{"_id":"613a547c8ebc3ef2c0713971","slug":"the-matrix-resurrections-trailer-warner-bros-keanu-reeves-priyanka-chopra-carrie-anne-lana-wachowski","type":"photo-gallery","status":"publish","title_hn":"The Matrix Resurrections Trailer: कियानू रीव्स का और निखरा तिलिस्म, प्रियंका की दिखी ‘इत्तू’ सी झलक","category":{"title":"Bollywood","title_hn":"बॉलीवुड","slug":"bollywood"}}
The Matrix Resurrections Trailer: कियानू रीव्स का और निखरा तिलिस्म, प्रियंका की दिखी ‘इत्तू’ सी झलक
अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
Published by: प्रतिभा सारस्वत
Updated Fri, 10 Sep 2021 07:56 AM IST
विज्ञापन
फिल्म ‘द मैट्रिक्स रिसरेक्शन्स’ का एक दृश्य
- फोटो : यूट्यूब ट्रेलर ग्रैब
हिंदुस्तानी बॉक्स ऑफिस पर इस साल दिसंबर के महीने में तय हो रहे सितारों के महामुकाबले में अब कियानू रीव्स की भी एंट्री हो गई है। उनकी अगली फिल्म ‘द मैट्रिक्स रिसरेक्शन्स’ का ट्रेलर गुरुवार को रिलीज हो गया। ट्रेलर में भारतीय अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा भी हैं लेकिन इसके लिए आपको ट्रेलर बहुत ध्यान से देखना होगा, उनकी झलक आपकी पलक झपकते ही आपसे मिस हो सकती है। प्रियंका चोपड़ा की टीम ने उनके इस फिल्म में काम करने को लेकर काफी शोर हाल के दिनों में मचाया था लेकिन ट्रेलर देखकर यही लगता है कि फिल्म में उनका रोल काफी छोटा होगा और ये वैसा ही हो सकता है जैसा भारतीय अभिनेता हरीश पटेल का मार्वेल स्टूडियोज की फिल्म ‘इटर्नल्स’ में है। फिल्म ‘द मैट्रिक्स रिसरेक्शन्स’ के ट्रेलर का काफी दिनों से इस फ्रेंचाइजी के फैन्स इंतजार कर रहे थे और यूट्यूब पर जब गुरुवार को इसका प्रीमियर हुआ तो करीब एक लाख लोग इसे लाइव देख रहे थे। ट्रेलर का लिंक इस खबर में आगे दिया गया है। लेकिन, पहले इसकी कहानी...
Trending Videos
फिल्म ‘द मैट्रिक्स रिसरेक्शन्स’ का एक दृश्य
- फोटो : यूट्यूब ट्रेलर ग्रैब
फिल्म ‘द मैट्रिक्स रिसरेक्शन्स’ के ट्रेलर में इस फ्रेंचाइजी के मुख्य किरदार नियो और ट्रिनिटी दोनों लौट आए हैं। मैट्रिक्स सीरीज की फिल्मों की शुरूआत साल 1999 में हुई थी और इस फिल्म ने समानांतर दुनिया के विचार को हिंदुस्तानी दर्शकों तक पहुंचाया था। ट्रेलर की शुरुआत कियानू रीव्स से होती है। लंबी दाढ़ी और लंबे बालों के साथ नियो अपना इलाज कर रहे चिकित्सक से कहता है, ’मैं सपने देखता हूं लेकिन ये सिर्फ सपने नहीं हैं।’ और उसके बाद ट्रेलर कहानी में इससे पहले घट चुकी बातों की तरफ दर्शकों को ले जाता है। नीले कैप्सूल खाते दिख रहे नियो के सामने ट्रेलर के आखिर तक लाल कैप्सूल की भी गुत्थी आती है। ये लाल कैप्सूल उसे फिर से नई उड़ान पर ले जाता है। ट्रेलर से यूं लगता है कि नीला कैप्सूल उसे हकीकत में रखता है और लाल कैप्सूल उसे फिर से वहीं ले आता है, मैट्रिक्स में।
विज्ञापन
विज्ञापन
फिल्म ‘द मैट्रिक्स रिसरेक्शन्स’ का एक दृश्य
- फोटो : यूट्यूब ट्रेलर ग्रैब
फिल्म ‘द मैट्रिक्स रिसरेक्शन्स’ का ट्रेलर पेचीदा है। ये दर्शकों को सीधे अपनी तरफ खींच लेता है। अगर आपने इस सीरीज की कहानियों का सिरा शुरू से पकड़ रखा है तो आपको इसके हर संवाद का मतलब तुरंत समझ में भी आ जाएगा। ट्रेलर में जेसिका हेनविक भी दिखती हैं। सच की तलाश में लगे नियो से उनका किरदार अपने पीछे आने को भी कहता है। लेकिन, ये सब कुछ इतना आसान दिखता भी नहीं है। ट्रिनिटी के साथ नियो का समागम कहानी के नए अध्याय इस ट्रेलर में खोलता नजर आता है।
फिल्म ‘द मैट्रिक्स रिसरेक्शन्स’ का एक दृश्य
- फोटो : यूट्यूब ट्रेलर ग्रैब
प्रियंका चोपड़ा के फैंस जरूर फिल्म ‘द मैट्रिक्स रिसरेक्शन्स’ के ट्रेलर से काफी निराश होंगे। आंखों में मोटा चश्मा लगाए और ‘एलिस इन वंडरलैंड’ पढ़ती दिखीं प्रियंका की ये करीब 24 फ्रेम या उससे थोड़ा ज्यादा की पलक झपकते निकल जाती है। प्रियंका की पीआर टीम को इस फिल्म के ट्रेलर से काफी उम्मीदें रही हैं लेकिन ट्रेलर में जिस तरह की ये झलक उनकी दिखी है, वह उनकी ब्रांडिंग को कोई खास मदद मनोरंजन जगत में नहीं पहुंचाती। इससे बड़े बड़े किरदार तो नसीरुद्दीन शाह और इरफान खान जैसे सितारे पहले ही हॉलीवुड में कर चुके हैं। दीपिका पादुकोण भी विन डीजल के साथ ‘ट्रिपल एक्स’ में बेहतर रोल कर चुकी हैं।
विज्ञापन
फिल्म ‘द मैट्रिक्स रिसरेक्शन्स’ का एक दृश्य
- फोटो : यूट्यूब ट्रेलर ग्रैब
लाना वाचोव्स्की के निर्देशन में बनी फिल्म ‘द मैट्रिक्स रिसरेक्शन्स’ 22 दिसंबर को रिलीज हो रही है। फिल्म सिनेमाघरों के साथ ही ओटीटी एचबीओ मैक्स पर भी रिलीज होगी और करीब एक महीने तक ओटीटी पर उपलब्ध रहेगी। इस फिल्म के एलान के साथ ही दिसंबर का महीने मेगाबजट फिल्मों के लिए और बेहतर तरीके से सज गया है। बीते महीने ही मार्वेल स्टूडियोज की मेगा बजट फिल्म ‘स्पाइडरमैन नो वे होम’ की रिलीज का भी दिसंबर के तीसरे शुक्रवार को होने का एलान हो चुका है। दिसंबर के महीने में इसके पहले अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा’, आमिर खान की फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ और रणवीर सिंह की फिल्म ‘सर्कस’ की रिलीज की घोषणाएं हो चुकी हैं। दिसंबर महीने में ही सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी की डेब्यू फिल्म ‘तड़प’ भी रिलीज होने जा रही है।
