की ही है। मैं खुद भी उसी वर्ग का आदमी हूं। सिनेमा के माध्यम से मुझे इस कहानी को दूसरे लोगों तक विश्व स्तर पर पहुंचाने का मौका मिला है। मुझे इस बात की खुशी है कि इतने बड़े फिल्म महोत्सव में हमारी फिल्म को प्रदर्शित होने का मौका मिल रहा है। मुझे अंदाजा है कि इसकी कहानी को लोग समझेंगे और उसका आनंद भी लेंगे।'
पढ़ें: बोमन ईरानी के कजिन के घर हुई करोड़ों की चोरी, नौकरानी ने बेटे के साथ मिलकर चुराई नकदी और सोने के बिस्किट