फिल्म निर्माता रॉनी स्क्रूवाला की कंपनी आरएसवीपी ने ग्लोबल वन स्टूडियोज के साथ मिलकर एक किताब के अधिकार खरीदे हैं जिस पर वह एक सीरीज का निर्माण करने वाले हैं। यह किताब डोमिनिक लैपियर और जेवियर मोरो ने वर्ष 2001 में लिखी और इसकी कहानी वर्ष 1984 में हुई भोपाल गैस त्रासदी पर आधारित है। इस किताब का शीर्षक है 'फाइव पास्ट मिडनाइट इन भोपाल- द एपिक स्टोरी ऑफ द वर्ल्ड्स डेडलिएस्ट इंडस्ट्रियल डिजास्टर'।
36 साल बाद फिर घूमेगा भोपाल त्रासदी पर कैमरा, इस बार ‘उरी’ के निर्माता ने किया कैमरे के कोण का फैसला
वर्ष 1984 में 2 से 3 दिसंबर के बीच भोपाल में हुए मिथाइल आइसोसाइनेट गैस रिसाव में हजारों लोगों की जानें गईं और बहुत से लोग गंभीर रूप से इस गैस से प्रभावित भी हुए। डोमिनिक और जेवियर ने जब इस घटना पर अपनी किताब लिखी तो उन्होंने सैकड़ों चश्मदीद लोगों से बात की और इस घटना की गहराई को समझा। तब जाकर उन्होंने अपनी किताब 'फाइव पास्ट मिडनाइट इन भोपाल' को प्रकाशित किया। इस किताब से प्रभावित होकर ही रॉनी स्क्रूवाला ने रमेश कृष्णमूर्ति के साथ मिलकर इसके ऑडियो और विजुअल अधिकार एक सीरीज के निर्माण के लिए खरीदे हैं।
बीते बुधवार और बृहस्पतिवार को इस घटना को हुए 36 साल बीत चुके हैं। रॉनी को इस घटना पर एक सीरीज घोषित करने का यही सबसे अच्छा वक्त लगा। उन्होंने अपने बयान में कहा, 'दिल दहला देने वाली इस कहानी को पर्दे पर दिखाना बहुत जरूरी है। यह एक ऐसी कहानी होगी जो लोगों के दिल को छू लेगी और एक साथ गुस्सा और दया दोनों का उद्गार करेगी। यह कहानी अंतर्राष्ट्रीय नीतियों के निर्धारण और उनके काम करने के तरीके को चुनौती देगी। इन सब से ऊपर उठकर यह मानवता जगाने का भी काम करेगी। इस कहानी को कहने का इससे अच्छा समय नहीं हो सकता।'
Celebrating the spirit of human endeavour against all odds with an epic, edge of the seat story that needs to be told! #FridaysWithRSVP #DominiqueLapierre @javiermoro123 @RonnieScrewvala @SanayaIZohrabi #RameshKrishnamoorthy pic.twitter.com/dTj8zE4c4H
रॉनी स्क्रूवाला ने रमेश कृष्णमूर्ति के साथ मिलकर इस किताब के अधिकार तो खरीद लिए हैं लेकिन अब वह सीरीज के निर्माण में उनका साथ देने के लिए अव्वल दर्जे के लेखकों, निर्देशकों और रचनात्मक लोगों की तलाश कर रहे हैं। इन विभागों में कौन लोग काम करेंगे? इसके बारे में रॉनी ने अभी कोई खुलासा नहीं किया।
वर्ष 1984 में हुई भोपाल गैस त्रासदी बहुत बड़ी थी। रॉनी स्क्रूवाला पहले नहीं है जिनका ध्यान इस त्रासदी पर कोई फिल्मी प्रोजेक्ट बनाने का गया हो। इससे पहले वर्ष 1999 में महेश मथाई ने 'भोपाल एक्सप्रेस' के नाम से एक फिल्म बनाई है। इस फिल्म में केके मेनन, नेत्रा रघुरामन, नसीरुद्दीन शाह, जीनत अमान, विजय राज, आदि कलाकारों ने मुख्य भूमिका निभाईं। वर्ष 2014 में रवि कुमार के निर्देशन में भी एक फिल्म 'भोपाल- ए प्रेयर ऑफ रेन' बनी।
पढ़ें: विद्युत जामवाल ने ली मार्शल आर्ट 'कलारिपयट्टू' की ट्रेनिंग, सोशल मीडिया पर साझा किया वीडियो