मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव ने इस दुनिया को हमेशा हमेशा के लिए अलविदा कह दिया। राजू 58 वर्ष के थे और वह दिल्ली के एम्स अस्पताल में बीते काफी समय से भर्ती थे। लेकिन बुधवार सुबह अचानक ही उनके निधन की खबर सामने आई, जिसने हर किसी को हैरान को दिया। उनके परिवार ने कॉमेडियन के निधन की खबर की पुष्टि की है। बता दें कि हार्ट अटैक आने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। पिछले 41 दिन से उनका यहां इलाज चल रहा था। इन दिनों अस्पताल में क्या कुछ हुआ? आइए आपको बताते हैं।
Raju Srivastava: मौत से जंग में हार गए राजू श्रीवास्तव, जानिए बीते 41 दिन में क्या-क्या हुआ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
10 अगस्त को आया था हार्ट अटैक
राजू श्रीवास्तव को 10 अगस्त की सुबह जिम में एक्सरसाइज करने के कुछ समय बाद ही हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उन्हें दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था। इस दौरान डॉक्टर्स की एक पूरी टीम राजू श्रीवास्तव को अपनी निगरानी में लिए हुए थी। सबसे पहले उनके सिर का सीटी स्कैन कराया गया, जिससे पता चला कि उनके दिमाग के एक हिस्से में सूजन है। इसके बाद से ही कॉमेडियन वेंटिलेटर पर थे। हालांकि, इस बीच उनकी तबीयत में ज्यादा सुधार की कोई जानकारी सामने नहीं आ रही थी, जिस वजह से तमाम फैंस उनके ठीक होने की दुआ कर रहे थे।
15 दिनों बाद आई थी अच्छी खबर
15 दिन बाद जानकारी मिली थी कि उन्होंने अपना एक पैर मोड़ा था, लेकिन उन्हें होश नहीं आया और उनका ब्रेन भी रिस्पॉन्स नहीं कर रहा था। यही वजह थी कि डॉक्टर्स के लिए उनकी स्थिति परेशानी का विषय बनी हुई थी। राजू श्रीवास्तव के निजी सचिव गर्वित नारंग ने बताया था कि राजू श्रीवास्तव को आज 15 दिन बाद होश आया था। एम्स दिल्ली में डॉक्टरों द्वारा उनकी निगरानी की जा रही थी। उनके स्वास्थ्य की स्थिति में सुधार हो रहा था। उनके निजी सचिव ने यह भी जानकारी देते हुए बताया था कि राजू श्रीवास्तव को सुबह 8.10 बजे होश आ गया। इसके बाद 9 बजे डॉक्टर्स की टीम ने राजू की कंडीशन को भी चेक किया।
वेंटिलेटर से हटाने का विचार
हालांकि, इस बीच कई ऐसी रिपोर्ट्स सामने आईं, जिसमें दावा किया गया कि डॉक्टर्स ने राजू श्रीवास्तव को वेंटिलेटर से हटाने का विचार किया था लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाए। राजू श्रीवास्तव का इलाज कर रहे डॉक्टर्स का कहना था कि जब तक ब्रेन में हरकत नहीं होगी तब तक कॉमेडियन की हालत को ठीक नहीं माना जाएगा। राजू श्रीवास्तव को चार से ज्यादा बार बुखार भी आ गया था।
मौत की उड़ी थी अफवाह
बीते 41 दिनों में राजू श्रीवास्तव के निधन को लेकर कई बार अफवाह उड़ी थी। कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि राजू श्रीवास्तव का निधन हो गया है। लेकिन उनके भाई दीपू श्रीवास्तव ने झूठी अफवाहें फैलाने वाले को आड़े हाथों लिया था। उन्होंने कहा था कि लोग क्लिक्स बढ़ाने के चक्कर में ऐसी हरकतें कर रहे हैं, जो कि बेहद शर्मनाक है। इसके अलावा, राजू श्रीवास्तव की बेटी ने भी एक पोस्ट किया था, जिसमें अंतरा ने लिखा था कि मेरे पिता जी की हालत स्थिर है। उनकी सेहत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। हालांकि, वह इस समय वेंटिलेटर पर हैं। आपसे निवेदन है कि आप केवल दिल्ली के एम्स अस्पताल और राजू श्रीवास्तव जी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट द्वारा जारी किए गए बयान पर ही भरोसा करें।