ओटीटी पर रिलीज होने वाली सामग्री का ग्राफ पिछले कुछ हफ्तों में थोड़ा गिरा है। और वह गिरावट इस हफ्ते भी दर्ज की गई। हालांकि, जी5 जैसे देसी ओटीटी पर अभिनेता पंकज त्रिपाठी की फिल्म ‘कागज’ ने रिलीज होकर थोड़ा समा बांधा है लेकिन वीकेंड की जिम्मेदारी तो आर माधवन और सनी लियोनी के कंधों पर है। इन दोनों के ही दो देसी प्रोजेक्ट हैं जो इस वीकेंड पर्दे के सामने आकर बैठने के समय को टाइमपास बना सकते हैं। आइए जानते हैं कि और क्या है इस वीकेंड देखने के लिए?
Friday Fever: माधवन-सनी लियोनी के मुकाबले में मिस्ट्री की एंट्री, एंटरटेनमेंट का ये है वीकएंड प्लान
बुलेट्स
इस शुक्रवार को मनोरंजन का मामला थोड़ा ठंडा हो सकता था लेकिन मौके पर एंट्री मारी है गर्मी बढ़ा देने वालीं अभिनेत्री सनी लियोनी ने। मौका देखकर रिलीज से बचा ली गई एमएक्स प्लेयर की वेब सीरीज 'बुलेट्स' आखिरकार इस शुक्रवार को रिलीज हो ही जाएगी। 'टीना एंड लोलो' के नाम से बनी इस सीरीज को बाद में इस नाम से जाना जा रहा है। इस सीरीज में मुख्य कलाकारों के रूप में सनी लियोनी, करिश्मा तन्ना, विवेक वासवानी और दीपक तिजोरी जैसे कलाकार नजर आएंगे। यह कहानी टीना और लोलो की है जो बहादुर लड़कियां हैं। वह दुश्मनों से अपने देश को बचाने का काम करती हैं।
मारा
सिनेमाघरों के लिए बनी एक और फिल्म ओटीटी की भेंट चढ़ने वाली है। इस फिल्म का शीर्षक है 'मारा'। इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म को अपने प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने के अधिकार अमेजॉन प्राइम वीडियो ने ही खरीदे हैं। फिल्म में आर माधवन और श्रद्धा श्रीनाथ जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस फिल्म की कहानी वर्ष 2015 में आई मलयालम फिल्म 'चार्ली' से प्रेरित है। प्राइम वीडियो पर यह फिल्म 17 दिसंबर को ही रिलीज होने वाली थी लेकिन बाद में इस फिल्म को आठ जनवरी को रिलीज करना तय हुआ।
लूपिन
नेटफ्लिक्स इस शुक्रवार को भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगा। इस प्लेटफॉर्म पर एक मिस्ट्री थ्रिलर वेब सीरीज 'लूपिन' का प्रसारण होगा। यह सीरीज आर्सेन लूपिन के कारनामों पर आधारित है। उसकी रोमांचक जिंदगी को इस सीरीज में सिनेमाई तौर पर दिखाया जाएगा। साथ ही यह सीरीज दिखाएगी कि किस तरह लूपिन ने अपने पिता के साथ हुए अन्याय का बदला एक धनी परिवार को बर्बाद करके लिया।
द इधुन क्रॉनिकल 2
नेटफ्लिक्स पर ही इस शुक्रवार को वेब सीरीज 'द इधुन क्रॉनिकल' का दूसरा भाग भी प्रसारित होने के लिए तैयार है। इस सीरीज का यह पहला ही सीजन है लेकिन इसके दूसरे भाग में बाकी बचे एपिसोड्स को रिलीज करना होगा। यह एक एनिमेशन सीरीज है लेकिन फिर भी यह बच्चों के लिए नहीं है। एक अनाथ लड़का अचानक से अपने माता-पिता के कातिलों का पता लगा लेता है। फिर उसे सामना करना पड़ता है कुछ वैश्विक स्तर के खतरों और आश्चर्यों का।