बहुत ज्यादा हाइप वाली किसी फिल्म देखने पहुंचे दर्शकों को फिल्म में कुछ खास न मिलने का नतीजा क्या होता है, ये इन दिनों टिकट खिड़की पर देखने को मिल रहा है। हॉरर फिल्मों के शौकीन लोगों के फिल्म ‘शैतान’ देखने पहुंचने से इस फिल्म का कारोबार तो धमाकेदार रहा, लेकिन जैसी ये फिल्म निकली, उसके बाद से हिंदी फिल्म दर्शकों की सिनेमाघरों से दूरी लगातार बनी हुई है। आलम ये है कि हॉलीवुड की फिल्में ‘ड्यून 2’ और ‘गॉडजिला X कॉन्ग’ फिर से सिनेमाघरों में लौट आई हैं और कमाल का कारोबार कर रही हैं। ‘गॉडजिला X कॉन्ग’ ने तो भारत में कमाई का नया रिकॉर्ड भी बना दिया है।
Hollywood Vs Bollywood: बॉलीवुड के मैदान छोड़ने से हॉलीवुड की चांदी, ‘जोकर’ से आगे निकली ‘गॉडजिला X कॉन्ग’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फिल्म ‘शैतान’ देखने के बाद खुद को ठगा सा महसूस करने वाले दर्शकों ने इसके हीरो अजय देवगन की अगली फिल्म ‘मैदान’ से ऐसी दूरी बनाई कि ये फिल्म रिलीज के बाद 12 दिन बाद भी करीब 35 करोड़ रुपये की कमाई कर सकी। इसके साथ ही रिलीज हुई फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’ भी फ्लॉप घोषित हो चुकी है। अक्षय कुमार की बड़े परदे पर लगातार घटती साख और उनके साथ लगातार फ्लॉप फिल्में देते रहे टाइगर श्रॉफ की जोडी को देखने दर्शक बहुत कम संख्या में आए और ये फिल्म रिलीज के 12वें दिन तक सिर्फ 55 करोड़ रुपये की ही कमाई कर सकी। इन दोनों फिल्मों के लिए बुक किए गए आईमैक्स थियेटर फिर से हॉलीवुड की फिल्में दिखाने लगे हैं।
हॉलीवुड की तीन फिल्में इस समय देसी सिनेमाघरों में धूम मचा रही हैं। इनमें सबसे आगे चल रही है फिल्म ‘गॉडजिला X कॉन्ग’ जिसने देश में वॉर्नर ब्रदर्स की किसी भी फिल्म के सबसे ज्यादा कमाई करने का रिकॉर्ड बनाते हुए इस कंपनी की पिछली फिल्म ‘जोकर’ के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। भारत में करीब 98 करोड़ रुपये कमा चुकी फिल्म ‘गॉडजिला X कॉन्ग’ के इसी हफ्ते 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार जाने की पूरी उम्मीद है। इस फिल्म ने अकेले हिंदी में अब तक करीब 29 करोड़ रुपये कमा लिए हैं।
इसके साथ ही फिल्म ‘ड्यून 2’ भी आईमैक्स सिनेमाघरों में वापस लौट आई है। फिल्म ‘ड्यून 2’ ने भी भारत में अब तक करीब 29 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। अपने वर्ल्डवाइड कलेक्शन में हालांकि ‘ड्यून 2’ करीब 70 करोड़ अमेरिकी डॉलर यानी 5,835 करोड़ रुपये कमाकर ‘गॉडजिला X कॉन्ग’ से आगे बनी हुई है। फिल्म ‘गॉडजिला X कॉन्ग’ की वर्ल्डवाइड कमाई अब तक करीब 48 करोड़ अमेरिकी डॉलर यानी करीब 4000 करोड़ रुपये हो चुकी है। एनीमेशन फिल्म ‘कुंग फू पांडा 4’ देखने भी भारत में लोग लगातार पहुंच रहे हैं, इसकी वर्ल्डवाइड कमाई भी करीब 50 करोड़ अमेरिकी डॉलर यानी 4169 करोड़ रुपये हो चुकी है।
इधर, बीते हफ्ते रिलीज हुई हिंदी की दोनों फिल्में दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच कर लाने में विफल रही। विद्या बालन, प्रतीक गांधी और इलियाना डिक्रूज अभिनीत ‘दो और दो प्यार’ का कलेक्शन रिलीज के पहले चार दिनों में ढाई करोड़ रुपये तक ही पहुंच पाया है। निर्माता एकता कपूर और निर्देशक दिबाकर बनर्जी की फिल्म ‘लव सेक्स और धोखा 2’ पहले हफ्ते में ही सिनेमाघरों से उतरने लगी है। ये फिल्म रिलीज के पहले चार दिन में सिर्फ 65 लाख रुपये ही कमा सकी। उधर, पृथ्वीराज सुकुमारन की मलयालम फिल्म ‘आडुजीवितम– द गोट लाइफ’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 150 करोड़ रुपये के पार हो गया है। अभिनेता से निर्देशक बने कुणाल खेमू की फिल्म ‘मडगांव एक्सप्रेस’ भी फ्लॉप हो चुकी है। रिलीज के 32वें दिन तक ये फिल्म 30 करोड़ रुपये भी नहीं कमा सकी थी। वहीं, करीना कपूर, तब्बू और कृति सेनन की फिल्म ‘क्रू’ का कलेक्शन रिलीज के 25वें दिन तक 74.86 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका था।