पर्दे पर अपने अभिनय और ट्विटर पर अपनी सोच साझा करने के लिए मशहूर अभिनेता ऋषि कपूर का आज मुंबई में निधन हो गया। वह कैंसर से पीड़ित थे। पिछले साल ही वह न्यूयॉर्क से इलाज करवा कर भारत वापस आए थे। ऋषि कपूर ने अपने जमाने की मशहूर अभिनेत्री रहीं नीतू सिंह से शादी की है। दोनों ने एक साथ कई फिल्मों में काम किया है।
इन फिल्मों में दिखी ऋषि कपूर और नीतू सिंह की जोड़ी, अमिताभ संग दोनों ने दी थी सुपरहिट मूवी
कभी कभी
यश चोपड़ा की फिल्म कभी-कभी में ऋषि कपूर के अपोजिट नीतू सिंह को कास्ट किया गया था। कहा जाता है इसी फिल्म के दौरान ऋषि कपूर और नीतू सिंह का अफेयर शुरू हुआ। जो कि बाद में कई फिल्मों में देखने को मिला।
दूसरा आदमी
साल 1977 में दोनों फिल्म दूसरा आदमी में साथ नजर आए थे। इस फिल्म में दोनों की रोमांटिक जोड़ी खूब पसंद की गई थी।
अमर अकबर और एंथोनी
1977 में आई इस फिल्म को दर्शकों का बहुत प्यार मिला। इसे कादर खान ने लिखा था। इसमें ऋषि कपूर, नीतू कपूर, अमिताभ बच्चन, विनोद खन्ना, शबाना आजमी और परवीन बाबी जैसे सितारे थे।
अंजाने में
ऋषि और नीतू ने इस फिल्म में मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। इसे समीर गांगुली ने निर्देशित किया था।
धन दौलत
यह फिल्म 1980 में रिलीज हुई थी। फिल्म में ऋषि और नीतू ने मुख्य भूमिका निभाई थी। इसका निर्देशन हरीश शाह ने किया था।
बेशरम
2013 की इस एक्शन-कॉमेडी फिल्म में ऋषि और नीतू कपूर ने अपने बेटे रणबीर कपूर के साथ अभिनय किया था। ऋषि ने फिल्म में इंस्पेक्टर चुलबुल चौटाला की भूमिका निभाई, जबकि नीतू उनकी पत्नी हेड कांस्टेबल बुलबुल चौटाला की भूमिका में दिखाई दी थीं।
दो दूनी चार
ऋषि कपूर और नीतू कपूर साल 2010 में आई कॉमेडी-ड्रामा दो दूनी चार में साथ नजर आए थे। ऋषि एक शिक्षक की भूमिका में थे जो आर्थिक तंगी का सामना करने के बावजूद अपने परिवार को खुश रखने की पूरी कोशिश करता है।
लव आज कल
नीतू कपूर ने शादी के बाद लगभग 26 साल बाद साल 2009 में ऋषि कपूर के साथ ही फिल्म 'लव आज कल' से सिने पर्दे पर वापसी की थी।