साउथ अभिनेता दुलकर सलमान इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'लकी भास्कर' को लेकर चर्चा में है। अभिनेता ने इंडस्ट्री में अपने 12 साल पूरे होने पर फिल्म से अपना पहला लुक जारी किया था। फिल्म के टीजर ने भी खूब धमाल मचाया था। वहीं अब फिल्म के निर्माताओं ने प्रशंसकों का उत्साह और बढ़ाने के लिए 'लकी भास्कर' का गाना जारी कर दिया है। फिल्म का टाइटल सॉन्ग अब खूब वायरल हो रहा है।
Lucky Baskhar: 'लकी भास्कर' का टाइटल सॉन्ग जारी, दुलकर सलमान के जन्मदिन पर निर्माताओं ने दिया फैंस को तोहफा
दुलकर सलमान की आगामी फिल्म 'लकी भास्कर' का टाइटल सॉन्ग 28 जुलाई को जारी किया गया। प्रसिद्ध गायिका उषा उत्थुप द्वारा गाया गया यह गीत पुरानी यादों को ताजा करता है, जिसमें क्लासिक बीट्स के साथ समकालीन धुनों का मिश्रण किया गया है। यह गाना 90 के दशक की याद दिलाता है और श्रोताओं को पुरानी यादें ताजा कराता है। दुलकर सलमान और 90 के दशक के संगीत के प्रशंसक इस ट्रैक का आनंद ले सकते हैं।
View this post on Instagram
A post shared by Dulquer Salmaan (@dqsalmaan)
दुलकर ने इंस्टाग्राम पर टाइटल ट्रैक रिलीज पोस्ट करते हुए लिखा, '90 के दशक की बेहतरीन धुनों का आनंद लें। लकी भास्कर टाइटल ट्रैक पूरा गाना अब तेलुगु, मलयालम, तमिल और हिंदी भाषाओं में उपलब्ध है। जीवी प्रकाश का संगीतमय जादू, दिग्गज उषा उत्थुप के स्वर में।' इससे पहले फिल्म के टीजर में दुलकर के किरदार और कहानी की झलक देखने को मिली थी।
टीजर वीडियो में दिखाया गया कि भास्कर बने दुलकर सलमान एक बैंकर की भूमिका निभाते हैं, जो फिल्म में एक काल्पनिक मगध बैंक में काम करते हैं। ऐसा लगता है कि वे रोज-रोज जागने, कपड़े पहनने, ट्रैफिक से बचने और कभी-कभी बैंक में जाकर केवल सिर हिलाने से थक चुके हैं। वे एक आम व्यक्ति हैं, जो अपना पूरा दिन दूसरों के लिए पैसा गिनने में बिताते हैं, लेकिन एक दिन उनके पास अचानक बहुत सारा पैसा आ गया, जिससे सभी को आश्चर्य हुआ कि उन्होंने यह पैसा कैसे कमाया।
वहीं बात करें फिल्म की रिलीज के बारे में तो सीथारा एंटरटेनमेंट द्वारा फॉर्च्यून फोर सिनेमाज के सहयोग से निर्मित यह फिल्म तेलुगु, मलयालम, तमिल और हिंदी में रिलीज होगी। फिल्म का निर्माण सितारा एंटरटेनमेंट्स और फॉर्च्यून फोर सिनेमा के नागा वामसी और साई द्वारा किया जा रहा है। फिल्म के संगीतकार जीवी प्रकाश कुमार हैं। यह फिल्म इस साल 7 सितंबर को रिलीज होगी।
