कौन बनेगा करोड़पति लगातार दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है। जहां शो में आम आदमी से लेकर कई सितारे तक अपनी मौजूदगी से चार चांद लगा रहे हैं। इस हफ्ते अमिताभ बच्चन के शो केबीसी 13 की हॉट सीट पर बैठकर सभी सवालों के जवाब देने के लिए आ रहे हैं अभिनेता जैकी श्रॉफ और सुनील शेट्टी। जो शानदार शुक्रवार में न सिर्फ अमिताभ बच्चन के सवालों के जवाब देंगे बल्कि अपनी कई पुरानी यादों को भी ताजा करते हुए नजर आएंगे। शो में पहुंचे जैकी श्रॉफ शूटिंग के दौरान हुए एक पुराने किस्से के बारे में अमिताभ बच्चन को याद दिलाते नजर आए।
कौन बनेगा करोड़पति 13: अमिताभ बच्चन का ऑटोग्राफ लेने पहुंचे जैकी श्रॉफ को अभिषेक ने रोका, कही ये बात
अभिषेक बच्चन ने जैकी श्रॉफ को रोका
जैकी श्रॉफ ने किस्सा साझा करते हुए बताया कि जब वो बॉलीवुड में नए-नए आए थे तो उन्होंने निर्णय लिया था कि वो अमिताभ बच्चन से उनका ऑटोग्राफ लेंगे। जब वो ऑटोग्राफ लेने के लिए जा रहे थे उसी दौरान जैकी श्रॉफ ने देखा कि अमिताभ बच्चन के एक स्टाफ मेंबर ने उन्हें रोक दिया, उस दौरान नन्हें अभिषेक और श्वेता भी स्टाफ मेंबर के साथ ही मौजूद थे।
अभिषेक ने मांगा मेरा ऑटोग्राफ
जैकी श्रॉफ ने आगे बताया कि आपका स्टाफ मेंबर आपके दोनों बच्चों के साथ मेरे पास आया और बोला, ‘ये बच्चन साहब के बच्चे हैं और आपसे ऑटोग्राफ लेना चाह रहे हैं। मैंने उनसे बोला मुझे तो अमिताभ बच्चन का ऑटोग्राफ चाहिए था उनके बच्चे मेरा ऑटोग्राफ लेना चाह रहे हैं, ये तो बहुत अच्छी बात है’।
अमिताभ से ही सीखी भिडू भाषा
अपनी पुरानी यादों को ताजा करने के साथ-साथ जैकी श्रॉफ ने ये भी बताया कि उनकी ‘भिडू भाषा’ अमिताभ बच्चन से ही प्रेरित है। दरअसल अमिताभ बच्चन ने जब जैकी श्रॉफ से पूछा कि उन्होंने भिडू भाषा बोलना कहा से सीखा, तो जैकी श्रॉफ ने जवाब देते हुए कहा, ‘सबसे पहले मैं आपको बता दूं कि ये मैं जहां पला बड़ा हूं वहां से सीखा है लेकिन उसी के साथ ये मैंने आपसे भी सीखा है, आपने पहले भिडू का इस्तेमाल किया था। हम तो बाद में आए’।
अमिताभ बच्चन ने गिफ्ट की टाई
यादे ताजा करने के बाद जैकी श्रॉफ अमिताभ बच्चन के स्टाइल की भी तारीफ करते हुए नजर आए। उन्होंने अमिताभ बच्चन की टाई की तारीफ की, जिसके बाद अमिताभ बच्चन ने जैकी श्रॉफ को अपनी एक टाई गिफ्ट की। जिसे पाने के बाद जैकी श्रॉफ ने अमिताभ बच्चन के पैर छुए।