ब्लॉकबस्टर फिल्म टाइगर जिंदा है में विलेन अबू उस्मान बने ईरानी अभिनेता सज्जाद डेलाफ्रूज भारत के साथ साथ ईरान में भी कोरोना वायरस को लेकर पैदा हुए संकट को लेकर परेशान हैं। पिछले हफ्ते हॉटस्टार ओटीटी पर रिलीज हुई वेब सीरीज स्पेशल ऑप्स में मुख्य विलेन हाफिज अली के किरदार में दिख रहे सज्जाद ढाई साल से मुंबई में रह रहे हैं लेकिन उनके रिश्तेदार ईरान में ही है। वह कहते हैं, “यहां मुंबई में मुझे लोगों का बहुत प्यार मिल रहा है और लोग फोन करके मेरा हालचाल भी पूछ रहे हैं लेकिन मैं अपने परिवार को लेकर काफी तनाव में हूं।”
आगे पढ़ने के लिए लॉगिन या रजिस्टर करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
फ्री ई-पेपर
सभी विशेष आलेख
सीमित विज्ञापन
सज्जाद डेलाफ्रूज का जन्म ईरान में हुआ और उनकी परवरिश संयुक्त अरब अमीरात में। उनके तमाम रिश्तेदार अब भी ईरान में रहते हैं। निर्देशक नीरज पांडे की फिल्म बेबी में एक छोटे से किरदार से हिंदी सिनेमा में अपनी शुरुआत करने वाले सज्जाद फिल्म टाइगर जिंदा है के बाद से भारत में ही रह रहे हैं। तमाम अंतर्राष्ट्रीय फिल्मों, विज्ञापनों आदि में काम कर चुके सज्जाद को असल शोहरत हॉटस्टार की वेब सीरीज स्पेशल ऑप्स से मिली है।
सज्जाद बताते हैं, “मुझे दिन भर फोन और संदेश आते हैं। दूसरे देशों में लोग आपकी फिल्म या सीरीज देखते हैं और ‘गुड जॉब’ कहकर निकल जाते हैं। यहां लोग आपके सीन याद रखते हैं, आपके संवाद याद रखते हैं और तारीफ करने के दौरान बाकायदा इनका जिक्र करके हौसला बढ़ाते हैं। ये अच्छा लगता है। भारतीय लोगों की तारीफ करने का अंदाज ही अलग है।”
बातचीत की शुरुआत में ही सज्जाद इस बात पर जोर देते हैं कि वह हिंदी के जानकार लोगों से हिंदी में ही बात करते हैं। हिंदी सीखने का किस्सा भी वह सुनाते हैं, “बचपन में मैं शारजाह आया तो वहां वीएचएस पर हिंदी फिल्में खूब देखी जाती थीं। गली क्रिकेट भी खूब होता था। मुझे दोनों का चस्का लग गया। क्रिकेट में तो न कभी बैटिंग मिली और न बॉलिंग, बस फील्डिंग ही करता रहा, लेकिन इस बहाने मुझे फिल्में देखने को खूब मिलीं और यहीं से मुझे हिंदी फिल्मों का चस्का लग गया। फिर बड़ा हुआ तो अभिनय को अपना पेशा बनाया और हिंदी फिल्मों में मुझे नोटिस किया गया तो मैंने पहला काम हिंदी सीखने का किया।”
तो कभी अपने दोस्तों को ये बताकर सीना चौड़ा नहीं हुआ कि हिंदी सिनेमा के सुल्तान सलमान खान के साथ काम किया है? ये पूछे जाने पर सज्जाद बताते हैं, “मेरे जो ईरानी दोस्त हैं वह सलमान को जानते ही नहीं हैं। उनको बस ये पता है कि मैं हिंदी फिल्मों में काम कर रहा हूं। लेकिन, इन दोस्तों की और अपने रिश्तेदारों की मुझे याद बहुत आती है। इस समय ईरान में कोरोना का संकट है और इन सबके बारे में सोचकर काफी तनाव में आ जाता हूं मैं कभी कभी।” अपने उपनाम डेलाफ्रूज का मतलब पूछे जाने पर सज्जाद बताते हैं, “ईरानी में डेला मतलब दिल और अफ्रूज यानी अफरोज। जिसके दिल में रोशनी है, वो होता है डेलाफ्रूज। ये मेरे असली नाम का हिस्सा है हालांकि कई बार लोग मुझे कहते हैं कि मैंने अपना स्टेज या स्क्रीन नेम बहुत अच्छा रखा है।”