मौके का फायदा आखिर कौन नहीं उठाना चाहता? अपनी फिल्मों को त्यौहार के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज करने का जो मौका रिलायंस एंटरटेनमेंट ने छोड़ा है, अब उन मौकों का सदुपयोग करने के बारे में यशराज फिल्म्स विचार कर रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक यशराज फिल्म स्टूडियोज इस सीजन में अपनी फिल्म 'बंटी और बबली 2' को सिनेमाघरों में रिलीज करने की सोच रहा है। उन्हें लगता है कि त्यौहार के मौके पर यह फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब रहेगी।
यशराज फिल्म्स मारेगा मौके पर चौका, 'सूर्यवंशी' और 83' की रिलीज टलने का ये है असली गणित
रिलायंस एंटरटेनमेंट के सीईओ शिबाशीष सरकार ने अपने बयान में कहा है कि वह रणवीर सिंह की फिल्म '83' को इस क्रिसमस पर नहीं, बल्कि अगले साल जनवरी के महीने में रिलीज करेंगे। वहीं, अपनी दूसरी फिल्म अक्षय कुमार की 'सूर्यवंशी' को मार्च के महीने में रिलीज किया जाएगा। इस हिसाब से न तो इस दिवाली पर और न ही क्रिसमस के मौके पर देश में कोई बड़ी फिल्म रिलीज होने वाली। इसलिए, यशराज फिल्म्स को लगता है कि इन त्यौहारों की तारीखों का फायदा वह अपनी फिल्म 'बंटी और बबली 2' को रिलीज करके उठा सकते हैं। इस फिल्म में सैफ अली खान, रानी मुखर्जी, सिद्धांत चतुर्वेदी और शर्वरी वाघ मुख्य भूमिकाओं में हैं।
देश में दिवाली का वक्त तो बहुत नजदीक है इसलिए हो सकता है कि किसी भी बड़ी फिल्म को रिलीज होने के लिए ठीक से प्रमोशन न मिल पाए और न ही दर्शक जुट पाएं। इसलिए, आदित्य चोपड़ा का ज्यादा ध्यान क्रिसमस पर है। सूत्र बताते हैं कि वह रिलायंस एंटरटेनमेंट के साथ मिलकर अपनी फिल्मों के कैलेंडर को लेकर बातचीत कर रहे हैं। वह नहीं चाहते हैं कि किसी भी बड़ी फिल्म से उनकी फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर टकराव हो। चारों तरफ का माहौल देखने के बाद ही यशराज फिल्म्स अपनी फिल्मों को सिनेमाघरों में उतारेगा।
उधर, रिलायंस एंटरटेनमेंट की दो फिल्में '83' और 'सूर्यवंशी' बहुत लंबे समय से सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार हैं। मूल रूप से फिल्म '83' पिछली साल 5 अप्रैल को रिलीज होनी थी। लेकिन, फिर से 30 अगस्त 2019 को रिलीज किया जाना तय हुआ। इस फिल्म की तारीख एक बार फिर से बदली और 10 अप्रैल 2020 हो गई। फिर देश में कोरोना वायरस का कहर हो गया इसलिए यह फिल्म अब तक रिलीज ही नहीं हो पाई। कुछ समय पहले इसे इस साल क्रिसमस पर रिलीज करने का फैसला हुआ था। लेकिन, अब यह फिल्म अगले साल जनवरी में रिलीज होगी।
वहीं, अक्षय कुमार की फिल्म 'सूर्यवंशी' भी शुरुआती दौर में 22 मई 2019 को रिलीज होने वाली थी। लेकिन, फिर निर्माताओं ने इसके रिलीज की तारीख 12 जून 2019 कर दी। सब कुछ ठीक-ठाक नहीं रहा इसलिए यह तारीख फिर से बदलनी पड़ी और मार्च 2020 तक चली आई। फिर कोरोना वायरस की वजह से यह फिल्म भी अब तक लटकी हुई है। निर्माताओं को अंदाजा था कि इस साल दिवाली से एक-डेढ़ महीने पहले सिनेमाघर खुल जाएंगे इसलिए उन्होंने इस फिल्म को दिवाली पर रिलीज करने के बारे में सोचा था। लेकिन, ऐसा हो न सका। अब यह फिल्म मार्च 2021 में जाकर सिनेमाघरों में देखने मिलेगी।
