अपने साथी पटकथा लेखकों और गीतकारों को सम्मानित करने के लिए स्क्रीनराइटर्स एसोसिएशन की तरफ से शुरू किए एसडब्ल्यूए अवॉर्ड्स की बोहनी शानदार रही। अभिनेता वरुण बडोला और राजेश्वरी सचदेव की मेजबानी लोगों को खूब भाई। इस समारोह में फीचर फिल्मों, टीवी शो, वेब सीरीज और गीतों की 15 श्रेणियों के पुरस्कार घोषित किए गए।
SWA Awards 2020: टीवी, वेब सीरीज और फिल्मों के इन लेखकों को मिला सम्मान, वरुण ग्रोवर ने जीत ली महफिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
समारोह में आतिश कपाड़िया ने आमतौर पर लेखकों के प्रति होते दुनिया के व्यवहार पर कॉमेडी प्रस्तुत की। लेखक और स्टैंड-अप कॉमिक वरुण ग्रोवर ने हिंदी फिल्म और टेलीविजन जगत में लेखकों को अक्सर प्राप्त होने वाली विचित्र सलाहों और टिप्पणियों पर अपनी विशिष्ट टिप्पणी की और महफिल लूट ली। गीतकार शैली और हुसैन हैदरी ने लेखकों की कठिनाइयों और खुशियों पर एक जुगलबंदी प्रस्तुत की।
आभासी दुनिया में हुए इन पुरस्कार समारोहों के दौरान टीवी शो की श्रेणियों में विजेताओं की घोषणा की गई। इस श्रेणी के तहत टीवी कॉमेडी-सर्वश्रेष्ठ कहानी का पुरस्कार नितिन केसवानी को तारक मेहता का उल्टा चश्मा के लिए, टीवी कॉमेडी-सर्वश्रेष्ठ संवाद का पुरस्कार भावना व्यास को बावले उतावले के लिए, टीवी कॉमेडी- सर्वश्रेष्ठ पटकथा का पुरस्कार आतिश कपाड़िया को भाखरवड़ी के लिए, टीवी ड्रामा-सर्वश्रेष्ठ संवाद का पुरस्कार प्रीति मामगेन को मेरे डैड की दुल्हन के लिए और टीवी ड्रामा- सर्वश्रेष्ठ पटकथा का पुरस्कार कार्तिक सीतारमन को मेरे डैड की दुल्हन के लिए मिला।
अगली कैटेगरी वेब सीरीज की रही जिसमें वेब सीरीज-सर्वश्रेष्ठ ओरिजिनल ड्रामा का पुरस्कार रिची मेहता और संयुक्ता चावला शेख को दिल्ली क्राइम के लिए, सर्वश्रेष्ठ ओरिजिनल कॉमेडी का पुरस्कार देविका भगत और इशिता मोइत्रा को फोर मोर शॉट्स प्लीज़ के लिए, सर्वश्रेष्ठ अनूदित सीरीज का पुरस्कार ध्रुव नारंग, निहित भावे, पूजा तोलानी और वरुण ग्रोवर को सेक्रेड गेम्स सीजन 2 के लिए मिला।
गीतों की कैटेगरी में टीवी शो/वेब सीरीज में सर्वश्रेष्ठ गीत का पुरस्कार जमा हबीब को टीवी शो इशारों इशारों में के गीत "एक चुप तुम, एक चुप मैं" के लिए मिला। फिल्मों के लिए यही पुरस्कार मनोज मुंतशिर को फिल्म केसरी के गीत "तेरी मिट्टी" के लिए दिया गया। फीचर फिल्म्स कैटेगरी में सर्वश्रेष्ठ लैंगिक संवेदनशीलता वाली पटकथा लिखने का पुरस्कार इवान अय्यर और किसलय को ओटीटी फिल्म सोनी के लिए दिया गया। इसी कैटेगरी में नवोदित लेखकों का पुरस्कार भी इवान अय्यर और किसलय को ही मिला। विजय मौर्या ने फिल्म गली बॉय में संवाद लिखने के लिए पुरस्कार जीता तो अनुभव सिन्हा और गौरव सोलंकी को ये पुरस्कार आर्टिकल 15 के लिए की कथा और पटकथा दोनों के लिए दिया गया।