हिंदी सिनेमा में उपासना सिंह किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। छोटे पर्दे से लेकर बड़े पर्दे तक उन्होंने हर रोल से खुद को साबित किया है। टीवी और हिंदी फिल्मों के अलावा उन्होंने क्षेत्रीय फिल्मों में भी अपनी पहचान बनाई है। वर्ष 1997 में आई फिल्म 'जुदाई' में उनका किरदार आखिर कौन भूल सकता है? 'अब्बा डब्बा जब्बा' कहकर उन्होंने दर्शकों के दिल में खास जगह बनाई थी। इसके बाद शो 'सोन परी' में काली परी का किरदार हो या कपिल शर्मा शो में बुआ, उपासना अपने हर रोल से दर्शकों के दिल में उतर गईं। आज उन्हें 'टीवी की बुआ' के रूप में जाना जाता है। उपासना सिंह का आज जन्मदिन है। इस मौके पर जानते हैं एक्टिंग की दुनिया में उनका अब तक का सफर...
Upasana Singh: सात वर्ष की उम्र में ही दूरदर्शन पर प्रोग्राम करने लगी थीं 'कप्पू की बुआ', अब कर रही हैं यह काम
बचपन से ही दूरदर्शन पर किए प्रोग्राम
उपासना सिंह का जन्म 29 जून 1975 को पंजाब के होशियारपुर में हुआ था। यहीं से उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई की। उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी से ड्रामेटिक आर्ट में मास्टर की डिग्री ली। उपासना सिंह में बचपन से ही अभिनय प्रतिभा थी। यही वजह थी कि महज सात साल की उम्र से ही वह टीवी से जुड़ गई थीं। वह स्कूल की तरफ से दूरदर्शन पर कार्यक्रम किया करती थीं।
राजश्री प्रोडक्शन की फिल्म से किया डेब्यू
वर्ष 1986 में उपासना ने राजश्री प्रोडक्शन के बैनर की फिल्म से डेब्यू किया। इसके बाद वर्ष 1988 में उन्होंने राजस्थानी फिल्म 'बाई चली सासरे' में काम किया। इस फिल्म से उन्होंने राजस्थानी सिनेमा में तहलका मचा दिया। इस फिल्म की सफलता के बाद उपासना ने राजस्थानी के अलावा पंजाबी, गुजराती, भोजपुरी समेत कई क्षेत्रीय फिल्मों में काम किया। एक बातचीत के दौरान खुद उपासना ने कहा था, ' एक वक्त था, जब मैं दिन में तीन-तीन शिफ्ट किया करती थी।
2009 में किया विवाह
उपासना सिंह ने हिंदी फिल्मों में भी अपनी अच्छी पहचान बनाई है। उन्होंने 'डर', 'लोफर', 'जुदाई', 'इश्क-विश्क', 'हंगामा', 'हलचल', 'एतराज' और 'जुड़वां-2' समेत कई फिल्मों में सपोर्टिंग किरदार निभाए हैं। वहीं छोटे पर्दे की बात करें तो 'सोनपरी', 'मायका', 'राजा की आएगी बारात' जैसे सीरियल में उन्होंने काम किया है। 'द कपिल शर्मा शो' में बुआ के किरदार में अपनी कॉमेडी से उन्होंने लोगों का जमकर मनोरंजन किया। बता दें कि वर्ष 2009 में उपासना सिंह ने टीवी एक्टर नीरज भारद्वाज से शादी की। दोनों एक साथ 'ए दिले नादान' सीरियल में काम कर रहे थे। दोनों को सेट पर ही प्यार हुआ और फिर दोनों ने शादी कर ली।
निर्देशन की दुनिया में हैं व्यस्त
उपासना सिंह के फैंस जानना चाहते हैं कि उनकी चहेती बुआ आखिर इन दिनों कहां हैं? तो जवाब है-निर्देशन की दुनिया में। हाल ही में अमर उजाला के साथ हुई एक खास बातचीत में उपासना सिंह ने बताया कि वह इन दिनों बीते साल की मिस यूनिवर्स हरनाज कौर संधू के साथ अपने बेटे को लॉन्च करने की तैयारियों में व्यस्त हैं और इस फिल्म का निर्देशन भी खुद ही करने जा रही हैं। बता दें कि उपासना सिंह अपनी मां के निधन के बाद से अपना जन्मदिन नहीं मनाती हैं।