किसी ने सही कहा है अगर संघर्ष दिल और पूरी ईमानदारी से किया जाए तो आपको जिंदगी में सफल होने से कोई नहीं रोक सकता और इसी बात की सबसे बड़ी मिसाल हैं कॉमेडी की दुनिया में अपना नाम जमाने वाली भारती सिंह। कॉमेडी क्वीन भारती सिंह को आज किसी भी परिचय की जरुरत नहीं हैं। भारती आज जिस मुकाम पर हैं वहां तक पहुंचने के लिए उन्होंने बहुत संघर्ष किया है। 3 जुलाई को भारती का जन्मदिन हैं और इस खास मौके पर उनकी जिंदगी से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें हम आपको अपने इस आर्टिकल में बताएंगे।
बर्थडे स्पेशल: 'मुंबई जाएगी तो शादी नहीं होगी' जैसे ताने सुन बड़ी हुईं भारती, पढ़ें बैरंग बचपन से लाफ्टर क्वीन तक के किस्से
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फीस माफ करवाने के लिए स्पोर्ट्स में लिया था दाखिला
भारती की मां कमला सिंह के साथ-साथ भारती का जीवन भी संघर्ष भरा रहा। एक बातचीत में खुद भारती ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बताया कि उनके घर में इतनी आर्थिक तंगी थी कि स्कूल की फीस जमा करने के भी उनके पास पैसे नहीं थें। उन्होंने कहा, 'मैंने कॉलेज में स्पोर्ट्स में दाखिला लिया था ताकि मेरी फीस माफ हो सके। मैं सुबह पांच बजे प्रैक्टिस करने जाया करती थी।' उन्होंने बताया उस दौरान स्कूल में स्पोर्ट्स करने वाले बच्चों को कूपन मिला करते थे। उस कूपन से दूसरी लड़कियां जूस पीती थीं, लेकिन वो उन पांच रुपए के कूपन को बचाती थीं। भारती ने आगे कहा, 'महीने के अंत में उन्हीं कूपन्स से फल और जूस अपने घर ले जाया करती थीं। उस समय जब दो वक्त की रोटी का गुजारा भी मुश्किल से होता था तो ऐसे में घर में फल देखकर सब खुश हो जाते थे।
कपिल शर्मा की सलाह आई काम
भारती आज जिस मुकाम पर हैं वो उसके लिए कपिल शर्मा को हमेशा धन्यवाद देती हैं। कपिल और भारती एक-दूसरे को उस समय से जानते हैं जब दोनों अपनी-अपनी जिंदगी में संघर्ष कर रहे थें। थिएटर करने के दौरान इन दोनों की मुलाकात हुई थी, वही से इनकी बॉन्डिंग बनी थी। जब भारती अमृतसर में थिएटर किया करती थी, उस समय कपिल शर्मा ने लाफ्टर चैलेंज 3 जीता था। घर लौटने के बाद कपिल ने भारती से कहा कि इस शो का अगला सीजन आ रहा है तुम उसमें भाग लो। कपिल की सलाह मानकर भारती ने लाफ्टर चैलेंज के ऑडिशन दिए और वो इसके लिए शॉर्ट लिस्ट हो गईं। इस शो में हिस्सा लेने के बाद भारती ने जो कमाल किया वो आज सबके सामने है। भारती जब भी अपनी सफलता की बात करती हैं तो वो कपिल शर्मा का नाम लेना कभी नहीं भूलतीं।
मां ने नहीं हारी कभी हिम्मत
भारती की मां ने अपनी जिंदगी में काफी संघर्ष किया, लेकिन वो नहीं चाहती थीं कि उनकी बेटी भी जीवन भर संघर्ष करें। भारती ने एक बातचीत में बताया था कि जब उनका लाफ्टर चैलेंज में चयन हुआ था तो आसपास के लोगों ने उनके बारे में बातें बनानी शुरू कर दी थी। कुछ लोगों ने तो उनकी मां के पास जाकर ये भी कहा था कि अगर इसको मुंबई लेकर जाओगी तो इसकी शादी नहीं हो पाएगी।लेकिन भारती की मां ने किसी की बात नहीं सुनी। उनकी मां ने कहा, 'मैं अपनी बेटी को एक बार तो जरूर मुंबई लेकर जाऊंगी। क्योंकि मैं नहीं चाहती कि इसके मन में कहीं ये रह जाए कि एक मौका मिला था लेकिन मेरी मम्मी मुझे लेकर नहीं गईं।'
आज भारत की सबसे बड़ी महिला कॉमेडियन हैं
भारती आज टेलीविजन का बड़ा नाम बन चुकी हैं। आज वो सफल भी हैं और शादीशुदा भी। उन्होंने हर्ष लिंबाचिया से साल 2017 में शादी की थी। कॉमेडी शो 'द कपिल शर्मा शो' में भारती ने कभी लल्ली बनकर लोगों को हंसाया तो कभी बुआ बनकर सबका दिल जीत लिया। भारती आज भारत की सबसे बड़ी महिला कॉमेडियन हैं। उनकी शक्ल भर देख लेने से लोगों के चेहरों पर मुस्कान आ जाती है। आज भारती शोहरत और दौलत दोनों ही मामलों में आगे हैं। वो टेलीविजन शो में कॉमेडी का तड़का लगाने के साथ-साथ कई शोज को होस्ट भी कर चुकी हैं, इसी के साथ वो खतरों के खिलाडी जैसे शो का हिस्सा भी रह चुकी हैं। अमर उजाला टीम की तरह से भारती सिंह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।