बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन और अभिषेक बच्चन काफी अच्छे दोस्त हैं। इन दोनों अभिनेताओं ने फिल्मों में भी साथ काम किया है। आपने अक्सर अजय और अभिषेक बच्चन को एक-दूसरे की तारीफ करते हुए सुना होगा। लेकिन, क्या आप वह किस्सा जानते हैं जब अभिषेक बच्चन को अजय देवगन के कारण होटल की जगह फुटपाथ पर सोकर रात बितानी पड़ी। अगर नहीं जानते, तो हम आपको वह घटना बता रहे हैं, जिस कारण अभिषेक बच्चन को अजय देवगन के लिए अपना सामान कमरे से बाहर फेंकना पड़ा और उनको रूम देना पड़ा।
किस्सा: जब अजय देवगन के कारण अभिषेक बच्चन को सड़क पर बितानी पड़ी रात, खाली करना पड़ा रूम
अजय देवगन और अभिषेक बच्चन की दोस्ती साल 1998 में हुई। यह वह दौर था जब मेजर साब फिल्म की शूटिंग चल रही थी।अभिषेक बच्चन इस फिल्म में बतौर प्रोडक्शन ब्वॉय काम कर रहे थे। उसी वक्त दोनों की दोस्ती हुई जिसका किस्सा अजय और अभिषेक ने साझा किया है। इस फिल्म के एक गाने की शूटिंग ऑस्ट्रिया में होनी थी। प्रोडक्शन ब्वॉय होने के नाते अभिषेक बच्चन को अजय देवगन को एयरपोर्ट से पिक करना था और उन्हें होटल में ठहराना था।
लेकिन कुछ ऐसा हुआ कि अभिषेक बच्चन को अजय देवगन के साथ बैठकर शराब पीनी पड़ी और दोनों की दोस्ती पक्की हो गई। अजय देवगन ने खुद इस बात का खुलासा करते हुए कहा कि जब वो ऑस्ट्रिया पहुंचे, तो होटल में चेक इन के बाद ड्रिंक के लिए नीचे चले गए। उन्होंने अभिषेक को भी ड्रिंक ऑफर की। लेकिन, अभिषेक बच्चन ने उनके साथ ड्रिंक लेने से मना कर दिया।
अजय देवगन कहां मानने वाले थे? उन्होंने फिर अगले दिन अभिषेक बच्चन को ड्रिंक ऑफर किया। इस पर अभिषेक ने अजय देवगन से कहा कि अगर वो उनके पापा अमिताभ बच्चन को इस बारे में नहीं बताएंगे, तो वो उनके साथ बैठकर ड्रिंक ले सकते हैं। इसके बाद अभिषेक बच्चन ने अजय देवगन के साथ बैठकर ड्रिंक ली।
अभिषेक ने बताया कि उन्हें उस रात शराब पीने की जरूरत क्यों पड़ी? उनका कहना था कि प्रोडक्शन ब्वॉय होने के बाद उनसे लगातार गलतियां हो रही थी। वो अजय देवगन को एयरपोर्ट से होटल ले जाने के लिए कार बुक करना भूल गये थे। इसके बाद मुश्किल से उन्होंने टैक्सी का इंतजाम किया। होटल पहुंचने के बाद उन्हें याद आया कि उन्होंने तो अजय देवगन के लिए रूम ही बुक नहीं किया। इसके बाद अभिषेक ने रूम से अपना सामान बाहर फेंका और अजय देवगन को कमरा दिया। जिस कारण उन्हें वो रात होटल के बाहर फुटपाथ पर बितानी पड़ी।