टीवी शो 'गुड्डन तुमसे न हो पाएगा' में अक्षत जिंदल का किरदार निभाने वाले अभिनेता निशांत सिंह मलकानी टीवी के रियलिटी शो 'बिग बॉस' के 14वें सीजन के एक प्रतियोगी बन गए हैं। करियर के शुरुआती दिनों में ही परिवार की जिम्मेदारी उठाने की वजह से वह काफी वक्त जिम्मेदारी भरे तनाव में रह चुके हैं। बिग बॉस के घर में प्रवेश लेने से पहले अमर उजाला ने उनसे उनकी जिंदगी के बारे में चर्चा की।
Bigg Boss 14: निशांत सिंह मलकानी बोले, 'बिग बॉस के घर से बाहर आऊं तो कोरोना दुनिया में न मिले'
बिग बॉस के घर में आप अपने आप को किस तरह से प्रस्तुत करने वाले हैं?
बिग बॉस के घर में जाने का मेरा तो इरादा ही यही है कि वहां मुझे कोई किरदार निभाना पड़े। 10 साल हो गए मुझे इस इंडस्ट्री में काम करते हुए और इस बीच मैंने कई फिल्मों, वेब सीरीजों और धारावाहिकों में काम किया है और इनमें अलग-अलग किरदारों को निभाया है। मैं चाहता हूं कि इस बार भारत की जनता निशांत से मिले, न कि अधिराज, अनुकल्प गांधी, राज, अक्षत जिंदल, आदि से। क्योंकि इनसे तो लोग सालों साल परिचित हो चुके हैं। जिस अभिनेता ने इन किरदारों को निभाया है, उन्हें जनता से खूब प्यार मिला है। तो अब मौका है कि वह अभिनेता भी जनता से सीधे तौर पर प्यार पाए। मैं कुछ लेकर नहीं जा रहा हूं। बिग बॉस के घर में मैं बिल्कुल निहत्था होऊंगा। देश की जनता बहुत समझदार है। किसी भी बनावटी चेहरे को वह तुरंत पकड़ लेगी।
इस शो का हिस्सा बनने का ऑफर क्या आपको इससे पहले भी मिल चुका है?
कई बार हुआ है ऐसा जब बिग बॉस ने अपने शो का हिस्सा बनने के लिए मुझे याद किया है और मैं खुशकिस्मत हूं कि इस शो का ऑफर मेरे पास कई बार आया है। मैं उस समय अपने दूसरे वादों को पूरा करने में लगा हुआ था। कई साल बीत जाने के बाद इस बार सारे पासे एक जगह पर फिट हो गए और आखिर में हम मिल ही गए। मेरे पिछले शो का समय भी एकदम ठीक वक्त पर खत्म हो रहा था और यह शो शुरू होने वाला था। मैंने सोचा कि बनावटी काम बहुत कर लिया है तो इस बार कुछ वास्तविक करने का मौका है। तो इस बार कर ही लेते हैं।
क्या आपने कभी इस शो के किसी सीजन को देखा है और क्या सलमान खान से कभी मुलाकात हुई?
मैं यह शो तो बचपन से देखता आ रहा हूं। बीच में काम में व्यस्त होने के चलते मैं इसके कुछ सीजन नहीं देख पाया। सलमान खान से मैं एक बार मिल चुका हूं। पता नहीं उन्हें याद होगा कि नहीं। अगर उन्हें याद होगा तो यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात होगी। 'जय हो' के प्रीमियर मेरी एक दोस्त जो उनकी टीम में काम करती थीं, उसने मुझे उनसे मिलवाया था और उनके साथ मेरी एक फोटो भी खिंचवाई। बहुत खूबसूरत पल था वो मेरे लिए। अब मैं उनसे हर रोज आमने सामने बात करूंगा और जब वह मेरा हाथ उठाकर विजेता घोषित करेंगे, तब तो उन्हें मुझे भूलना नहीं चाहिए।
आपका बचपन कहां गुजरा और अभिनय के क्षेत्र में कदम कैसे पड़े?
मैं पैदा दुबई में हुआ हूं। मेरे जन्म के दो साल बाद ही मेरा परिवार दिल्ली आ गया था और मेरी पूरी पढ़ाई लिखाई दिल्ली में ही हुई है। मैं दिखने में अच्छा था इसलिए खूबसूरत लड़कों की श्रेणी में हमेशा आगे रहता था। 12वीं कक्षा में मुझे स्कूल का हेड बॉय भी बना दिया गया था। आगे की पढ़ाई मैंने दिल्ली यूनिवर्सिटी में की। फिर अपनी मैनेजमेंट की पढ़ाई करने के लिए मैं कलकत्ता गया और वहीं मुझे मौका मिला मॉडलिंग करने का। वहां मुझे एक टीवी शो के लिए ऑडिशन देने का मौका मिला। मैंने सोचा कि सबकुछ ठीक चल रहा है तो इसे भी कर ही लेते हैं। मैंने वह ऑडिशन ऐसे ही मजाक मजाक में दे दिया था और वह सफल रहा। इस तरह मैं अभिनेता बन गया।
कमेंट
कमेंट X