एक समय था जब फिल्मों में धर्मेंद्र ने और फिर उनके बाद उनके बेटे सनी देओल ने धूम मचा रखी थी। अब उनके ही गांव का एक कलाकार शहजाद देओल भी मनोरंजन की दुनिया में कदम रख चुका है। फिलहाल शहजाद टीवी के रियलिटी शो 'बिग बॉस' के 14वें सीजन का हिस्सा हैं। उनकी प्रेरणा तो वारिस आहलूवालिया और दिलजीत दोसांज हैं लेकिन बचपन से ही वह प्रशंसक सनी देओल के ही रहे हैं। उन्हें उनका ढाई किलो का हाथ और मारधाड़ वाली पिक्चरें बहुत पसंद आती थीं। बिग बॉस के घर में प्रवेश करने से पहले अमर उजाला ने शहजाद से उनकी जिंदगी से जुड़ी ढेर सारी बातचीत की।
Bigg Boss 14: शहजाद बोले, 'दिलजीत दोसांज को देख मैंने समझा कि सिर पर पगड़ी बांध मुझे भी बनना है स्टार'
सबसे पहले आप बताइए कि आपका देओल खानदान से क्या ताल्लुक है?
पंजाबियों में जो एक ही जैसे उपनाम वाले लोग होते हैं, वह एक ही गांव के रहने वाले होते हैं। जैसे मेरा उपनाम देओल है इसलिए मैं साहनेवाल पिंड से हूं। हालांकि, मैं वहां पला बढ़ा नहीं हूं। मेरे दादा परदादा वहां कभी रहे होंगे और बाद में वह भी वहां से निकल कर बाहर चले गए। लेकिन, आप अगर हमारी जड़ें पूछेंगे तो अभी भी वह उसी पिंड की हैं। तो एक तरह से हम अपने पिंड में पड़ोसी हो सकते हैं। मेरा उनसे कोई खून का रिश्ता नहीं है। हम दोनों का सिर्फ गांव एक है।
अब आप 'बिग बॉस' का हिस्सा बनने जा रहे हैं। क्या आपने इससे पहले कभी 'बिग बॉस' का कोई सीजन देखा है?
मैंने बिग बॉस के चार से पांच सीजन देखे हैं और वह भी अच्छे से देखे हैं। पिछला सीजन मैंने अच्छे से देखा है। उससे पिछले दो सीजन मैंने नहीं देखे गौतम गुलाटी वाला सीजन, गौहर खान वाला सीजन, विकास गुप्ता और हिना खान वाला सीजन। ये सब मैंने बहुत अच्छे से दिन और रात देखे हैं।
'बिग बॉस' को देखते-देखते 'बिग बॉस' ने आपको कैसे देख लिया और आप यहां 'बिग बॉस' में आ गए?
इसकी कहानी आज से दो साल पहले शुरू होती है। एक दिन में जिम में वर्कआउट कर रहा था। मेरे साथ ही एक और इंसान थे जो जिम में वर्कआउट करते थे। उन्होंने मुझे एक शो ऑफर किया जिसका नाम था 'टॉप मॉडल इंडिया'। यह मेरा पहला रियलिटी शो था। कलर्स का ही शो था। मैं उसमें दूसरे स्थान पर आया। मैं वारिस आहलूवालिया से बहुत प्रभावित रहा हूं। मैं सोचता था कि मॉडलिंग की दुनिया में एक सरदार ने पगड़ी पहन कर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर इतना बड़ा नाम कर लिया। फिर दूसरे शोज भी मैंने इसी गेटअप में किए। 'एस ऑफ स्पेस' भी मैंने किया। उसकी चुनौतियां बिग बॉस से 10 गुना बड़ी थीं।
अनुभव तो आपको पहले ही मिल चुका है। तो फिर आपने क्या अलग से तैयारियां की हैं?
मेरी तैयारी सिर्फ इतनी है कि मुझे कम से कम जरूरतों में ज्यादा से ज्यादा दिन गुजारने की कोशिश करनी है। और खुद को व्यस्त रखते हुए लोगों का मनोरंजन करते रहना है। इसके अलावा कुछ ज्यादा रणनीति बना लूंगा तो दो से चार दिन के बाद ही बाहर आ जाएगी और मैं भी बाहर आ जाऊंगा।
कमेंट
कमेंट X