दिवाली का त्योहार गुजर गया लेकिन ओटीटी पर धमाके तो आगे भी होते ही रहेंगे। इस हफ्ते भी कुछ धमाकेदार प्रोजेक्ट्स हैं जो ओटीटी पर दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनेंगे। देश में सिनेमाघरों के ताले भी खुल चुके हैं। लेकिन दमदार फिल्में न होने की वजह से लोग अभी सिनेमाघरों में जाने का हौसला नहीं तलाश पा रहे हैं। ओटीटी का दबदबा आगे भी कायम रहने वाला है। आइए बताते हैं कि इस हफ्ते ओटीटी पर कौन सी फिल्में और वेब सीरीजें आपका मनोरंजन करेंगी?
This Week On OTT: एकता को ये सीरीज दिखाएंगी आइना, गालियों के मुकाबले में हॉलीवुड की दमदार कहानियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
17 नवंबर
शुरुआत बच्चों का मन बहलाने से ही करते हैं। नेटफ्लिक्स इस मंगलवार को रिलीज कर रहा है अपनी चर्चित वेब सीरीज 'द बॉस बेबी- बैक इन बिजनेस' का चौथा सीजन। यह एनिमेटेड सीरीज एक बॉस की तरह रौब जमाने वाले बच्चे पर ही आधारित है। इसलिए, इसमें बच्चों को आकर्षित करने की पूरी क्षमता है। इसी के साथ नेटफ्लिक्स एक डॉक्यूमेंट्री सीरीज 'वी आर द चैंपियंस' भी रिलीज करेगा। अंग्रेजी भाषा की यह सीरीज कुछ अनोखी प्रतियोगिता को दर्शाएगी। जैसे मिर्ची खाना, ढलान से लुढ़कती गेंद को पकड़ना, मेंढक की तरह उछलना, आदि।
इधर, आईपीएल खत्म होने के बाद डिज्नी भी फुल फॉर्म में है। अंग्रेजी भाषा में डिज्नी प्लस भी बच्चों के ही लिए एक एनिमेटेड सीरीज 'लीगो स्टार वॉर्स हॉलीडे स्पेशल' रिलीज कर रहा है। यह डिज्नी की 'स्टार वॉर्स' फिल्मों से बिल्कुल अलग कहानी होगी। इसके साथ ही डिज्नी एक अमेरिकी क्राइम थ्रिलर सीरीज 'बिग स्काई' भी रिलीज करेगा। यह कहानी प्राइवेट डिटेक्टिव कैसी डेवैल और कोडी होइट की है जो दो लापता लड़कियों की तलाश में निकलते हैं। खोज में उन्हें पता चलता है कि गायब होने वाली सिर्फ वही दो लड़कियां नहीं हैं।
18 नवंबर
बुधवार का दिन हिंदी दर्शकों के लिए और बालाजी टेलीफिल्म्स के लिए भी लिटमस टेस्ट होने वाला है। केंद्र सरकार ने वेब सीरीज को जब से अपने अधीन किया है उसके बाद एकता कपूर की टीम पहला गुल खिलाने जा रही है। ट्रेलर में ही गालियों की इफरात और फालतू की बकवास से अटी पड़ी सीरीज 'बिच्छू का खेल' इसके हीरो दिव्येंदु के लिए 'इक्कीस तोपों की सलामी' साबित होगी या फिर कुछ और, इससे परदा बस उठने ही वाला है। इसी दिन डिज्नी एक और एनिमेटेड सीरीज 'द वंडरफुल वर्ल्ड ऑफ मिकी माउस' रिलीज करने वाला है। इसमें मिकी माउस अपने दोस्तों के साथ एक नए रोमांचक सफर पर निकलेगा।
19 नवंबर
इस बृहस्पतिवार को नेटफ्लिक्स अंग्रेजी भाषा की एक फिल्म 'द प्रिंसेस स्विच- स्विच्ड अगेन' रिलीज करेगा। यह वर्ष 2018 में आई क्रिसमस कॉमेडी रोमांटिक फिल्म 'द प्रिंसेस स्विच' का सीक्वल है। इसकी कहानी एक बार फिर से मोंटेनारो की रानी मार्गरेट डेलाकोर्ट की है जिसे विरासत में अचानक से मोंटेनारो का सिंहासन मिल जाता है। मार्गरेट पर राज्य की जिम्मेदारी आ जाने के बाद वह अपने प्रेमी केविन के साथ भी अपने रिश्ते संभालने की कोशिश में लगी रहती है। इस फिल्म में वेनेसा हडजेंस, निक सागर, सैम पैलेडियो, आदि ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।
20 नवंबर
मनोरंजन की दृष्टि से शुक्रवार फिर से बहुत बड़ा रहेगा। इस दिन जी5 अपनी एक ओरिजिनल फिल्म 'रात बाकी है' रिलीज करने वाला है। यह एक थ्रिलर ड्रामा फिल्म होगी जिसमें पाउली डैम, दीपानीता शर्मा, राहुल देव, अनूप सोनी, आकाश दहिया आदि कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। इस फिल्म की कहानी सिर्फ एक रात की ही है इसमें कार्तिक और वासुकी एक जोड़ा है जो 12 साल पहले अपना रिश्ता खत्म कर चुका है। और, अचानक से एक रात ये दोनों मिलते हैं। इसी रात एक हत्या भी होती है जिसका सबसे बड़ा आरोपी कार्तिक ही है। और भी कई घटनाएं एक साथ घटने के बाद यह रात बहुत लंबी होती है।
सोनी लिव भी अपनी ओरिजिनल 'ए सिंपल मर्डर' वेब सीरीज के साथ इस शुक्रवार को एक बड़ा धमाका करने वाला है। इस वेब सीरीज की कहानी कुछ इत्तेफाकों से शुरू होती है और बाद में वही इत्तेफाक गंभीर घटनाएं बन जाते हैं। और इन घटनाओं की वजह बनता है इसके सभी किरदारों के लालच। यह एक डार्क कॉमेडी सीरीज होगी जिसमें मोहम्मद जीशान अय्यूब, सुशांत सिंह, अमित सियाल, यशपाल शर्मा, गोपाल दत्त, प्रिया आनंद, आदि कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं।
शुक्रवार को अमेजॉन प्राइम वीडियो भी एक डॉक्यूमेंट्री सीरीज 'द पैक' रिलीज करने वाला है। यह वेब सीरीज एक किस्म की प्रतियोगिता है जिसने 12 टीमें हिस्सा लेंगी। हर टीम में एक प्रतियोगी अपने कुत्ते के साथ इस प्रतियोगिता में भाग लेगा। प्रतियोगिता में अपने कुत्ते के साथ मिलकर उस प्रतियोगी को कुछ चुनौतीपूर्ण काम करने होंगे। जीतने वाले को पांच लाख डॉलर का इनाम दिया जाएगा। इस प्रतियोगिता को होस्ट करने का काम स्वर्ण पदक विजेता स्कीयर लिंजी वन अपने कुत्ते लूसी के साथ करेंगी।