डिजिटल रिव्यू: भूत पार्ट वन – द हॉन्टेड शिप (ट्रेलर)
कलाकार: विकी कौशल, भूमि पेडनेकर, आशुतोष राणा आदि।
निर्देशक: भानु प्रताप सिंह
निर्माता: हीरू यश जौहर, करण जौहर, अपूर्व मेहता व शशांक खेतान
रेटिंग: **
जब सब कुछ अच्छा चल रहा हो तो हर कलाकार कुछ न कुछ नया जरूर करना चाहता है। फिल्म जुबान की शूटिंग के दौरान विकी कौशल की निर्देशक मोजेज सिंह के सहायक भानु प्रताप से हुई दोस्ती पर हॉरर का रंग चढ़ा है फिल्म भूत पार्ट वन – द हॉन्टेड शिप में। फिल्म का टीजर सामने आने के बाद से ही लोगों को इसके ट्रेलर को लेकर काफी उत्सुकता रही है। परंतु सोमवार को रिलीज हुआ ट्रेलर ऐसा कुछ नया सामने नहीं लाता जो डरावनी फिल्मों के सुधी दर्शकों ने पहले से न देख रखा हो।
भानु प्रताप सिंह फिल्म भूत पार्ट वन – द हॉन्टेड शिप से बड़े परदे पर निर्देशन का इकन्ना एक पढ़ने जा रहे हैं। लेकिन उनकी फिल्म का ट्रेलर देखकर लगता है कि उन्होंने हॉरर फिल्मों के सारे पहाड़े जुबानी याद कर रखे हैं। एबीसीडी और उससे पहले कॉकटेल जैसी फिल्मों से जुड़े रहे भानु ने अपनी पहली फिल्म के लिए ही डरावनी फिल्मों वाला विषय क्यों चुना, ये तो वह ही जाने लेकिन उरी द सर्जिकल स्ट्राइक से हिंदी सिनेमा की नई आस बने विकी कौशल के लिए ये फिल्म बड़ा रिस्क है।
जैसा कि भूत पार्ट वन – द हॉन्टेड शिप के टीजर में दिखा था वैसा ही ट्रेलर है। गुड़िया से निकलती आवाजें, दीवारों और छतों पर मकड़ी की तरह चलती औरत, टूटते कांच की बिखरती लकीरें और सन्नाटे की तलाश में भटकता एक प्रेमी जोड़ा। डरावनी फिल्मो के ये सारे तत्व ऐसे हैं जो कहीं से नए नहीं लगते है। ट्रेलर एक बार भी डर का झटका देने में कामयाब नहीं हो पाया है। हो सकता है कि ट्रेलर में इसके निर्देशक सब कुछ दिखाना न चाहते हों, लेकिन साल की शुरूआत में ही घोस्ट स्टोरीज से अपने नाम पर बट्टा लगवा चुके करण जौहर को तो हॉरर के नाम पर परोसना चाहिए ही था।