टीवी का पॉपुलर रियलिट शो ‘द कपिल शर्मा शो’ इन दिनों विवादों में फंसा हुआ है। 'द कश्मीर फाइल्स' के निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने कपिल शर्मा पर आरोप लगाया था कि कपिल शर्मा ने अपने शो में 'द कश्मीर फाइल्स' की टीम को बुलाने से इनकार कर दिया था। निर्देशक के इस आरोप के बाद से ही कपिल शर्मा ट्रोल हो रहे हैं। हालांकि, इस विवाद के बीच अनुपम खेर का एक वीडियो सामने आया, जिसमें अनुपम खेर ने कपिल शर्मा के शो में फिल्म को प्रमोट ना करने की वजह बताई है। इस वीडियो को कपिल शर्मा ने सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसके साथ उन्होंने अनुपम खेर को धन्यवाद भी कहा। वहीं, अब इस वीडियो पर अनुपम खेर ने कुछ ऐसा कह दिया, जिससे कपिल शर्मा फिर से बुरी तरह फंस गए हैं।
The Kashmir Files: ‘द कश्मीर फाइल्स’ को लेकर फिर विवादों में कपिल शर्मा, अनुपम खेर ने लगाया आधा सच बताने का आरोप
अब क्या बोले अनुपम खेर?
कपिल शर्मा ने अनुपम खेर के इंटरव्यू का ये वीडियो ट्विटर पर भी पोस्ट किया है, जो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। इसी वीडियो को अनुपम खेर ने रीट्वीट करते हुए लिखा, 'प्यारे कपिल, काश आपने पूरा वीडियो पोस्ट किया होता। ना कि आधा सच। पूरी दुनिया सेलिब्रेट कर रही है। आपने भी आज रात सेलिब्रेट किया। प्यार और प्रार्थना हमेशा।' अनुपम खेर के इस ट्वीट ने अब हर किसी को हैरान कर दिया है। सोशल मीडिया पर ये ट्वीट तेजी से वायरल हो रहा है।
अनुपम खेर ने अपने इंटरव्यू में कपिल शर्मा के शो के बारे में कहा कि वह 'द कपिल शर्मा' शो पर अपनी फिल्म का प्रचार नहीं करना चाहते थे क्योंकि यह एक गंभीर फिल्म है और द कपिल शर्मा शो एक कॉमेडी शो है। अनुपम खेर आगे कहते हैं कि 'द कश्मीर फाइल्स' की टीम को दो महीने पहले ही शो में आने के लिए कह दिया गया था, लेकिन मैंने अपने मैनेजर हरमन से कहा कि 'यह फिल्म बहुत गंभीर मुद्दे पर बनी है इसलिए मैं शो में नहीं जा सकता। हमने ही कॉमेडी टॉक शो में 'द कश्मीर फाइल्स' को प्रमोट करने से इनकार कर दिया था।
इस वीडियो के साथ कपिल शर्मा ने कैप्शन में लिखा, ‘मेरे खिलाफ सभी झूठे आरोपों को स्पष्ट करने के लिए धन्यवाद पाजी (अनुपम खेर)। और उन सब दोस्तों का भी शुक्रिया जिन्होंने बिना सच जाने मुझे इतनी मोहब्बत दी। खुश रहें, मुस्कुराते रहे।’
विवेक अग्निहोत्री की फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। ये फिल्म महज 14 करोड़ के बजट में बनी है लेकिन कमाई के मामले में इस फिल्म ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। फिल्म ने महज चार दिनों में कुल 43.15-45.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। यह उम्मीद जताई जा रही है कि 'द कश्मीर फाइल्स' मंगलवार को और भी बेहतर प्रदर्शन करेगी