शनिवार को दिन भर चली हाय तौबा के बाद भी अभिनेता रणवीर सिंह की नई फिल्म ‘83’ अपनी रिलीज के दूसरे दिन के कलेक्शन में खास इजाफा नहीं कर पाई। करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से बनी फिल्म ‘83’ के 20 करोड़ रुपये की भी ओपनिंग न ले पाने से मुंबई के सट्टा बाजार में भी काफी निराशा है। उम्मीद की जा रही थी कि फिल्म शनिवार को जरूर ये आंकड़ा छू लेगी लेकिन इस दिन भी फिल्म ने मुंबई फिल्म बाजार को निराश ही किया। सूत्र बताते हैं कि फिल्म के निर्माताओँ को भी इसके बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार प्रदर्शन की खास उम्मीद नहीं थी। इसीलिए, फिल्म के ओटीटी राइट्स एक साथ दो स्ट्रीमिंग सेवा प्रदाताओं को बेच दिए गए हैं। फिल्म के सैटेलाइट राइट्स भी बिक चुके हैं। सब कुछ मिलाकर तो फिल्म अपनी लागत वसूलने में कामयाब होती दिख रही है, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म अगर 150 करोड़ रुपये का भी आंकड़ा पार न कर सकी तो ये अभिनेता रणवीर सिंह की ब्रांड वैल्यू पर तगड़ा असर डालेगी।
83 Box Office Collection Day 2: मार्केटिंग में मात खा गई क्लासिक फिल्म ‘83’, दूसरे दिन इतना रहा कलेक्शन
फिल्म ‘83’ के शुक्रवार के शुरुआती बॉक्स ऑफिस आंकड़े इसकी कमाई करीब 14 से 15 करोड़ रुपये होने की उम्मीद जता रहे थे। लेकिन, शनिवार की शाम होते होते जब फिल्म की पहले दिन की कमाई के आधिकारिक आंकड़े सामने आए तो उन्होंने तमाम खेल आधारित फिल्में देखने के शौकीनों के दिल तोड़ दिए। अगले हफ्ते बॉक्स ऑफिस पर रिलीज होने वाली फिल्म ‘जर्सी’ के निर्माताओं के तो इन आंकड़ों के बाद होश उड़े हुए हैं। फिल्म लाख जतन करके भी न तो इंटरनेट पर और न ही आम जनता के बीच चर्चा में आ पा रही है। शाहिद कपूर की फिल्म ‘कबीर सिंह’ के बाद रिलीज होने जा रही ये फिल्म भी क्रिकेट पर आधारित है। इसके अलावा तापसी पन्नू की फिल्म ‘शाबास मिठू’ पर भी इसका असर पड़ना तय है।
फिल्म रिलीज करने वाली कंपनी रिलायंस एंटरटेनमेंट के मुताबिक फिल्म ‘83’ ने पहले दिन 12.64 करोड़ रुपये की ओपनिंग ली। ये उम्मीद से बहुत ज्यादा कम है। दिल्ली यूपी और ईस्ट पंजाब फिल्म वितरण क्षेत्रों में फिल्म को खासा नुकसान उठाना पड़ा है जबकि ये फिल्म के रीयल लाइफ हीरो कपिल देव का इलाका माना जाता है। फिल्म की महाराष्ट्र में 2.82 करोड़ रुपये की और दिल्ली-यूपी में 2.50 करोड़ रुपये की कमाई हुई। फिल्म ने पंजाब में 1.34 करोड़ रुपये और गुजरात में एक करोड़ रुपये कमाए हैं। इनके अलावा बाकी सभी फिल्म वितरण क्षेत्रों में फिल्म का कारोबार एक करोड़ रुपये से नीचे ही रहा। बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी फिल्म को अच्छा रेस्पॉन्स नहीं मिला।
फिल्म के शनिवार की कमाई के जो शुरुआती आंकड़े रविवार की सुबह आए हैं, उनके मुताबिक फिल्म शनिवार को भी 20 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने में विफल रही। फिल्म ने शनिवार को तकरीबन 16 करोड रुपये की कमाई की और अब फिल्म का दो दिन का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन करीब 28 करोड़ रुपये हो चुका है। फिल्म ट्रेड के मुताबिक ये फिल्म की औसत से भी कम ओपनिंग है और अब इसका पहले वीकएंड पर 100 करोड़ रुपये का अंक छूना असंभव है। फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन अब अगर 150 करोड़ रुपये भी छू सका तो ये राहत की बात होगी।
फिल्म ’83 को समीक्षकों और दर्शकों की काफी सराहना मिल रही है, लेकिन फिल्म की मार्केटिंग टीम दर्शकों को सिनेमाघरों तक आने के लिए उत्साहित करने में विफल रही। फिल्म का पूरा प्रचार रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण के फैशन के इर्द गिर्द कर देने से भी आम दर्शक इससे दूर रहे। इसकी मार्केटिंग टीम एक कमाल की फिल्म की रिलीज को उत्सव में तब्दील करने में भी विफल रही। दिल्ली यूपी और ईस्ट पंजाब के छोटे शहरों और कस्बों के दर्शकों को पता तक नहीं है कि उनके पड़ोस के शहर में भारतीय क्रिकेट टीम की पहली विश्वकप जीत पर कोई फिल्म भी रिलीज हुई है। रणवीर सिंह ने शनिवार को बच्चों के साथ क्रिसमस मनाकर फिल्म की हाइप बनाने की कोशिश की लेकिन मामला जमता दिख नहीं रहा।
