टीवी के रियलिटी शो बिग बॉस के 13 वे सीजन में धूम मचाने वाली शहनाज गिल के बाद पंजाब से ही एक और अभिनेत्री और गायिका सारा गुरपाल बिग बॉस के 14 वे सीजन का हिस्सा है उनके परिवार ने उन्हें काफी अच्छी अच्छी बातें सिखाई हैं। जिनका भंडार लेकर सारा बिग बॉस के घर में प्रवेश कर रही है, उनकी नजर तो वैसे ट्रॉफी पर ही है लेकिन इसके लिए वह सिर्फ प्यार से ही काम चलाने वाली हैं उनका मूड किसी भी प्रकार के लड़ाई झगड़े करने का बिल्कुल नहीं है घर में प्रवेश करने से पहले अमर उजाला ने सारा से खास बातचीत में उनकी रणनीतियां समझीं।
Bigg Boss 14: सारा गुरपाल बोलीं, 'मुझे जो चाहिए, उसे पाने के लिए मैं जी जान लगा देती हूं'
आप शुरुआत से किस प्रवृत्ति की रही हैं और 'बिग बॉस' के घर में आप अपने आप को किस तरह से प्रस्तुत करने वाली हैं?
मैं बड़ी अनिश्चित व्यक्तित्व वाली लड़की हूं। जिंदगी में मैं अपनी किसी भी चीज को योजनाबद्ध तरीके से नहीं कर पाती। मुझे मजा ही नहीं आता। मेरे सामने जो कुछ होता है, मैं उसी को देखकर ही प्रतिक्रिया देती हूं। मैं पहले से अपना कोई मूड नहीं बना पाती। किसे पता था कि अचानक से एक महामारी पूरी दुनिया को अपनी चपेट में ले लेगी? मेरा मानना है कि आगे की सोचने से कोई फायदा नहीं है। वर्तमान में जियो और खुश रहो। अपने आज को खुशमिजाज बनाओ।
आपकी वह ताकत क्या रहेगी जिससे आप दूसरे प्रतियोगियों का सामना कर सकेंगी?
मुझे मेरी जिंदगी में अब तक किसी चीज को देखकर लगा है कि यह मेरी ताकत है तो वह सिर्फ मेरी इच्छा शक्ति ही है। मैं किसी भी काम को अधूरा नहीं छोड़ती और उसके सामने हार नहीं मानती। मैं बहुत ही अड़ियल और जिद्दी किस्म की लड़की हूं। अगर मुझे कुछ चाहिए तो वह चाहिए ही चाहिए। उसके लिए मैं जी और जान दोनों लगा देती हूं। शायद यही मेरी ताकत है। मुझे तो यह भी नहीं पता कि मेरा सामना आखिर किससे होने वाला है? हो सकता है कि कुछ लोग ऐसे हों जिन्हें मैंने अब तक सिर्फ टीवी पर ही देखा है। अब शो में जाकर पता चलेगा कि किन लोगों के साथ मुझे इस प्रतियोगिता में भाग लेना है।
इस शो के होस्ट सलमान खान के बारे में आपने पहले से क्या राय बनाई है?
उनके लिए तो मैंने अपने बचपन से ही राय बना रखी है। मेरी पसंदीदा फिल्म है 'अंदाज अपना अपना'। मैं उनकी बहुत बड़ी फैन हूं। दूसरों के लिए वह सिर्फ होस्ट होंगे लेकिन मेरे लिए तो उनके सामने खड़ा होना ही मेरे जीतने जैसा है। मैं ऐसी ही हूं और मेरे लिए यह बहुत बड़ी बात है। मुझे तो यह भी नहीं पता कि जब मैं उन्हें पहली बार मिलूंगी तो किस तरह प्रतिक्रिया दूंगी! मैं उस तरह की लड़की हूं जिसने उन्हें हमेशा टीवी पर देखा है और मिलने की इच्छा जताई है। मैंने कभी ऐसा नहीं सोचा था कि कभी कुछ ऐसा भी होगा जब मुझे उनसे मिलने का भी मौका मिलेगा।
क्या आपके घर में पहले से भी कोई कलाकार रहा है?
मेरा पूरा परिवार तो पढ़ा लिखा है और सभी लोग शिक्षा कार्यों से ही जुड़े हुए हैं। पता नहीं मैं न जाने कैसे एक खोटा सिक्का निकल गई और कलाकार बन गई। मेरी मां ऐसा ही बोलती हैं। लेकिन इस मामले में मैं बहुत खुशकिस्मत रही हूं और मेरे परिवार ने हमेशा मेरा साथ दिया है। जब मैंने एक कलाकार बनने की बात अपने परिवार में की तो उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि जो भी करना है, वह बाद में करना। फिलहाल, अपनी पढ़ाई पूरी करो। कॉलेज के समय में मैंने मिस चंडीगढ़ प्रतियोगिता में भाग लिया और जीत गई।
कमेंट
कमेंट X