फिल्मी दुनिया दो वर्षों बाद इस साल और रंगीन होकर लौटी है। सिनेमाघरों में लगातार एक्शन से लेकर रोमांटिक हर तरह के जॉनर की फिल्में रिलीज हो रही हैं, जो दर्शकों का भरपूर मनोरंजन भी कर रही हैं। जहां एक तरफ साल की शुरुआत में बॉक्स ऑफिस पर साउथ सिनेमा का बोलबाला रहा, वहीं दूसरी तरफ बॉलीवुड के बड़े-बड़े सितारों की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर मुंह के बल गिरीं। अब एक बार फिर सिनेमाघरों में बॉलीवुड बनाम साउथ की जंग देखने को मिलने वाली है। आने वाली तीन जून को बड़े पर्दे पर अक्षय कुमार की 'सम्राट पृथ्वीराज', कमल हासन की 'विक्रम' और अदिवी शेष की 'मेजर' के बीच क्लैश होने वाला है। इस क्लैश से तीनों फिल्मों की कमाई पर भारी असर पड़ सकता है। आइए जानते हैं तीनों फिल्में जब बॉक्स ऑफिस पर टकराएंगी तो इनके कारोबार पर क्या असर पड़ेगा।
Vikram VS Major VS Samrat Prithviraj: अक्षय कुमार को लग सकता है झटका, विक्रम-मेजर को बढ़िया ओपनिंग मिलने के आसार
शुरुआती आंकड़ों में इस फिल्म को मिली बढ़त
निर्देशक लोकेश कनगराज के निर्देशन में बनी फिल्म 'विक्रम' से कमल हासन को बड़े पर्दे पर वापसी करते हुए देखने के लिए लोग बेचैन हैं, तो मेजर उन्नीकृष्णन की वीरता पर आधारित दक्षिण भारतीय फिल्म 'मेजर' के लिए भी दर्शकों के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। 'मेजर' एक तेलुगू फिल्म है, जिसमें अदिवी शेष ने अभिनय किया है। दूसरी तरफ, अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म ने अपनी एडवांस बुकिंग से काफी अच्छी शुरुआत की है। यह लोगों के बीच स्टार की फैन फॉलोइंग को दर्शाने के साथ ही यह भी बताता है कि लगातार फ्लॉप फिल्में देने के बाद भी अक्षय का स्टारडम अभी फीका नहीं पड़ा है। तो, कौन सी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बेहतर शुरुआत करने वाली है और कौन सी साउथ फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' को हिंदी बेल्ट में चुनौती दे सकती है, यह जानने के लिए हमें थोड़ा अंक गणित समझना पड़ेगा।
सम्राट पृथ्वीराज
निर्देशक चंद्रप्रकाश द्विवेदी की मेगा बजट ऐतिहासिक फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' से तीन जून को बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार यानी अक्षय कुमार सिनेमाघरों में ''बच्चन पांडे' के बाद एक फिर वापसी करेंगे। यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनाई गई यह फिल्म राजा पृथ्वीराज चौहान के जीवन पर आधारित है। फिल्म में जहां अभिनेता अक्षय कुमार राजा पृथ्वीराज की भूमिका में निभाते नजर आएंगे। वहीं, मानुषी छिल्लर संयोगिता का किरदार निभाकर बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं। फिल्म में अक्षय और मानुषी के अलावा सोनू सूद, संजय दत्त,आशुतोष राणा, मानव विज, साक्षी तंवर, ललित तिवारी भी अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे। इस 300 करोड़ रुपये के बजट में बनी मल्टीस्टारर फिल्म को मिल रहे बज के बावजूद फिल्म से पहले दिन कुल 13 से 15 करोड़ रुपये कमाने की उम्मीद की जा रही है। अगर फिल्म इतना कमाती है तो यह बहुत ही निराशाजनक होने वाला है। इतने ज्यादा बजट के साथ बनी फिल्म को कम से कम 20 करोड़ की ओपनिंग तो लेनी ही चाहिए।
विक्रम
साउथ फिल्मों के सुपरस्टार कमल हासन की फिल्म 'विक्रम' के लिए भी लोग बहुत एक्साइटिड हैं। इस एक्शन थ्रिलर फिल्म में कमल हासन एक्शन मोड में नजर आने वाले हैं। फिल्म में कमल हासन के अलावा विजय सेतुपति, फहद फासिल जैसे शानदार कलाकार नजर आएंगे। इसके अलावा खबर है कि एक्टर सूर्या फिल्म में कैमियो रोल करते हुए नजर आने वाले हैं। 'विक्रम' को मिल रही चर्चाओं को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि फिल्म पहले दिन पूरे भारत में कुल 40 से 45 करोड़ रुपये का कारोबार कर लेगी, जो एक बम्पर ओपनिंग होने वाली है।
मेजर
मुंबई हमले 26/11 में शहीद हुए मेजर संदीप उन्नीकृष्णन के जीवन पर आधारित फिल्म 'मेजर' देश के रियल हीरो के जीवन की कहानी को लोगों तक पहुंचाएगी। इस फिल्म से हमें एक बार फिर 26/11 हमलों की भयावह तस्वीर देखने को मिलेगी। मेजर संदीप एक बहादुर एनएसजी कमांडो थे, जिन्होंने लोगों की जान बचाने के दौरान आतंकी हमले में अपनी जान गंवा दी थी। आदिवी शेष, सई मांजरेकर, शोभिता धूलिपाला की फिल्म के पहले दिन 15-20 करोड़ की कमाई करने के आसार है, जिसे एक बढ़िया ओपनिंग की तरह देखा जा रहा है।
