रियलिटी शो के दौरान बच्ची को जबरदस्ती किस करने के वीडियो के वायरल होते ही फेमस सिंगर पापोन बुरे फंस गए थे। यहां तक कि उनके खिलाफ 'नेशनल कमीशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट' में शिकायत दर्ज भी हुई थी। वहीं अब ऐसी खबरें आ रही हैं कि इस विवाद के बाद NCPCR अपने दिशा निर्देशों में संशोधन करेगी।
इस बात का खुलासा 'नेशनल कमीशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट' (NCPCR) की चेयरपर्सन स्तुति कैकर ने पीटीआई से किया है। स्तुति कैकर ने कहा - 'रियलिटी शो में बच्चों के आने को लेकर दिशा निर्देश साल 2011 में बनाए गए थे। जबकि साल 2015 में नया जुवेनाइल जस्टिस बिल बनाया गया।'
इसके साथ ही कहा - 'साल 2012 के पॉक्सो के तहत और साल 2016 के चाइल्ड लेबर अमेंडमेंट एक्ट को ध्यान में रखते हुए नए दिशा निर्देश जारी करने पर विचार किया जाएगा।'
आपको बता दें, बॉलीवुड सिंगर पापोन के खिलाफ 'नेशनल कमीशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट' में शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामला एक बच्ची को शो के दौरान जबरदस्ती किस करने का था। टीवी पर दिखाए जाने वाले एक कार्यक्रम में जज के तौर पर बॉलीवुड सिंगर पापोन ने होली की शूटिंग के दौरान एक बच्ची को गलत तरीके से किस किया था जिसके बाद उन पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामला बढ़ने के बाद पापोन ने फेसबुक पोस्ट लिखकर इस पर सफाई दी थी। यहां तक कि बच्ची के माता-पिता ने भी उनका साथ दिया था। हालांकि पापोन ने इस मामले के बाद बतौर जज शो से किनारा कर लिया है।