साल की शुरुआत से ही बॉक्स ऑफिस पर साउथ की फिल्में कमाल दिखा रही हैं, तो बॉलीवुड की फिल्में उनके आसपास भी दिखाई नहीं दे रही हैं। साउथ सिनेमा की इस आंधी में बॉलीवुड के बड़े से बड़े सितारों की फिल्में औंधे मुंह गिरी और फ्लॉप साबित हुई हैं। अब एक बार फिर साउथ सिनेमा और बॉलीवुड में बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त टक्कर देखने को मिलेगी। तीन जून सिनेमा जगत के लिए बहुत ही अहम दिन है, क्योंकि सिनेमाघरों में तीन फिल्मों के बीच क्लैश होने वाला है। तीनों ही फिल्में बड़े सितारों की हैं और अपनी मूल भाषा के अलावा दूसरी भाषाओं में भी रिलीज हो रही हैं। लेकिन अब देखना ये होगा कि साउथ की इस आंधी से कौन बच जाता है और कौन इसमें उलझ जाता है। चलिए आपको बताते हैं कि आज कौन सी फिल्में रिलीज होंगी...
Movie Clash: साउथ सिनेमा की आंधी में बॉलीवुड के लिए बेहद खास है आज का दिन, जानिए क्या है वजह
अक्षय की फिल्म पर टिकी हैं सबकी निगाहें
'बच्चन पांडे' को मिली असफलता के बाद अक्षय कुमार चंद्रप्रकाश द्विवेदी द्वारा निर्देशित 'सम्राट पृथ्वीराज' के साथ बड़े पर्दे पर वापस लौट रहे हैं। ऐसे में सभी की निगाहें इस फिल्म पर टिकी हुई हैं। 300 करोड़ के बजट से बनी इस फिल्म में अक्षय सम्राट पृथ्वीराज की भूमिका में नजर आएंगे, तो मानुषी छिल्लर राजकुमारी संयोगिता का किरदार निभाकर बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं। फिल्म ने रिलीज से पहले एडवांस बुकिंग में गुरुवार शाम तक 3.43 करोड़ रुपये की कमाई की। वहीं, उम्मीद जताई जा रही है कि फिल्म पहले दिन 13 से 15 करोड़ की कमाई करेगी। साउथ सिनेमा बनाम बॉलीवुड फिल्मों के इस क्लैश में सभी को अक्षय कुमार की फिल्म से बेहतर करने की उम्मीद है। यह फिल्म हिंदी, तमिल और तेलुगू में रिलीज होने वाली है।
कमल हासन की 'विक्रम' का कमाल
साउथ सुपरस्टार कमल हासन की फिल्म 'विक्रम' भी आज सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। फिल्म रिलीज से पहले ही अपने साथ रिलीज हो रही दोनों फिल्मों को जबरदस्त टक्कर दे रही है। 150 करोड़ की लगात से बनी इस फिल्म का निर्देशन लोकेश कनगराज ने किया है। फिल्म ने एडवांस बुकिंग से ही 11.55 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। फिल्म ने अपनी मूल भाषा में ही 10.70 करोड़ की कमाई कर ली है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि पहले दिन 'विक्रम' 40 से 45 करोड़ का कारोबर कर सकती है। ऐसे में यह फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' के लिए खतरा साबित हो सकती है। यह फिल्म तमिल, तेलुगू, मलयालय, कन्नड़ और हिंदी में रिलीज होगी।
एडवांस बुकिंग में 'मेजर' सबसे पीछे
26/11 मुंबई हमले में शहीद हुए मेजर संदीप उन्नीकृष्णन की कहानी को दर्शाती इस फिल्म का निर्माण 25 करोड़ की लागत से हुआ है। इस फिल्म में अदिवि शेष मेजर की भूमिका निभाएंगे और उनके अलावा सईं मांजरेकर, शोभिता धूलिपाला और प्रकाश राज भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। तीनों ही फिल्मों में अभी तक 'मेजर' सबसे पीछे चल रही है। फिल्म की एडवांस बुकिंग कुल 2.90 करोड़ रुपये रही है, जिसमें हिंदी संस्करण से 40 लाख की बुकिंग हुई है। 'मेजर' तेलुगू, मलयालम और हिंदी में रिलीज होगी।
'केजीएफ 2' को रिलीज हुए 50 दिन पूरे
'केजीएफ चैप्टर 2' के रॉकी भाई का जादू साउथ ही नहीं पूरे देश में चल गया है। प्रशांत नील द्वारा निर्देशित इस फिल्म को आज रिलीज हुए पूरे 50 दिन हो गए हैं। अपनी रिलीज के बाद से ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था। 14 अप्रैल को रिलीज हुई फिल्म अब तक 1230 करोड़ से अधिक का कारोबार कर चुकी है। 100 करोड़ की लागत से बनी यह फिल्म अब ओटीटी पर भी आ चुकी है। पहले जहां इसे रेंट पर लेकर ओटीटी पर देखना था, तो वहीं आज से आप इसे बिना रेंट दिए ही अमेजन प्राइम पर देख सकते हैं।