अपनी अगली फिल्म ‘चेहरे’ के प्रचार में व्यस्त अभिनेता इमरान हाशमी का यशराज फिल्म्स की तेजी से बन रही फिल्म ‘टाइगर 3’ के रूस में शुरू हुए शेड्यूल से पत्ता कटने की खबर है। जानकारी के मुताबिक पिछले दो दिन से इमरान हाशमी अपनी इस नई फिल्म के लिए अपने इंटरव्यूज के पहले से निर्धारित समय इसी चक्कर में टालते रहे हैं और अब जाकर ये फाइनल हो गया है कि इमरान हाशमी ‘टाइगर 3’ की शूटिंग के लिए रूस नहीं जा रहे हैं। इस बीच, इस फिल्म के लीड पेयर सलमान खान और कटरीना कैफ में रूस के शहर सेंट पीटर्सबर्ग में शूटिंग शुरू कर दी है। शूटिंग के पहले दिन एक कार चेज का फिल्माकंन हुआ। मुंबई पहुंच रही जानकारियों के हिसाब से फिल्म ‘टाइगर 3’ के हर दिन होने वाले शूट की झलकियां फिल्म के निर्माता आदित्य चोपड़ा लगातार देख रहे हैं और इस बात का पूरा ध्यान रख रहे हैं उनका स्पाई यूनीवर्स किसी भी तरह से कमजोर न पड़े। वह अपनी हर फिल्म अब ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ स्टारर फिल्म ‘वॉर’ से बड़े स्तर की बनाना चाहते हैं।
Tiger 3: ‘टाइगर 3’ के दूसरे शेड्यूल में भी इमरान का काम नहीं, सलमान और कटरीना ने शुरू की शूटिंग
फिल्म ‘टाइगर 3’ की शूटिंग के लिए मुंबई से रवाना होते समय सलमान खान और कटरीना कैफ काफी ताजगी से भरे हुए नजर आए थे। हालांकि उनकी एयरपोर्ट से रवानगी के वक्त सलमान खान की शिनाख्त के लिए वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी का सलमान से मास्क हटाने को कहना भी खबर बन गया। लेकिन, सलमान के करीबी बताते हैं कि सलमान समेत जितने भी सितारे इन दिनों एयरपोर्ट जाते हैं, वे सब सुरक्षाद्वार पार करने से पहले मास्क हटाते ही हैं और इसमें ऐसा कुछ नहीं था जो पहली बार हुआ है। कटरीना कैफ समेत सलमान ने सेंट पीटर्सबर्ग पहुंचने के बाद अपने दृश्यों की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
निर्देशक मनीष शर्मा को पहली बार टाइगर सीरीज की किसी फिल्म को निर्देशित करने की जिम्मेदारी मिली है। नौ साल पहले रिलीज हुई इस फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म कबीर खान निर्देशित ‘एक था टाइगर’ ने कुल 325 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इसके बाद आई इसकी सीक्वेल को अली अब्बास जफर ने निर्देशित किया और इस फिल्म की वैश्विक कमाई 565 करोड़ रुपये बताई जाती है। कोरोना महामारी के बाद सिनेमाघरों के बदले हालात को देखते हुए फिल्म ‘टाइगर 3’ पांच सौ करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर पाएगी या नहीं, इस पर ध्यान न देते हुए फिल्म के निर्माता आदित्य चोपड़ा इसे एक भव्य फिल्म बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
फिल्म ‘टाइगर 3’ से इमरान हाशमी बतौर विलेन यशराज फिल्म्स में एंट्री कर रहे हैं। इमरान के मामा महेश भटट् व मुकेश भट्ट कंपनी विशेष फिल्म्स का यशराज फिल्म्स से शुरू से 36 का आंकड़ा रहा है लेकिन अब महेश भट्ट फिल्ममेकिंग से किनारा कर चुके हैं। इमरान का भी विशेष फिल्म्स से खास नाता नही बचा है। इमरान हाशमी को अब तक हिंदी सिनेमा के विभिन्न पुरस्कारों में पांच बार सर्वश्रेष्ठ खलनायक के पुरस्कार के लिए नामित किया जा चुका है, ये अलग बात है कि उन्हें अब तक कभी कोई पुरस्कार नहीं मिला। इमरान ने पिछले कुछ महीनों में परदे पर खतरनाक विलेन दिखने के लिए खूब पहलवानी की है।
इमरान हाशमी की एक फिल्म ‘चेहरे’ आने वाले शुक्रवार को रिलीज हो रही है। इस फिल्म के लिए इमरान पिछले दो दिन से लगातार इंटरव्यू के लिए वक्त निकालने की कोशिश करते रहे हैं लेकिन ऐन मौके पर कुछ न कुछ बातें अटक जाने के चलते ये इंटरव्यू हो नहीं पाए। बताया जाता है कि ऐसा फिल्म ‘टाइगर 3’ के उनके शेड्यूल को लेकर होता रहा। शनिवार को ये जाकर साफ हो पाया है कि इमरान का फिल्म ‘टाइगर 3’ के पहले शेड्यूल में कोई काम ही नहीं है। फिल्म की टीम जब रूस का काम खत्म करके टर्की जाएगी तो वहां इमरान फिल्म का हिस्सा बनेंगे। टर्की के बाद फिल्म ‘टाइगर 3’ का अगला शेड्यूल ऑस्ट्रिया में होने की संभावना जताई जा रही है।