टीवी पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रमों का विश्लेषण करने वाली वेबसाइट ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल इंडिया की ताजा रिपोर्ट से ऐसा लग रहा है जैसे अब धीरे-धीरे टीवी पर हिंदी फिल्मों का चलन फिर से बढ़ रहा है। दुबई में चल रहे इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल की चमक अब सलमान खान के शो 'बिग बॉस' और अमिताभ बच्चन के शो 'कौन बनेगा करोड़पति' जैसी ही फीकी होती नजर आ रही है। हिंदी दर्शकों को पिछले हफ्ते हिंदी की फिल्मों ने ही लुभाया और इसमें शीर्ष पर रही अभिनेता वरुण धवन और श्रद्धा कपूर की फिल्म 'स्ट्रीट डांसर 3डी'।
वरुण और श्रद्धा की ये फिल्म बनी टीवी दर्शकों की पहली पसंद, मूवी चैनलों पर और घटी आईपीएल की चमक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रेमो डिसूजा के निर्देशन में बनी फिल्म 'स्ट्रीट डांसर 3डी' इस साल की शुरूआत में ही रिलीज हुई थी। फिल्म की कहानी दो डांस ग्रुप के बीच होने वाली प्रतियोगिता पर आधारित है। हालांकि, बाद में ये दोनों ही ग्रुप एक जरूरी काम के लिए एक साथ मिलकर प्रस्तुति देते हैं। फिल्म को दर्शक तो ठीक-ठाक मिल गए थे लेकिन समीक्षकों ने इसे ज्यादा पसंद नहीं किया। वही चीज एक बार फिर से देखने मिली है। पिछले हफ्ते टीवी पर यह फिल्म सोनी मैक्स चैनल पर प्रसारित हुई और इसे एक बार फिर से सबसे ज्यादा दर्शक मिले।
तेलुगू फिल्मों में स्टाइलिस्ट स्टार माने जाने वाले अभिनेता अल्लू अर्जुन की फिल्म 'डीजे' इस बार शीर्ष फिल्मों में दूसरे नंबर पर रही। ढिंचक चैनल पर प्रसारित हुई इस फिल्म ने तो यूट्यूब पर भी व्यूअरशिप का रिकॉर्ड तोड़ा है। तीसरा नंबर स्टार गोल्ड पर प्रसारित हुए आईपीएल को मिला। देश में क्रिकेट के इतने प्रशंसक हैं तो जब तक आईपीएल चलेगा, तब तक टॉप फाइव में इसकी जगह तो पक्की है।
चौथे और पांचवें दोनों ही स्थान ढिंचक चैनल ने घेरे। चौथे स्थान पर अल्लू अर्जुन की ही फिल्म 'एक ज्वालामुखी' रही। पुरी जगन्नाथ के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अर्जुन के साथ हंसिका मोटवानी और प्रदीप रावत मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसी तरह पांचवा स्थान गिरीश कुमार और श्रुति हसन की रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'रमैया वस्तावैया' को मिला।
यह रिकॉर्ड हिंदी फिल्मों के सभी चैनलों का था। इनमें अगर सब्सक्रिप्शन पर आधारित चैनलों की बात करें तो पहले नंबर पर सोनी मैक्स पर प्रसारित हुई 'स्ट्रीट डांसर 3डी' ही रही। उसी तरह दूसरा स्थान स्टार गोल्ड पर प्रसारित हुए आईपीएल को मिला। तीसरा स्थान स्टार गोल्ड 2 को मिला है जिस पर अक्षय कुमार, बॉबी देओल और रितेश देशमुख की फिल्म 'हाउसफुल 4' प्रसारित हुई। 'हाउसफुल 4' फिल्म स्टार गोल्ड पर भी प्रसारित हुई जिसको इस सूची में चौथा स्थान मिला है। अंतिम और पांचवा स्थान भी स्टार गोल्ड के नाम ही रहा। इस पर प्रसारित हुई 'टोटल धमाल' फिल्म को भी दर्शकों ने खूब देखा। काफी समय बाद सब्सक्रिप्शन पर आधारित चैनलों पर सबसे ज्यादा हिंदी की ओरिजिनल फिल्में ही आकर्षण का केंद्र बनीं।