इस समय सोशल मीडिया संजय दत्त के कैंसर पीड़ित होने की खबरों से पटा पड़ा है। हालांकि संजय दत्त ने खुद बीमारी का नाम लेकर अब तक कुछ भी नहीं कहा है। उन्होंने अब तक केवल थोड़ा ब्रेक लेने की बात कही है। इसी बीच एक खबर और बड़ी ही तेजी से वायरल हो रही है। ये खबर है फिल्म निर्देशक राम गोपाल वर्मा के बारे में। इस अफवाह पर लगाम लगाने के लिए राम गोपाल वर्मा को खुद ही सबके सामने आना पड़ा।
राम गोपाल वर्मा की सेहत को लेकर उड़ी अफवाह, डायरेक्टर ने खुद वीडियो साझा कर बताई सच्चाई
दरअसल सोशल मीडिया पर अक्सर कई सेलिब्रिटीज को लेकर खबरें सामने आती हैं। कई बार ये खबरें कोरी अफवाह साबित होती हैं। तो कई बार सही भी होती हैं। ऐसी ही इन दिनों एक खबर सामने आ रही है जिसमें बताया जा रहा है कि निर्देशक राम गोपाल वर्मा की तबीयत खराब है। इस खबर का खंडन करने के लिए खुद रामगोपाल वर्मा ने एक वीडियो साझा कर बताया है कि वो बिल्कुल ठीक हैं।
राम गोपाल वर्मा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है। इस वीडियो के जरिए राम गोपाल वर्मा ने बताया है कि वो बिल्कुल स्वस्थ हैं। रामगोपाल वर्मा ने इस वीडियो के साथ एक खबर का लिंक भी साझा किया है। जिसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा है, 'मेरे खिलाफ कुछ मीडिया आउटलेट्स में सामने आई अफवाहों के चलते मैं आपको ये बताना चाहता हूं कि मैं पूरी तरह से फिट हूं।'
In the wake of malicious rumours from some media outlets like one below, just wanted to clarify to whoever concerned that I am SUPER FIT https://t.co/xajKM11Z1w pic.twitter.com/FB2Q1gaTtN
वीडियो में राम गोपाल वर्मा एक्सरसाइज करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो वो कह रहे हैं कि, 'ऐसी कुछ अफवाहें हैं कि मुझे बहुत तेज बुखार है। लोगों को लग रहा होगा कि शायद ये कोरोना है या कुछ और लेकिन सच तो ये है कि मैं जबरदस्त फिट हूं। मैं लगातार काम कर रहा हूं और कई दिलचस्प फिल्में बना रहा हूं और वर्कआउट कर रहा हूं। तो जो भी इस बात से खुश था कि मैं बीमार पड़ गया हूं, सॉरी आपको दुखी करने के लिए। वहीं जो भी लोग मुझे पसंद करते हैं, मैं उन्हें बस ये कहना चाहता हूं मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं और टेंशन की बात नहीं है।'
गौरतलब है कि राम गोपाल वर्मा फिल्म इंडस्ट्री के जाने माने निर्देशकों में से एक हैं। हाल ही में उन्होंने लॉकडाउन के बीच अपनी कई सारी फिल्मों का अनाउंसमेंट किया है। उन्होंने एक फिल्म बनाने की घोषणा कुछ दिन पहले ही की है जिसमें वो इस समय का ज्वलंत मुद्दा 'सुशांत सिंह राजपूत कथित आत्महत्या' को लेकर फिल्म बनाने वाले हैं। इस फिल्म के जरिए रामगोपाल वर्मा टीवी जर्नलिज्म के बारे में बताने वाले हैं।
पढ़ें: सुशांत सिंह राजपूत की बहन मीतू सिंह से ED ने की पूछताछ, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हुए बयान दर्ज
