सुशांत सिंह राजपूत केस में नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो ड्रग एंगल को लेकर पूछताछ कर रही है। दूसरी ओर प्रवर्तन निदेशालय की मनी लॉन्ड्रिंग को लेकर जांच जारी है। सुशांत के पिता केके सिंह ने रिया चक्रवर्ती पर एफआईआर दर्ज कराई था कि उनके बेटे के अकाउंट से 15 करोड़ रुपये की हेरा फेरी हुई है। इसके बाद ईडी एक्शन मोड में आई और रिया को समन भेजकर कई घंटे पूछताछ की थी। अब खबर है कि संभवत: सुशांत ने एक फिल्म को लेकर 15 करोड़ की बात की थी लेकिन ऐसा हो सकता है कि उसका भुगतान नहीं हुआ था।
क्या सुशांत सिंह राजपूत के अकाउंट से 15 करोड़ रुपये का हुआ था हेर फेर? इस वजह से दावे पर उठे सवाल
रिया चक्रवर्ती ने 15 करोड़ की बात से इनकार किया था। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था सुशांत ने अपने परिवार को बताया था कि निर्देशक रूमी जाफरी और निर्माता वाशु भगनानी की ओर से उन्हें एक फिल्म का प्रस्ताव मिला है। सुशांत को 15 करोड़ रुपये साइनिंग अमाउंट दिए जाने की बात हुई थी। यह फरवरी महीने की बात है। यह अभी केवल शुरुआती बातचीत थी। सुशांत और निर्माताओं के बीच इस संबंध में कोई औपचारिक एग्रीमेंट नहीं हुआ था। लॉकाडाउन की वजह से यह प्रोजेक्ट टलता चला गया और पैसों का कोई लेन देन नहीं हुआ।
अब इस संबंध में एक समाचार चैनल ने स्टिंग ऑपरेशन का दावा किया है जिसमें रूमी जाफरी ने माना कि उन्होंने सुशांत को फिल्म प्रोजेक्ट ऑफर किया था। फिल्म में सुशांत और रिया साथ में काम करने वाले थे लेकिन लॉकडाउन की वजह से चीजें रुक गईं। स्टिंग ऑपरेशन के मुताबिक जाफरी ने साफ कर दिया कि 15 करोड़ टॉप अभिनेताओं को भी नहीं मिलते। पैसा देने का तो सवाल ही नहीं था क्योंकि कोई एग्रीमेंट साइन नहीं हुआ था। उससे पहले ही लॉकडाउन हो गया।
रूमी जाफरी ने कहा कि 'आप एक निर्देशक हैं, एक हीरो हैं या एक हीरोइन, या कोई भी हैं, पहले एक अमाउंट को लेकर सहमति बनती है। मान लीजिए रूमी जाफरी को 100 रुपये देना है। तो उसका भुगतान इस तरह होगा, साइनिंग अमाउंट के रूप में पांच प्रतिशत मिलेगा। इस पर बात करके 10 प्रतिशत तक किया जा सकता है। फिर प्री प्रोडक्शन के दौरान पांच प्रतिशत, फिर पहले शेड्यूल में, दूसरे शेड्यूल में, फिर डबिंग के दौरान और आखिर में रिलीज के दौरान। किसी को भी एक साथ पूरा पैसा नहीं मिलता है।'
इससे पहले मुंबई पुलिस ने सुशांत के चार्टर्ड अकाउंटेंट संदीप श्रीधर का भी बयान लिया था। संदीप ने बताया था कि उन्होंने पुलिस को अकाउंट दिखाया। उसमें करीब चार करोड़ रुपये हैं। 15 करोड़ का जो आरोप लगाया जा रहा है वो तो है ही नहीं।
