साल 2021 जाने को है। देसी विदेशी ओटीटी ने साल भर खूब दम लगाया। डाउनलोड बढ़ाने के लिए तरह तरह के टोटके किए। एमएक्स प्लेयर ने एक अरब डाउनलोड का दम ठोंका। तो नेटफ्लिक्स ने भी साल के आखिर तक आते आते अपनी कीमत गिरा ली। प्राइम वीडियो को अपनी ई कॉमर्स सेवाओं का भरोसा है। सोनी लिव पर कहानियां अच्छी आती दिखीं। जी5 का भविष्य अपनी कंपनी के भविष्य के साथ ही जुड़ गया है। वूट सेलेक्ट भी कंपटीशन में है। उसकी अपनी अलग पहचान खास बन नहीं पाई है। डिज्नी प्लस हॉटस्टार की सीरीज ने इस साल बार बार चौंकाया। इन तमाम ओटीटी पर रिलीज होने वाली तमाम वेबसीरीज को देखकर आपके लिए किस सीरीज पर समय खर्च करना सही है और किस पर नहीं, ये मैं साल भर बताता रहा। अब साल के आखिरी पखवाड़े में चलिए आपको फिर बताता हूं उन 10 बेस्ट हिंदी वेब सीरीज के बारे में जिन्हें आप चाहें तो सर्दियों की छुट्टियों में फिर से बिंज वॉच कर सकते हैं।
2021 Best Web Series: गुजरते साल की ये हैं 10 बेस्ट हिंदी वेब सीरीज, चोटी पर रहीं ये तीन दिलचस्प कहानियां
10.
स्पेशल ऑप्स 1.5
ओटीटी: डिज्नी प्लस हॉटस्टार
वेब सीरीज ‘स्पेशल ऑप्स 1.5’ को देखकर एक बात तो समझ आती है और वह ये कि निर्देशक नीरज पांडे उस शख्स पर जरूरत से ज्यादा फिदा हैं जिस पर हिम्मत सिंह का ये किरदार आधारित है। भारतीय राजनीति, इसकी खुफिया एजेंसियों और उनके कार्यकलापों पर नजर रखने वाले इस पूरी सीरीज के कालखंड के हिसाब से उन घटनाओं का अनुमान आसानी से लगा सकते हैं जिन पर ये कहानी आगे बढ़ रही है। विपक्षी दल की महिला मुखिया। उसके बेटे की विदेश के समुद्रतटों पर महिला मित्रों के साथ मस्ती। तड़का अच्छा लगाया है वेब सीरीज ‘स्पेशल ऑप्स 1.5’ के लेखकों ने। लेकिन, इस कहानी में दुश्मन कोई बाहर का नहीं है। हिम्मत सिंह दरअसल अपना घर साफ करने के बाद हिम्मत सिंह बना।
Special Ops 1.5 Review: हिम्मत सिंह की क्षेपक कथा में कमाल बस के के मेनन का, डेढ़ पर अटक गई कहानी
09.
मत्स्यकांड
ओटीटी: एमएक्स प्लेयर
वेब सीरीज ‘मत्स्य कांड’ देखी जा सकती है एक एक एपीसोड करके। बिंज वॉच लायक ये सीरीज तो नहीं बन सकी है लेकिन टीवी पर एंकरिंग और एक्टिंग करते रहे रवि दुबे ने इस सीरीज में दिखाया है कि हुनर भले हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में खेमेबाजी का शिकार होता रहे लेकिन ओटीटी का लोकतंत्र अब आज नहीं तो कल काबिल कलाकारों का दमखम उनके प्रशंसकों तक पहुंचा ही देगा। इस लिहाज से वेब सीरीज ‘मत्स्य कांड’ रवि दुबे की अदाकारी का अब तक का सबसे अच्छा और सबसे बड़ा प्रदर्शन है।
Matsya Kand Review: ठग विद्या की दिलचस्प कहानी में चमके रवि दुबे, रवि किशन का दिखा भोजपुरी अंदाज
08.
आर्या 2
ओटीटी: डिज्नी प्लस हॉटस्टार
‘आर्या’ सिर्फ एक नाम नहीं है। आर्या सरीन एक बिम्ब है समाज की उन महिलाओं का जिन्होंने एक बड़े खानदान की बहू बनने के बाद भी अपनी पहचान को संजोने का जतन किया। कारोबारी घरानों के ग्लैमरस चेहरों के पीछे कितनी बदसूरतें छिपी होती हैं, ये इस कहानी का असली मर्म है। हर रिश्ते का एक क्षेपक है और हर क्षेपक आगे चलकर अपने अलग ही दोहे, सोरठे, छंद और चौपाइयां गढ़ता जाता है। आर्या को उसका भरोसेमंद पुलिस अफसर विदेश से वापस तो ले आया है लेकिन उसकी सारी कोशिशों पर पानी तब फिरता दिखता है जब आर्या अपना अलग ही रास्ता पकड़ने निकल पड़ती है।
Aarya 2 Review: न्यू मिलेनियल्स की ‘मदर इंडिया’ बनी ‘आर्या’, अपनों के ही चक्रव्यूह की चौकस कहानी
07.
कोटा फैक्ट्री 2
ओटीटी: नेटफ्लिक्स
छोटे शहरों और कस्बों में जीवन की धुरी एक अलग ही बिंदु पर टिकी रहती है। ‘ब्रह्मचर्य ही जीवन है, वीर्य नाश ही मृत्यु है’ जैसी इक्का दुक्का किताब ही पिता से पुत्र को मिलने वाली पूरी ‘सेक्स एजूकेशन’ होती है। और, ये दिक्कत मेट्रो शहरों में न हो, ऐसा भी नहीं है। नेटफ्लिक्स पर प्रसारित होने वाली सीरीज ‘सेक्स एजूकेशन’ इसकी सबसे ज्यादा देखी जाने वाली सीरीज में शामिल है और शायद नेटफ्लिक्स की इस बूटी को इसीलिए सौरभ खन्ना और अरुणभ कुमार ने इस बार इंजीनियरिंग की प्रवेश परीक्षा की तैयारी में लगे किशोरों की कहानी ‘कोटा फैक्ट्री’ में भी घोल दिया।
Kota Factory 2 Review: ‘कोटा फैक्ट्री’ पर पड़ी ‘सेक्स एजुकेशन’ की कटिया, जीतू भैया फिर नंबर वन