महानगर की रामबाग कॉलोनी मेलरोज बाईपास रोड के 21 वर्षीय सब्जी विक्रेता बंटी सिंह उर्फ राधे खान के लिए फिल्म अभिनेता सलमान खान ही भगवान हैं। शनिवार को जब सलमान को जमानत पर रिहा किया गया तो वह खुशी से चहक उठा। दिल की गंभीर बीमारी से परेशान रहे बंटी का कहना है कि आज वह ‘भाई’ से मिली मदद की वजह से ही जिंदा है। सलमान की संस्था ‘बीइंग ह्यूमन’ ने चार साल पहले दिल के छेद का आपरेशन करवाकर बंटी को नई जिंदगी दी थी।
सलमान को 'भगवान' मानता है यूपी का ये शख्स, बोला-मुझे उनकी जगह 10 साल जेल में भेज दो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अपने पिता के साथ सब्जी बेचने वाले बंटी पर सलमान से मिलने का जुनून इस कदर सवार है कि जब उसे यह मालूम हुआ कि सलमान पर दर्ज केस में फैसला आने वाला है तो वह तीन अप्रैल को मुंबई चला गया। घंटों उसने सलमान के बंगले के बाहर भूखे-प्यासे रहकर कोर्ट के फैसले का इंतजार किया। हालांकि पांच साल की सजा के फैसले के बाद वह वापस लौट आया और उनकी रिहाई को दुआ मांगी। अब जमानत मिलने के बाद वह फिर सलमान से मिलने के लिए फिर मुबंई जाने की तैयारी में है। उसकी दिली चाहत है कि वह एक बार सलमान खान से रूबरू होकर उनके पैर छू ले।
मूल रूप से गंगीरी के रहने वाले बंटी के पिता बाबू सिंह की मानें तो बचपन से ही बंटी के दिल में छेद था। आर्थिक स्थिति बेहतर नहीं थी। रोग गंभीर हो गया और उसे खून की उल्टियां भी होने लगी। बंटी के पड़ोसी अमित ने अपने कुछ सहयोगियों के साथ मिलकर यह योजना बनाई कि धनराशि एकत्रित कर बंटी का इलाज कराया जाए। मीडिया में भी इसकी सूचना आई तो यह जानकारी जेएन मेडिकल कॉलेज के एक चिकित्सक के माध्यम से सलमान खान की सामाजिक संस्था बीइंग ह्यूमन तक पहुंची। इस संस्था ने बंटी का उपचार फोर्टिस हास्पिटल मुंबई में वर्ष 2014 में कराया। 17 वर्ष की अवस्था में बंटी की हार्ट सर्जरी हुई। तब इलाके के लोगों ने भी उसकी काफी मदद की। पड़ोसी अमित के अलावा अन्य लोगों ने अपना खून भी गुड़गांव जाकर दिया।
खाने से पहले निकालता है सलमान की रोटी
बंटी सलमान का फोटो हमेशा अपनी जेब में रखता है। खाने से पहले सलमान के नाम की रोटी निकाल कर पहले रखता है। बंटी कहता है कि ’भाई’ उसके दिल में भगवान की तरह बसे हैं। बंटी के परिजनों का कहना है कि अब उसके मुंह से फिर खून आने लगा है। इस पर फोर्टिस के डॉक्टर सही जवाब नहीं देते हैं। वहीं बंटी का कहना है कि ‘भाई’ के पास न वह किसी उम्मीद को लेकर गया था और न जा रहा है। यदि भाई उसकी हालत देखेंगे तो उसे विश्वास है कि फिर से उसका इलाज कराएंगे।
मुझे दे दी जाए दोगुनी सजा: बंटी
सलमान के बंगले के बाहर बंटी ने एक न्यूज चैनल को जब इंटरव्यू दिया तो उसने वहां भी यही कहा कि ‘भाई’ के बदले उसे पांच की नहीं, बल्कि दस साल की सजा दे दी जाए। वह सजा काटने को तैयार है। ‘भाई’ तो हमेशा दूसरों की मदद करते हैं। न जाति देखते हैं, न धर्म ।