श्रीदेवी! यह सिर्फ एक नाम नहीं है, बल्कि किसी समय में इसे फिल्मों की सफलता का मूलमंत्र माना जाता था। 80 और 90 के दशक में वह भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी अभिनेत्री रहीं और उन्होंने तेलुगू, तमिल, मलयालम, कन्नड़ और हिंदी फिल्मों में लगातार काम करते हुए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, नंदी अवार्ड, तमिलनाडु स्टेट फिल्म अवार्ड, केरल स्टेट फिल्म अवार्ड, और फिल्मफेयर अवार्ड समेत कई पुरस्कार भी पाए। वैसे तो श्रीदेवी ने अपने समय में सभी बड़े कलाकारों के साथ काम किया है लेकिन कुछ अभिनेता ही ऐसे हैं जिनके साथ लगातार उनकी जोड़ी बनती रही। आज हम आपके सामने उन मशहूर जोड़ियों का ही जिक्र करेंगे।
जिसके साथ परदे पर किया सबसे ज्यादा रोमांस, उसे श्रीदेवी ने माना भाई, बिग बी की तमाम फिल्में ठुकराईं
कमल हासन-श्रीदेवी
श्रीदेवी की सबसे मशहूर जोड़ी तमिल फिल्मों के सुपरस्टार कमल हासन के साथ बनी। इस जोड़ी ने अलग-अलग भाषाओं की लगभग 27 फिल्मों में एक साथ काम किया। कमल और श्रीदेवी की जोड़ी फिल्मों में बाद में बनी, साथ दोनों का स्कूल के दिनों से रहा क्योंकि ये दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे। एक इंटरव्यू में कमल ने बताया था कि वह श्रीदेवी से तब मिले जब वह कुछ 15 या 16 साल की रही होंगी। इन दोनों को एक फिल्म में एक रोमांटिक जोड़ी के रूप में कास्ट किया गया था। कमल कहते हैं, 'वैसे तो एक रोमांटिक जोड़ी के रूप में हमने कई फिल्में कीं लेकिन हमारी परवरिश बिल्कुल भाई और बहन की तरह हुई थी। पर्दे पर रोमांटिक सीन करने के बाद हम बहुत हंसते थे। हम दोनों के संबंध भी एकदम घर जैसे ही थे।' इन दोनों की फिल्मों में मूंदरू मुड़ीछु, सदमा, 16 वयथिनीले, सिगप्पू रोक्कल आदि मुख्य रहीं।
रजनीकांत-श्रीदेवी
दूसरी सबसे ज्यादा फिल्में श्रीदेवी ने जिस अभिनेता के साथ कीं, वह हैं रजनीकांत। श्रीदेवी की जोड़ी रजनीकांत के साथ लगभग 20 फिल्मों में बनी। एक समय था जब श्रीदेवी की फीस एक फिल्म के लिए रजनीकांत से ज्यादा हुआ करती थी। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने अपनी फिल्म 'मूंदरू मुड़ीछु' का जिक्र करते हुए बताया था कि इस फिल्म के लिए उन्हें पांच हजार रुपये मिले थे। फिल्म में रजनीकांत और कमल हासन भी हैं। उस समय कमल हासन ने फिल्मों में अपनी जगह पक्की कर ली थी जबकि रजनीकांत नए-नए आए थे। इस फिल्म के लिए रजनीकांत को मात्र दो हजार रुपये और कमल हासन को 30 हजार रुपये मिले। श्रीदेवी ने बताया था कि रजनीकांत उनकी मां के बहुत लाडले थे इसलिए रजनी से भी श्रीदेवी के घरेलू संबंध थे। वैसे तो इन दोनों ने काफी फिल्मों में साथ काम किया है लेकिन उन फिल्मों में प्रिया, जॉनी, पोक्कीरी राजा, चालबाज जैसी कुछ फिल्में प्रमुख हैं।
जीतेंद्र-श्रीदेवी
अभिनेता जीतेंद्र के साथ श्रीदेवी पहली बार वर्ष 1983 में आई फिल्म 'हिम्मतवाला' में नजर आईं। इसके बाद लगातार इनकी जोड़ी जीतेंद्र के साथ बनती रही और इन दोनों ने एक रोमांटिक जोड़ी के रूप में 16 फिल्मों में काम किया। इन 16 फिल्मों में से 11 फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुईं। हिम्मतवाला के बाद इनकी फिल्में जानी दोस्त, जस्टिस चौधरी, मवाली, अकलमंद, तोहफा, बलिदान, सरफरोश, सुहागन, घर संसार, आग और शोला, धर्म अधिकारी, औलाद, मजाल, हिम्मत और मेहनत और सोने पे सुहागा हैं। फिल्म 'हिम्मतवाला' के एक गीत 'नैनों में सपना' पर किया गया डांस श्रीदेवी के बेहतरीन प्रस्तुतियों में से एक है।
अनिल कपूर-श्रीदेवी
श्रीदेवी की जोड़ी अनिल कपूर के साथ दर्शकों को बहुत पसंद आई। इस जोड़ी ने साथ में लगभग 13 फिल्मों में काम किया जिसमें से मिस्टर इंडिया, लम्हे, जुदाई, लाडला, हीर रांझा, मिस्टर बेचारा, रूप की रानी चोरों का राजा, राम अवतार, जांबाज फिल्में मुख्य रहीं। ये दोनों एक साथ सबसे पहले 'कर्मा' फिल्म में नजर आए थे। हालांकि, इस फिल्म में श्रीदेवी की जोड़ी जैकी श्रॉफ के साथ बनी, जबकि अनिल कपूर पूनम ढिल्लों के साथ नजर आए। इस फिल्म के बाद ही शेखर कपूर ने पहली बार इनकी जोड़ी अपनी फिल्म 'मिस्टर इंडिया' में बनाई। इस फिल्म में दोनों ने ही बेहतरीन काम किया लेकिन श्रीदेवी की तारीफ ज्यादा हुई और इस फिल्म से ही वह मिस इंडिया कहलाना शुरु हो गईं।
