कुछ ही समय में एक बड़े अभिनेता के रूप में उभरे पंकज त्रिपाठी के नाम पर रिलीज होने जा रही फिल्म 'कागज' खूब चर्चाओं में है। इसकी चर्चा का कारण खुद पंकज त्रिपाठी भी हैं और दूसरी खास बात यह है कि इस फिल्म का निर्माण सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। गुरुवार को इस फिल्म का ट्रेलर भी रिलीज हो गया है तो इस फिल्म के एक गीत पर डांस करने वाली अभिनेत्री संदीपा धर ने भी अपनी खुशी जाहिर की।
2 of 5
संदीपा धर
- फोटो : Instagram: @iamsandeepadhar
संदीपा धर सलमान खान के साथ उनकी फिल्म 'दबंग 2' में काम कर चुके हैं और अब उन्हें मौका मिला है सलमान खान की प्रोडक्शन कंपनी में काम करने का। वह फिल्म 'कागज' में एक जोश भरे गीत पर नृत्य करते हुए नजर आने वाली हैं। वैसे तो संदीपा सोशल मीडिया पर अक्सर पश्चिमी नृत्य के वीडियो साझा करती रहती हैं। लेकिन, इस गीत के लिए उन्हें देसी अंदाज में ढलना पड़ा। जैसा कि ज्ञात है कि यह फिल्म उत्तर प्रदेश की पृष्ठभूमि पर आधारित है तो संदीपा ने इस गीत के लिए भी उत्तर प्रदेश के रंग में ही खुद को रंगा।
3 of 5
Sandeepa Dhar
- फोटो : Instagram: @iamsandeepadhar
फिल्म 'कागज' में मिले एक गीत पर प्रस्तुति देने के बारे में संदीपा धर ने कहा, 'इस गीत को अहमद खान ने कोरियोग्राफ किया है और यह एकदम देसी नृत्य वाला गीत है। इस तरह के गीत का यह मेरा पहला अनुभव है जहां मुझे रंगीले और देसी अंदाज में ढलने का मौका मिला। गाना पूरी तरह से उत्तर प्रदेश की संस्कृति को ही दर्शाता है और संगीत भी वहीं का है। इस गीत पर प्रस्तुति देने के लिए मुझे बहुत ज्यादा जोश और ऊर्जा की जरूरत थी। इसके लिए मुझे काफी रिहर्सल भी करना पड़ा। कुल मिलाकर इस गीत को करने का अनुभव बहुत अच्छा रहा।'
4 of 5
Sandeepa Dhar
- फोटो : Instagram: @iamsandeepadhar
संदीपा धर वैसे तो फिल्मों में कुछ साल पुरानी हैं लेकिन उन्हें पहचान टाइगर श्रॉफ की फिल्म 'हीरोपंती' और सलमान की फिल्म 'दबंग 2' से मिली। संदीपा को कुछ समय पहले ओटीटी पर रिलीज हुई वेब सीरीज 'अभय' में भी एक अहम भूमिका निभाते हुए देखा गया। इस सीरीज में कुणाल खेमू मुख्य भूमिका में रहे। संदीपा हाल ही में आई एक क्राइम ड्रामा सीरीज 'मुंभाई' में भी नजर आईं। इन दिनों वह विक्रम भट्ट के निर्देशन में एक और वेब सीरीज 'डर्टी गेम्स' की शूटिंग कर रही हैं।
5 of 5
कागज
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
फिल्म 'कागज' लाल बिहारी नाम के एक शख्स की कहानी है जिसे गांव की राजनीति उसके जीते जी कानूनी रूप से मुर्दा घोषित कर देती है। इसके बाद लाल बिहारी की ज्यादातर जिंदगी इसी बात को साबित करने में निकल जाती है कि वह मरा नहीं, बल्कि जिंदा है। फिल्म में लाल बिहारी का किरदार निभाते हुए पंकज त्रिपाठी ही नजर आएंगे। इसके अलावा फिल्म में मोनल गज्जर और अमर उपाध्याय भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म ओटीटी पर 7 जनवरी 2021 को रिलीज होने जा रही है।