इन दिनों देश में चुनावी माहौल है। लोगों को मतदान के अधिकार के प्रति जागरुक किया जा रहा है। इस कड़ी में लोकसभा चुनाव में पहली बार मतदान करने जा रहे युवाओं के लिए चुनाव आयोग ने 'मेरा पहला वोट देश के लिए' अभियान शुरू किया है। अभिनेत्री कंगना रणौत ने अपने हालिया सोशल मीडिया पोस्ट में इस अभियान का जिक्र किया है। साथ ही उन्होंने पहली बार वोट डालने वाले युवाओं का हौसला बढ़ाया है।
Kangana Ranaut: पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को कंगना का सुझाव, अभिनेत्री ने साझा किया अपना भी अनुभव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कंगना रणौत अपने बेबाक बयानों के लिए जानी जाती हैं। हर चीज पर वह खुलकर बात करती हैं। उनके सोशल मीडिया पोस्ट में भी उनकी यह खूबी साफ झलकती है। कंगना ने आज इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करते हुए पहली बार मतदान करने जा रहे युवाओं को संदेश दिया है। साथ ही उन्होंने अपने पहले मतदान का अनुभव भी प्रशंसकों के साथ साझा किया है। कंगना ने लिखा है, 'उठो और दमको, पहली बार मतदान करने वालों, यह पल आपका है'!
कंगना रणौत ने आगे लिखा है, 'मुझे बिल्कुल साफ साफ याद है, जब मैंने पहली बार मतदान किया था। मैं बहुत ज्यादा उत्साहित थी और इसी उत्साह के साथ लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रही थी। इसके बाद मतदान के लिए कमरे में प्रवेश किया। यह मेरे लिए बहुत ही उत्साह वाला अनुभव था। कमाल का पल था'। इसके साथ कंगना ने हैशटैग में लिखा है, 'मेरा पहला वोट देश के लिए'।
कंगना ने वोटर रजिस्ट्रेशन पोर्टल का लिंक भी साझा किया है। अभिनेत्री के इस पोस्ट पर यूजर्स कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'सनातनी शेरनी! आपकी बात हमेशा दमदार होती है'। एक अन्य यूजर ने लिखा, 'आपके हर प्रशंसक को आपके ऊपर गर्व है'। अन्य यूजर ने लिखा, 'जय हिंद जय भारत, आपकी बात याद रखेंगे'।
कंगना के काम की बात करें तो 'इमरजेंसी' उनकी आगामी चर्चित फिल्म है। इस फिल्म में कंगना पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के किरदार में नजर आएंगी। यह फिल्म देश में लगे आपातकाल पर आधारित है। यह फिल्म इस साल जून में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इस फिल्म का निर्देशन भी कंगना ने किया है।